Web News

www.upwebnews.com

एटा में संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला शामियाना कर्मचारी का शव

April 22, 2026

एटा में संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला शामियाना कर्मचारी का शव

एटा 22 अप्रैल उप्रससे। शहर की कोतवाली नगर क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित अतिथि निवास के सामने नाले में 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक इंद्रजीत पुत्र गुमानी निवासी जिरसमी कोतवाली देहात का शव नाले में पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तत्काल कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए जहां उन्होंने नाले से शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंद्रजीत शामियाना टेंट कारीगरी का काम करता था और दो दिन पहले ही काम पर जाने के लिए घर से निकला था।

मृतक के भाई राहुल ने बताया कि कल शाम टेंट मालिक का फोन आया था कि इंद्रजीत की तबीयत खराब है। रात होने के कारण परिजन मौके पर नहीं जा पाए थे। सुबह गांव के लड़कों ने काम पर जाते समय शव मिलने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे।

थाना प्रभारी कोतवाली नगर प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।