Web News

www.upwebnews.com

किसी भी दशा में पेड़ को क्षति नहीं पहुँचाएं: योगी आदित्यनाथ

June 5, 2026

किसी भी दशा में पेड़ को क्षति नहीं पहुँचाएं: योगी आदित्यनाथ

  • महत्वपूर्ण आयोजनों के अवसर पर खाली स्थान पर एक पेड़ अवश्य लगाएं
  • उ0प्र0 में विगत 09 वर्षो में 242 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया गया
  • मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया
लखनऊ : 05 जून, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां कुकरैल रेन्ज में विश्व पर्यायवरण दिवस-2026 के अवसर पर पौधरोपण कर एक दिन में 05 करोड़ पौधरोपण हेतु ‘एक पेड माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने महर्षि चरक औषधि वन की स्थापना की तथा बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।

मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक धरती माता के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक पालन करेगा, तो पर्यावरण का संरक्षण कर धरती माता को सुरक्षित रखा जा सकता है। आज पूरा विश्व पर्यावरण की गम्भीर चिन्ता से ग्रसित है। पर्यावरण की चुनौती केवल प्रकृति की चुनौती नहीं, बल्कि जीव सृष्टि की चुनौती है। इसके दुष्प्रभाव मौसम चक्र में परिवर्तन, अतिवृष्टि और अनावृष्टि के रूप में दिखाई दे रहे हैं। यह मानव निर्मित आपदा है। इस समस्या का समाधान मनुष्यों को ही निकालना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण को क्षति पहुँचाने वाले कारकों से दूरी बनाए और पर्यावरण की रक्षा करने के लिए हर सम्भव प्रयास करें। पर्यावरण की रक्षा के लिए हमें प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाना होगा। इसके लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी अंकुश लगाएं। सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान से बचें। इसी प्रकार वेस्ट प्लास्टिक को सार्वजनिक स्थानों, जल स्रोतों, वाटिका, जंगल तथा उपवन में न फेंके। जल संरक्षण हेतु बरसात के पानी की एक-एक बूंद को संरक्षित करने का प्रयास होना चाहिए। इसके अतिरिक्त, महत्वपूर्ण आयोजनों के अवसर पर खाली स्थान पर एक पेड़ अवश्य लगाएं। किसी भी दशा में पेड़ को क्षति नहीं पहुँचाएं।
प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत माँ और मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए प्रत्येक पर्व पर एक पेड़ लगाने का आह्वान किया है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए माँ सबसे प्यारी होती है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व बनता है कि वह अभियान से जुड़कर एक पेड़ माँ के नाम लगाए और महाअभियान को आगे बढ़ाए।
उत्तर प्रदेश में विगत 09 वर्षो में 242 करोड़ से अधिक वृक्षारोपण किया गया। इसी श्रृंखला में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अन्तर्गत आज उत्तर प्रदेश में वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारम्भ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जी ने स्कूली छात्र-छात्राओं को इस अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने, प्लास्टिक मुक्त प्रदेश के लिए सजग रहने, दूसरों को जागरूक करने, जल संरक्षण अभियान का हिस्सा बनने और बड़े पैमाने पर कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस महाअभियान से जुड़कर प्रत्येक प्रदेशवासी कम से कम एक पेड़ माँ के नाम जरूर लगाएँ। सिटी फॉरेस्ट, नगर वन का विकास करें। वन विभाग ने 50 करोड़ से अधिक पौधों की नर्सरी तैयार की है। आज भी 05 करोड़ से अधिक पौधरोपण के लक्ष्य के साथ हम कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं।
इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अरुण कुमार सक्सेना तथा वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री के0पी0 मलिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।