अतुल कुमार जिंदल
मथुरा। थाना बलदेव पुलिस ने चोरी की वारदातों में सक्रिय सात सदस्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्विफ्ट कार, इन्वर्टर, बैटरी, तीन मोटरसाइकिलें, विद्युत मोटर, बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन, नकदी तथा एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि थाना बलदेव क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार चोरी होने के बाद मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि यह गैंग बलदेव, राया, जमुनापार और महावन थाना क्षेत्रों सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब 12:30 बजे माइलस्टोन-124 सर्विस रोड पर 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग से ग्राम हथौड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने घेराबंदी कर सज्जू उर्फ सरजू, दीपक, सोनू, दीपक उर्फ गूंगा उर्फ गुड्डू, नरेश, मौसिम और आशीष को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से यूपी-85 सीएम-9288 नंबर की नीले रंग की स्विफ्ट कार, एक्साइड की सोलर ट्यूबुलर बैटरी, सोलर हाइब्रिड यूपीएस इन्वर्टर, तीन मोटरसाइकिलें, एक विद्युत मोटर, बड़ी मात्रा में बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन तथा 3,240 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी दीपक के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिस जांच में बरामद सामान थाना बलदेव में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के विरुद्ध पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट, विद्युत अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि गैंग संगठित तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीर सिंह यादव, उपनिरीक्षक आलोक कुमार मिश्रा एवं थाना बलदेव पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की।
