देवरिया कार्यालय
हाथ पर ‘रवि’ नाम का टैटू बना
देवरिया,29 मार्च।जिले के सुरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पैकौली–सिसवा मार्ग पर भटजमुआँव के पास रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक अज्ञात युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव की हालत देख प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। शव पूरी तरह नग्न अवस्था में होने के कारण ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सुरौली थाने के थाना प्रभारी अविनाश मौर्या अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
खबर लिखे जाने तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उसके हाथ पर “रवि” नाम का टैटू बना हुआ है। इसी आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से नग्न अवस्था में यहां फेंका गया हो।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस आसपास के गांवों में गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है और घटनास्थल के आसपास के संभावित रास्तों व संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।
