Posted on 03.05.2026 Time 08.58 PM Sunday, Etah News
एटा 03 मई 2026, (उप्रससे)। जनपद के नगला गोकुल गांव में रविवार को अचानक एक प्लॉट की 16 फुट ऊंची दीवार और टीन शेड गिर गया। इस हादसे में भैंस खोलने गईं मां-बेटी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दो भैंसों को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य कर मां-बेटी को बाहर निकाला।
नगला गोकुल निवासी विनीता (36) और उनकी 14 वर्षीय बेटी वर्षा रविवार को घर के पास स्थित प्लॉट पर बंधी भैंसों को खोलने गई थीं। इसी दौरान दीवार और टीन शेड गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ छड की मशक्कत के बाद मां-बेटी को मलबे से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बताया कि विनीता के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, साथ ही उनके हाथ और सिर में भी चोटें आई हैं। बेटी वर्षा के सीधे पैर में फ्रैक्चर है। दोनों की हालत चिकित्सकों की निगरानी में स्थिर बनी हुई है। हादसे में घायल हुई दोनों भैंसों का भी परिजनों द्वारा उपचार कराया जा रहा है।
