सीतापुर(उप्र समाचार सेवा)। थाना संदना गेंधरिया गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 67 वर्षीय वृद्ध ने घर के छप्पर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनकी पत्नी घर के अंदर सो रही थी और उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। जब परिजन जागे तो वृद्ध का शव फंदे से लटकता देख घर में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान मुन्नू सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार वह पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थे। बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले उनके बेटे ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से परिवार सदमे में था।
हैरानी की बात यह रही कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को फंदे से उतारकर आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है।
