Web News

www.upwebnews.com

पूर्व प्रधान ने सीडीओ पर लगाए गंभीर आरोप, सीडीओ बोले आरोप पूरी तरह निराधार

July 26, 2026

पूर्व प्रधान ने सीडीओ पर लगाए गंभीर आरोप, सीडीओ बोले आरोप पूरी तरह निराधार

 

रिश्वत मांगने, झूठा मुकदमा दर्ज कराने और उत्पीड़न का आरोप; सीडीओ ने कहा जांच के बाद हुई कार्रवाई, न्यायालय से भी राहत नहीं मिली

फोटो –पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री प्रेस से वार्ता करते हुए

हाथरस। हसायन ब्लॉक की ग्राम पंचायत हैथा रघुनाथपुर के पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री ने प्रेस वार्ता में  मुख्य विकास अधिकारी  पी.एन. दीक्षित पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। वहीं, सीडीओ ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है।पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री का आरोप है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के दौरान शिकायत होने के बाद उन्हें सीडीओ कार्यालय बुलाया गया, जहां उनसे कथित रूप से एक लाख रुपये की मांग की गई।एक लाख रुपए की डिमांड की उन्होंने  मना कर दिया, तो कहने लगे मेरी बीबी जालौन  जिला की बीजेपी की अध्यक्ष है, और सीएम तक पहुच है,  पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री का   कहना है कि मांग पूरी न करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उनकी प्रधान की शक्तियां समाप्त कर दी गईं और बाद में उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया।अशोक अग्निहोत्री का कहना है कि, ग्राम पंचायत का कंप्यूटर खराब होने की जानकारी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर दी थी तथा उसे सर्विस सेंटर पर मरम्मत के लिए भेजा गया था। इसके बावजूद उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। उनका आरोप है कि उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारियों को शिकायतें और दस्तावेज उपलब्ध कराए, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद समयबद्ध निर्णय नहीं लिया गया और उन्हें बाद में गिरफ्तार भी कराया गया।पूर्व प्रधान ने यह भी कहा कि उन्होंने पूर्व में हाथरस जंक्शन पर ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन के विकास, तालाब चौराहा ओवरब्रिज, गांव में ओवरहेड पानी की टंकी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सहित कई जनहित के कार्य कराए हैं। उनका आरोप है कि उनकी सार्वजनिक छवि खराब करने के उद्देश्य से उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया।अब यह मामला दोनों पक्षों के परस्पर विरोधी दावों के बीच है। मामले की अंतिम स्थिति संबंधित न्यायालय एवं सक्षम प्राधिकारियों की जांच और निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।

सीडीओ ने आरोपों को बताया निराधार

इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधान के कार्यकाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा शिकायतें की गई थीं, जिनकी जांच कराई गई। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधान न्यायालय भी गए थे, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली।