एटा 22 अप्रैल उप्रससे। जनपद में पिलुआ थाना क्षेत्र के दरिगपुर गांव में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर एक नाबालिग किशोर का बाल विवाह रुकवाया गया है।
किशोर को फिलहाल चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में रखा गया है। उसे जल्द ही बाल संरक्षण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद किशोर को उसके परिजनों को सौंपा जाएगा, लेकिन परिजनों को किशोर के वयस्क होने तक विवाह न कराने के लिए पाबंद किया जाएगा।
दरअसल, चाइल्ड हेल्पलाइन को नाबालिग किशोर की शादी करवाए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाया और किशोर का रेस्क्यू किया।
केस वर्कर सूर्यप्रताप ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रुकवाया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 टीम प्रभारी ज्योति शर्मा, परामर्शदाता सपना तोमर और केस वर्कर सूर्यप्रताप सिंह शामिल थे। थाना एचटी के उप निरीक्षक दलवीर सिंह और आरक्षी सतीश के साथ संबंधित पिलुआ पुलिस ने भी बच्चे के रेस्क्यू में मदद की।

