Web News

www.upwebnews.com

गोरखपुर में चाइनीज मांझे से किसान का गला कटा, 7 टांके लगे

August 18, 2026

गोरखपुर में चाइनीज मांझे से किसान का गला कटा, 7 टांके लगे

Posted on 18/08/2026
Time 08:45 A.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) : प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो रहे हैं। ताजा मामला गीडा थाना क्षेत्र के नौसड़ का है, जहां बाइक से सब्जी लेने जा रहे 55 वर्षीय किसान की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आकर कट गई। हादसे में उनकी गर्दन से तेज रक्तस्राव होने लगा। उपचार के दौरान डॉक्टर ने कटे स्थान पर 7 टांके लगाए।

नौसड़ निवासी किसान रामप्रताप निषाद (55) सोमवार शाम करीब 6:30 बजे बाइक से हरैया बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। मांझे की धार से उनकी गर्दन कट गई और वह बाइक से गिर पड़े।

रामप्रताप के मुताबिक, हादसे के बाद गर्दन से तेजी से खून निकलने लगा। उन्होंने तत्काल अपनी टीशर्ट उतारकर गर्दन पर बांधी और रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया। इसके बाद किसी तरह चौराहे पर स्थित डॉक्टर के पास पहुंचे। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद कटे स्थान पर 7 टांके लगाए।

घटना के बाद इलाके के लोगों में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और #पुलिस से इसकी #बिक्री व इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

चाइनीज मांझे की वजह से लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए अब लोगों ने प्रशासन से कड़े और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस खतरनाक मांझे से होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके।