Posted on 27.05.2026 Time 08.11 PM
मैनपुरी। थाना करहल एवं थाना औंछा के 66 अभियोगों का कुल मात्रा 1545 kg मादक पदार्थ गांजा, चरस, स्मैक आदि का विनिष्टीकरण ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट प्रा0लि0 ज्योति रोड गड़ेरी पर ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा किया गया।
जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा संदेश दिया है। बुधवार को ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत करहल एवं थाना औंछाना में एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त भारी मात्रा में नशीले पदार्थों को विधिवत नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई में करीब एक करोड़ रुपये कीमत का 1545 किलोग्राम मादक पदार्थ भस्म कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक मैनपुरी गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान गांजा, चरस, डायजापाम सहित अन्य नशीले पदार्थों को ग्रीन हाउस वेस्ट मैनेजमेंट प्रा. लि. की भस्मक भट्टी में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। यह पूरी प्रक्रिया जनपदीय डीडीसी कमेटी की अनुमति और उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। पुलिस द्वारा बताया गया कि एनडीपीएस एक्ट से जुड़े अभियोगों में जब्त किए गए इस माल को दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर मौके पर प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद अधिकारियों की निगरानी में विनष्टीकरण कराया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी और थाना प्रभारी करहल थाना औंछा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई न सिर्फ अपराधियों के मनोबल को तोड़ती है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ सख्त संदेश भी देती है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
