Posted on 12.07.2026 Time 07.45 PM, Etah UP News
एटा 12 जुलाई उप्रससे। जनपद में जलेसर के मकसूदपुर गांव में धान के खेत में करीब 9 फीट लंबे और डेढ़ क्विंटल वजनी मगरमच्छ के मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर ग्रामीण, पुलिस और वन विभाग सक्रिय हुए। शनिवार देर रात चले रेस्क्यू अभियान के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर रविवार सुबह वन विभाग के हवाले कर दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास स्थित एक बम्बा (नहर) से पानी के साथ मगरमच्छ खेतों में पहुंच गया। खेत में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई देने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शनिवार देर रात लगभग 12 बजे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रस्सियों की मदद से काबू किया और सुरक्षित पिंजरे में बंद कर दिया। मगरमच्छ पूरी रात पिंजरे में ही रखा। आज रविवार को सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
क्षेत्रीय वनाधिकारी गिरजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
वहीं जलेसर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया।
