नई दिल्ली, दिल्ली सरकार ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को स्वीकृति दे दी है। इस योजना का लक्ष्य महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। दिल्ली सचिवालय में कल मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कल यह निर्णय लिया गया।
योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। इस योजना के लिए 2026-27 के बजट में पांच हजार एक सौ दस करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना में पंजीकरण के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल एक अगस्त से खुल जाएगा। उन्होंने कहा कि 21 वर्ष से 60 वर्ष तक की उम्र की वे महिलाएं इस योजना का लाभ उठाने की पात्र होंगी जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय दो लाख 50 हजार रुपये तक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लक्ष्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं है बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, बचत और समाज में बड़े स्तर पर साझेदारी को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा और उन्हें आत्मनिर्भर तथा सशक्त बनाने में सहायता मिलेगी।
