भारत माता के प्रति समर्पण का लिया संकल्प, जय श्रीराम और भारत माता के जयघोष से गूंजा सासनी
हाथरस। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड सासनी के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बस स्टैंड पर अखंड भारत संकल्प दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संतों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विहिप जिला संगठन मंत्री देवराज ने कहा कि अखंड भारत केवल भौगोलिक सीमाओं का विषय नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जागरण और समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।मुख्य वक्ता विहिप जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने अखंड भारत के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और विभाजन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र एवं संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास को याद रखने का उद्देश्य केवल अतीत का स्मरण करना नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक सुरक्षा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को जीवंत रखना है। संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत भारत का निर्माण कर सकता है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि समाज में समरसता और आपसी एकता की भावना मजबूत होनी चाहिए। सभी वर्गों के लोग मिल-जुलकर रहेंगे तो देश की एकता और अखंडता और मजबूत होगी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हाथ उठाकर अखंड भारत के निर्माण तथा राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए संकल्प लिया। इसके बाद ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।इस अवसर पर प्रांत सेवा टोली सदस्य विद्याभूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, देदामई खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अंकित शर्मा, अमन भार्गव सहित विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
