
एटा 22 मई उप्रससे। जनपद में जलेसर कोतवाली क्षेत्र के गांव क्यार के बाहर एक ट्यूबवेल के कमरे में 26 वर्षीय युवक दिनेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह और जलेसर थाना प्रभारी संजय राघव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमों को भी बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। फिलहाल युवक की मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और यह रहस्य बना हुआ है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
मृतक के भाई ने बताया कि दिनेश खेत पर पानी भरने गया था और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया है।
क्षेत्राधिकारी जलेसर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
