Web News

www.upwebnews.com

ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी का 25वां समर्पण दिवस धूमधाम से मनाया

April 15, 2026

ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी का 25वां समर्पण दिवस धूमधाम से मनाया

Posted on 15.04.2026 Time 07.12 PM , Baldev Mathura
बलदेव (मथुरा)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के “प्रभु प्रिय धाम” केंद्र पर सहज राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी के समर्पित जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर “25वां समर्पण दिवस” बड़े ही हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं केक काटकर की गई।
इस अवसर पर सीमा दीदी के समर्पण, त्याग, तपस्या और सादगीपूर्ण जीवन की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में इस प्रकार का पूर्ण समर्पित जीवन अत्यंत दुर्लभ है। दीदी ने अपने तन, मन, धन और समय को विश्व कल्याण के लिए समर्पित कर अनेक आत्माओं के जीवन को दिशा दी है। उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार, मातृवत स्नेह और गुरु के समान मार्गदर्शन ने सभी के जीवन को प्रेरित किया है।
अपने अनुभव साझा करते हुए सीमा दीदी ने कहा कि परमात्मा शिव की संगिनी बनकर जो आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में कानपुर से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी डॉ. अल्का दीदी ने समर्पण का महत्व बताते हुए कहा कि सच्चा समर्पण मन, वचन और कर्म से भगवान की श्रीमत पर चलना है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान संस्कार देने वाले माता-पिता धन्य हैं, जिनकी संतान समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही है।
मथुरा से आए बी.के. विनोद भाई ने अपने मधुर भजनों से सभी को प्रभु प्रेम में भाव-विभोर कर दिया। बी.के. रेनू बहन ने तिलक, पटका एवं शब्दों के माध्यम से सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम का कुशल संचालन किया।
इस दौरान रेखा बहन का 11वां अलौकिक जन्मदिवस भी मनाया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सीमा दीदी को शुभकामनाएं, आशीर्वाद एवं उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में आध्यात्मिक नृत्य (रास) एवं अंत में प्रसाद वितरण के साथ जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प भी कराया गया।
इस अवसर पर बी.के. मोहन, लवली, रंजना, विनोद, जगदीश, सतीश, भूपेंद्र, संतोषी, केसर, गुड्डी, ओमवती, निर्मल, पिंकी, सोना, राजकुमारी, कुसुम, कृष्णा, संगीता, सावित्री, चंद्रवती, गीता, कविता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।