मैनपुरी। थाना एलाऊ पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के 32 मोबाइल फोन, करीब 6.50 लाख रुपये कीमत, एक अर्टिगा कार और दो अवैध तमंचों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बरामद मोबाइलों को महाकाल मंदिर, उज्जैन मध्य प्रदेश से चोरी करना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ फिरोजाबाद, मथुरा समेत विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अरुण कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना एलाऊ प्रभारी अवनीश कुमार त्यागी स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के साथ अपराधियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान 11 अगस्त 2026 की रात करीब 9:55 बजे गदाईपुर चौराहा, कुसमरा-मैनपुरी रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर अर्टिगा कार संख्या HR55-AN-2734 को रोककर उसमें सवार चार संदिग्धों को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 32 चोरी के मोबाइल फोन, दो तमंचे—एक 12 बोर और एक 315 बोर—तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद मोबाइलों में एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, रेडमी, मोटोरोला, वीवो, रियलमी, वनप्लस और इनफिनिक्स कंपनी के फोन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ छोटू पुत्र विनोद कुमार शर्मा निवासी टापा पेंठ, जलेसर रोड, थाना उत्तर फिरोजाबाद, उमेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी श्रीपाल कॉलोनी, रैपुरा रोड, थाना रामगढ़ फिरोजाबाद, विष्णु पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम दिनावली, थाना अवागढ़ एटा तथा सतेन्द्र पुत्र गोविन्द सिंह निवासी ग्राम इटौरा, थाना मटसेना फिरोजाबाद के रूप में हुई है। श्री अरुण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अनुज उर्फ छोटू के खिलाफ थाना उत्तर फिरोजाबाद, नारखी और रामगढ़ में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उमेश के खिलाफ थाना साउथ, उत्तर, रामगढ़ और शिकोहाबाद फिरोजाबाद में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विष्णु के खिलाफ मथुरा और फिरोजाबाद जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध शराब और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इस कार्रवाई के संबंध में थाना एलाऊ पर मु0अ0सं0 282/2026, धारा 35(1)/106 बीएनएसएस, 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद मोबाइलों के संबंध में अन्य घटनाओं और संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना एलाऊ प्रभारी अवनीश त्यागी, एसओजी स्वाट प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह, प्रभारी सर्विलांस निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक दुर्योधन सिंह सहित स्वाट, सर्विलांस और थाना एलाऊ के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मोबाइलों की बरामदगी के साथ-साथ अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों पर भी शिकंजा कसा गया है।
