Web News

www.upwebnews.com

एटा में युवतियों ने पुलिसकर्मियों पर पीछा करने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए सड़क पर किया बवाल

May 22, 2026

एटा में युवतियों ने पुलिसकर्मियों पर पीछा करने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए सड़क पर किया बवाल

एटा 22 मई उप्रससे। कोतवाली नगर क्षेत्र में युवतियों ने पुलिसकर्मियों पर पीछा करने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। सड़क पर हंगामे के बाद मामले ने तूल पकड़ लिय।

शहर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्कूटी से घर लौट रही दो युवतियों ने कार सवार पुलिसकर्मियों पर पीछा करने, टक्कर मारने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए जीटी रोड पर हंगामा कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के मुताबिक दोनों युवतियां रोडवेज बस स्टैंड से स्कूटी द्वारा अपने घर जा रही थीं। तभी पीछे से आ रही एक कार लगातार हॉर्न बजाते हुए उनका पीछा कर रही थी। युवतियों ने रास्ता खाली होने पर आगे निकल जाने की बात कही, लेकिन कार सवार युवक लगातार उनके पीछे चलते रहे। आरोप है कि वी-मार्ट के पास कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
युवतियों का आरोप है कि कार सवार लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए उन्हें धमकाया और अभद्रता की। इसी दौरान एक युवती ने कथित तौर पर एक अधेड़ व्यक्ति का पुलिस पहचान पत्र छीन लिया। पहचान पत्र में नाम धर्मेन्द्र सिंह बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर काफी देर तक बहस और हंगामा चलता रहा। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई।

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोगों में सब इंस्पेक्टर राहुल वालियान और हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह शामिल थे, जो एटा में ही तैनात हैं। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहीं पीड़िता द्वारा शराब पीकर ड्राइविंग करने व छेड़छाड़ कर अभद्रता करने वाले पुलिस कर्मियों को सस्पेंड करने और गाड़ी सीज करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर प्रेमपाल सिंह ने घटना की जांच कर कार्रवाई किये जाने की बात कही है।

वर्जन
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने कहा कि फिलहाल पीड़ित पक्ष द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।