Web News

www.upwebnews.com

ट्रैक्टर पलटने से किशोर चालक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

June 13, 2026

ट्रैक्टर पलटने से किशोर चालक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

तिकुनियां खीरी
क्षेत्र की ग्राम पंचायत इंद्रनगर में ट्रैक्टर पलटने से एक किशोर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इंद्रनगर निवासी हरप्रीत सिंह (15 वर्ष) ट्रैक्टर चला रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर नेपाल की ओर से खखरौला एसएसबी कैंप के पीछे स्थित बांध मार्ग से आ रहा था। इसी दौरान चालक का ट्रैक्टर से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में हरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर सोनालिका कंपनी का प्रतीत हो रहा है तथा उसके संबंध में कुछ तथ्य संदिग्ध पाए गए हैं। ट्रैक्टर के नेपाल से आने की बात भी सामने आई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।