हाथरस। सरस्वती महाविद्यालय में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं एनसीसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम और अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।इसी क्रम में महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वास्थ्य एवं समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में डॉ. अतीत श्रीवास्तव, डॉ. स्वतेन्द्र सिंह, एनएसएस अधिकारी डॉ. राजकुमार, डॉ. फौजिया सिद्दीकी, एनसीसी अधिकारी डॉ. गोपेश सिंह, डॉ. देवप्रकाश, डॉ. राकेश बाबू एवं डॉ. आलोक कुमार मौजूद रहे। माय भारत हाथरस की ओर से डॉली अग्रवाल, अंबे रावत एवं आजाद ने भी सहभागिता की।विद्यार्थियों में दीक्षा वार्ष्णेय, निधि, ज्योति, दिव्या, गौरव, सुमित, पूजा, अमन, प्रियंका, रोहित, प्रिया सहित अन्य विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
