, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
एटा 20 मई उप्रससे। जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर एक व्यक्ति अपनी कृषि भूमि से अवैध कब्जा हटाए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गया है। पीड़ित का आरोप है कि प्रशासन ने उसकी पूर्व की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की है।
फिरोजाबाद जिले के जोधपुर गांव निवासी उमेश कुमार (38 वर्ष) पुत्र भूरे सिंह ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा और जबरन फसल काटने का आरोप लगाया है। यह भूमि एटा जिले की मुजफ्फरपुर हिरौती, परगना एटा सकीट, तहसील एवं जिला एटा में स्थित है। उमेश कुमार ने कहा है कि वह इस भूमि का असली स्वामी है और राजस्व अभिलेखों के आधार पर भूमि का समतलीकरण भी कराया और अपने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। कुछ लोगों ने खेत में घुसकर जबरन गेहूं की फसल काट ली।
इस मामले में प्रवीन पुत्र लज्जाराम, पिंकी पत्नी प्रवीन, हरदेवी पत्नी लज्जाराम (निवासी शीतलपुर, थाना कोतवाली नगर एटा) तथा सचिन पुत्र रायसिंह और संदेश पुत्र रायसिंह (निवासी शाह आलमपुर) पर खेत पर कब्जा करने और फसल काटने का आरोप लगाया गया है।
उमेश कुमार का आरोप है कि उसने इस संबंध में जिलाधिकारी एटा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार एटा, क्षेत्राधिकारी सकीट और थाना मलावन प्रभारी सहित कई संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। विपक्षी लोग खेत को जबरन जोत रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि यदि जमीन उनके नाम नहीं की गई तो वे खेत नहीं छोड़ेंगे।
पीड़ित ने जिला प्रशासन से अवैध कब्जाधारियों को हटाकर उसे उसकी वैध भूमि का कब्जा दिलाने की मांग की है। उसने चेतावनी भी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना जारी रखेगा। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
