गोवर्धन। थाना गोवर्धन में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) डॉ. अमरेश कुमार ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों की ओर से कुल नौ शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए।
सुनवाई के दौरान एक मामले में पूर्व में राजस्व एवं पुलिस प्रशासन द्वारा विधिक प्रक्रिया के तहत कब्जा दिलाए जाने के बावजूद दोबारा सीमांकन तोड़कर अतिक्रमण करने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। वहीं, दोनों पक्षों से वार्ता कर तीन अन्य मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गईं। अधिकारियों ने संबंधित टीमों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

