Web News

www.upwebnews.com

एटा में बेटे ने 75 वर्षीय विधवा मां-नाती को पीटकर घर से निकाला, मां ने एसएसपी से की शिकायत

August 11, 2026

एटा में बेटे ने 75 वर्षीय विधवा मां-नाती को पीटकर घर से निकाला, मां ने एसएसपी से की शिकायत

एटा 11 अगस्त उप्रससे। जनपद में निधौली कला थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव की 75 वर्षीय एक विधवा महिला अपने नाती के साथ आज मंगलवार दोपहर 12 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। महिला ने अपने बेटे पर मारपीट और उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता प्रेमवती पत्नी स्वर्गीय तेज सिंह निवासी गांव कासिमपुर ने बताया कि उनका बेटा विनोद कुमार उद्दंड स्वभाव का है और अक्सर शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता है। विनोद कुमार की पहली पत्नी का निधन हो चुका है और उसका एक बेटा प्रवीन (लगभग 21 वर्ष) है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है विनोद कुमार ने करीब तीन साल पहले उन्हें और उनके नाती प्रवीन को घर से निकाल दिया था। इसके बाद वे दोनों गांव के बाहर एक घेर में टीन डालकर रहने लगे। अब विनोद कुमार भी अपनी दूसरी पत्नी और बच्चों के साथ उसी घेर में आकर रहने लगा है।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि विनोद कुमार और उसकी दूसरी पत्नी आए दिन उन्हें और नाती प्रवीन को परेशान करते हैं। हाल ही में, प्रवीन ने बारिश से बचाव के लिए ईंटें और मिट्टी मंगवाई थीं, लेकिन विनोद कुमार और उसकी पत्नी उन्हें चिनाई नहीं करने दे रहे थे। इसी बात को लेकर 10 अगस्त को विनोद कुमार ने प्रेमवती और प्रवीन के साथ मारपीट की। आरोप है कि विनोद कुमार ने प्रेमवती को जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर नाती प्रवीन और पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रेमवती को विनोद कुमार के चंगुल से छुड़ाया।

इस मारपीट में प्रेमवती के चेहरे, हाथों और पीठ पर चोटें आई हैं। महिला ने यह भी बताया कि विनोद कुमार अब उन्हें और प्रवीन को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।