Web News

www.upwebnews.com

कभी अपराध, भय और असुरक्षा के कारण बदनाम था मैनपुरी, आज यूपी देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन-मुख्यमंत्री

July 26, 2026

कभी अपराध, भय और असुरक्षा के कारण बदनाम था मैनपुरी, आज यूपी देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन-मुख्यमंत्री

मैनपुरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी स्टेडियम में उपस्थित जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब मैनपुरी की पहचान अपराध और भय के कारण प्रभावित थी, यहां के युवाओं को प्रदेश से बाहर सम्मान नहीं मिलता था लेकिन आज उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर के साथ मैनपुरी के युवाओं, किसानों और व्यापारियों को पूरे देश में सम्मान मिल रहा है, यह परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं डबल इंजन सरकार की विकासपरक नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में नौकरी योग्यता से नहीं बल्कि सिफारिश और भ्रष्टाचार के आधार पर मिलती थी, आज पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से लाखों युवाओं को बिना भेद-भाव सरकारी योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, निवेश बढ़ा है और उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होने कहा कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ बिना किसी जाति, वर्ग या धर्म के भेदभाव के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है, किसानों के लिए फसल ऋण माफी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुफ्त सिंचाई सुविधा और अन्य योजनाओं का लाभ समान रूप से उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, प्रदेश को माफिया मुक्त बनाया गया है, अब बेटियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है, पहले दंगे, भय और असुरक्षा का वातावरण था, आज प्रदेश में शांतिपूर्ण वातावरण में सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन पूरे उत्साह से संपन्न हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री उ.प्र. शासन ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने मैनपुरी की पहचान को पूरी तरह बदल दिया है, कभी अपराध, भय और असुरक्षा के कारण बदनाम रहा जनपद आज विकास, सुशासन, सांस्कृतिक विरासत, निवेश, रोजगार और सम्मान की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होने भारत की पौराणिक एवं ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध मैनपुरी की धरती को नमन करते हुए कहा कि महर्षि मयन और महर्षि च्यवन की तपोभूमि तथा प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली इस पवित्र भूमि पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होने कहा कि आज का मैनपुरी अपनी पौराणिक और ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ विकास की नई यात्रा के लिए जाना जा रहा है, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब मैनपुरी का नाम सुनकर लोग घबरा जाते थे, यहां के युवाओं को प्रदेश के बाहर होटल और धर्मशालाओं में ठहरने में कठिनाई होती थी, किराये पर मकान देने में भी लोगों को संकोच होता था। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी प्राकृतिक कारण से नहीं बल्कि पूर्ववर्ती सरकारों की गलत नीतियों और अपराधियों को संरक्षण देने का परिणाम थी, पूर्ववर्ती सरकारों ने केवल मैनपुरी ही नहीं बल्कि पूरे उ.प्र. की पहचान पर प्रश्नचिह्न लगा दिया था, युवाओं की नौकरियां छीनी गईं, किसानों की खुशहाली प्रभावित हुई, व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना और बेटियों की सुरक्षा संकट में पड़ गई, उ.प्र. को बीमारू राज्य की श्रेणी में पहुंचा दिया गया जबकि यह देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ प्रकृति और परमात्मा की विशेष कृपा प्राप्त प्रदेश है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री द्वारा किसानों को सिंचाई के लिए अधिक बिजली उपलब्ध कराने की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को दिन में सिंचाई 10 घंटे निर्वाध बिजली उपलब्ध कराएगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मैनपुरी केवल एक जिला नहीं बल्कि गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक परंपराओं की धरती है, यह महान स्वतंत्रता सेनानी महाराजा तेज सिंह की पावन कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, मैनपुरी सहित पूरे प्रदेश में अपराधियों का आतंक था, व्यापारी भय के वातावरण में व्यापार करने को मजबूर थे, बहन-बेटियों की सुरक्षा चिंता का विषय थी, आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस करता था और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं था। विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज जनपदवासियों के लिए सौभाग्य की बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पधार रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, 80 करोड़ से अधिक गरीबों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति, विधायक भोगांव राम नरेश अग्निहोत्री, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों ने मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तारकशी से बनी प्रतिमा, एक जनपद-एक व्यंजन में चयनित सोहनपापड़ी एवं आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपद की पहचान का प्रतीक सारस की प्रतिमा भेंट कर अभिवादन किया। पैक्सफेड के अध्यक्ष प्रेमसिंह शाक्य, लोक दल के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, अनुजेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, जिला प्रभारी अनिल चौधरी, प्रान्तीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष ममता राजपूत आदि ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार होमगाडर्स एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति, अनुजेश प्रताप सिंह यादव, जिला प्रभारी अनिल चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना गोविंद भदौरिया, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संगीता गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, अरविंद तोमर, शिवदत्त भदौरिया, प्रदीप सिंह चौहान, राहुल चतुर्वेदी, राघवेंद्र दुबे, गोविन्द भदौरिया, गौरव पाल, कप्तान सिंह निषाद, सुभाष कश्यप, उदय चौहान, भूपेन्द्र यादव, अन्य पार्टी पदाधिकारियों के अलावा आयुक्त आगरा मंडल आगरा नगेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनन्द, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा सहित अन्य अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, अध्यक्ष नगर निकाय आदि उपस्थित रहे।