Posted on 25/05/2026
Time 11:30 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
सिक्किम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान
गोरखपुर: 25 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा) दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के जूलॉजी विभाग ने एक बार फिर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान दर्ज कराई है। विभाग के पीएचडी शोधार्थी शिवम कुमार यादव को सिक्किम में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिष्ठित ‘यंग जूलॉजिस्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। शिवम की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय और गोरखपुर का नाम रोशन हुआ है।
सिक्किम अल्पाइन यूनिवर्सिटी, नामची में ‘नेचर एंड नेचुरल साइंसेज’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रख्यात वैज्ञानिकों और शिक्षाविदों का जमावड़ा लगा था। इस प्रतिष्ठित मंच पर शिवम कुमार यादव ने जलीय प्रदूषण और घोंघों (मोलस्क) के व्यवहार पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनके इस शोध कार्य की विशेषज्ञों ने काफी सराहना की, जिसके चलते उन्हें ‘यंग जूलॉजिस्ट अवॉर्ड’ से नवाजा गया।
शिवम वर्तमान में डीडीयू के जूलॉजी विभाग में प्रोफेसर विनय कुमार सिंह की देखरेख में अपनी पीएचडी पूरी कर रहे हैं। उनका शोध मुख्य रूप से जलीय जीवों की सुरक्षा और प्लास्टिक प्रदूषण से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम करने की दिशा में केंद्रित है। शिवम की यह उपलब्धि उनके समर्पण और कड़ी मेहनत का परिणाम है। इससे पहले भी उन्हें ‘यंग रिसर्चर अवॉर्ड’ जैसे कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं।
शिवम की इस बड़ी कामयाबी पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने गहरा हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह डीडीयू के लिए गौरव का क्षण है। शिवम की सफलता न केवल उनके अनुशासन और कठिन परिश्रम को दर्शाती है, बल्कि यह हमारे विश्वविद्यालय के अन्य शोधार्थियों और छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

