एटा 10 मई उप्रससे। जनपद में पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव उमरावपुर में रविवार को खेत की मेड़ को लेकर विवाद हो गया जिसमें में एक युवक को गोली मार दी।
घायल 30 वर्षीय पवन कुमार पुत्र चंद्रपाल सिंह को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष ने गांव के ही दो सगे भाइयों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।
घायल के भाई शेरू ने बताया कि पवन खेत की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर फायर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव उमरावपुर में खेत की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। घायल पवन कुमार पुत्र चंद्रपाल सिंह रविवार को सुबह अकेले खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो सगे भाइयों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने पहले पवन के साथ गाली-गलौज की और फिर बंदूक से फायर कर दिया। गोली पवन के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल पवन को तुरंत निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। रविवार सुबह करीब 11 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड़ और जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घायल के भाई शेरू ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पवन पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पिलुआ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर संकल्प दीप ने बताया कि खेत की मेड़ को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें पवन नामक युवक को गोली लगी है। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
