एटा में 4 माह की गर्भवती गाय की गोकशी का आरोप, घर से मिले कटे अवशेष, 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज
एटा 20 जुलाई उप्रससे। जनपद में मिरहची थाना क्षेत्र के गांव अचलपुर में एक गर्भवती गाय की गोकशी का मामला सामने आया है। खेत में घास चर रही गाय अचानक गायब हो गई थी। गोपालक को शक होने पर पुलिस की मदद से तलाशी ली गई, जिसके बाद एक घर से गाय के कटे हुए अवशेष बरामद हुए।
गाय के अवशेष मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। इस दौरान एक आरोपी ने छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस की मदद से पकड़ लिया गया। गोपालक ने आरोपियों के खिलाफ मिरहची कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
गोपालक विकेश यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार देर शाम उनकी चार माह की गर्भवती गाय खेत में घास चर रही थी और अचानक गायब हो गई। आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। शक होने पर उन्होंने मोहल्ले के शरीफ पुत्र सैफ़ी, तौसीन पुत्र चमन मियां और चांद मियां पुत्र चमन मियां से पूछताछ की।
विकेश यादव ने इन लोगों के घर जाकर देखा तो प्लास्टिक के क्रेट में गाय के अवशेष रखे मिले। कुछ अवशेष मुशीर के घर के पास भी पड़े थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी तौसीन ने घर की छत से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने विकेश यादव की लिखित शिकायत के आधार पर सोहिल पुत्र शरीफ, तौसीन पुत्र चमन मियां, चांद मियां पुत्र चमन मियां, जहीर, मुशीर, परवेज और लियाकत सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गौ वध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है।
