एटा 09 सितंबर उप्रससे। जनपद में निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव बादामपुर में शटरिंग का काम करते समय मजदूर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद उसे एटा जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
गांव धोलेश्वर के रहने वाले संतोष शटरिंग का काम करते हैं। बुधवार को वे गांव बादामपुर में शटरिंग का काम करने गए थे। काम के दौरान अचानक संतोष करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से संतोष गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से संतोष को एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलने के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं।
