Posted on 25/05/2026
Time 16:50 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
12 नामजद, मुख्य आरोपी सहित कई हिरासत में
गोरखपुर: 25 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) जिले के हरपुर बुदहट और गीड़ा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित आमी नदी से एक युवक का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र के आदित्य साहनी के रूप में हुई है। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि युवक की हत्या आपसी संबंधों के विवाद में की गई है।
एसपी उत्तरी ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आमी नदी में एक अज्ञात शव पड़ा है, जिसके गले पर गहरे चोट के निशान थे। जांच के दौरान मृतक की पहचान आदित्य साहनी के रूप में हुई, जो कल ही अपने ननिहाल गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आदित्य का किसी महिला से संबंध था, जिसको लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और मुकदमे भी दर्ज किए गए थे।
आरोप है कि इसी पुराने रंजिश और विवाद के चलते आदित्य की हत्या कर दी गई और उसके शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आमी नदी में फेंक दिया गया।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों को नामजद किया है, जिसमें से 4 मुख्य आरोपियों समेत कई अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस फिलहाल सभी से कड़ी पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
एसपी उत्तरी ने जानकारी देते हुए कहा कि
मृतक के परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में 12 नामजद आरोपी हैं, जिनमें से 4 को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

