UP News Posted on 26.06.2026 Time 06 27 PM, Friday by VIKAS GUPTA PRATAPGARH UP
प्रतापगढ़, 26 जून 2026, (उप्र समाचार सेवा) जिले में कुंडा थाना क्षेत्र के जमेठी गांव में चोरी के इरादे से घर में घुसे अज्ञात चोरों ने एक बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। विरोध करने पर चोरों ने उन्हें डंडों से पीटा, जिससे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना देर रात की है, जब जमेठी गांव निवासी राम लखन जायसवाल अपनी पत्नी के साथ घर में सो रहे थे। अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और चोरी का प्रयास करने लगे। आहट सुनकर दंपति की नींद खुल गई और उन्होंने चोरों का विरोध किया। इसके बाद चोरों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल दंपति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि यह दंपति घर में अकेले रहते हैं, जबकि उनके बच्चे मुंबई में नौकरी करते हैं।पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे। दंपति द्वारा विरोध करने पर उन्होंने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
