शाहजहाँपुर। ( संजीव गुप्त )। मेरा युवा भारत, शाहजहाँपुर के तत्वावधान में गन्ना किसान संस्थान, शाहजहाँपुर में दिनांक 02 से 07 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों (NYV) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में जनपद शाहजहाँपुर एवं फर्रुखाबाद के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिवस की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों को योग एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसके उपरांत जिला चिकित्सालय से आए नर्सिंग एवं चिकित्सा कर्मियों द्वारा दवाइयों के उचित उपयोग, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं आवश्यक चिकित्सा जानकारी पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।
प्रशिक्षक श्री सुरेश आर्य द्वारा केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा स्वयंसेवकों को इन योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया गया।
उप निदेशक, मेरा युवा भारत, शाहजहाँपुर श्री महे आलम द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से मेरा युवा भारत की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की पहुँच बढ़ाने तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, लेखाकार सुश्री सोनम सचान द्वारा कक्षा में जागरूकता, प्रभावी संवाद, व्यक्तिगत विकास एवं समग्र व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षक श्री सुरेश आर्य द्वारा स्वयंसेवकों के बीच आपसी समन्वय, सहभागिता एवं टीम भावना विकसित करने के उद्देश्य से रोचक एवं मनोरंजक गतिविधियाँ भी आयोजित कराई गईं।
दिनभर के प्रशिक्षण सत्रों एवं गतिविधियों के उपरांत रात्रि में स्वयंसेवकों द्वारा दीप प्रज्वलित किए गए तथा दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आपसी सौहार्द, उत्साह एवं उल्लास के वातावरण में दीपावली स्नेह मिलन के साथ प्रशिक्षण के तीसरे दिवस का समापन हुआ।
प्रशिक्षण के माध्यम से स्वयंसेवकों के ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और संगठनात्मक भावना को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
