Web News

www.upwebnews.com

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

May 1, 2026

एटा में भाकियू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ धरना देकर तहसील परिसर में किया प्रदर्शन

एटा 30 अप्रैल उप्रससे। जनपद के जलेसर में भारतीय किसान यूनियन किसान ने तहसील परिसर में भ्रष्टाचार और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से तहसील प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा छाया रहा। यूनियन ने आरोप लगाया कि लेखपाल हरिओम ने पीड़ित भानु शाह से ‘फोन पे’ के माध्यम से 20,000 रुपये की रिश्वत ली। इसके अतिरिक्त, बाबू रविन्द्र कुमार के 3,500 रुपये के लेनदेन का ऑडियो वायरल होने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने पर भी आक्रोश व्यक्त किया गया। किसानों ने निजी स्कूलों में मनमानी फीस रोकने और एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य रूप से लागू करने की मांग की। उन्होंने बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की। बिजली विभाग से संबंधित मांगों में स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से बदलकर पुनः पोस्टपेड करने पर जोर दिया। साथ ही, ब्लॉकों में फर्जी फर्म बनाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की कड़ी जांच की मांग की गई। आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर और उपखण्ड अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की सभी मांगों को सुना और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद किसान संगठन ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर, प्रत्येन्द्र शाह, दीपक चौहान, हरिओम मिश्रा, विपिन कुमार, मोनू गौतम, सत्येन्द्र सिंह, गवेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पवन ठाकुर ने कहा, “भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही भ्रष्ट लेखपाल और बाबू पर कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।”

बेमौसम बारिश में क्षतिग्रस्त हुआ नाला

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
30/04/2026

नगर आयुक्त ने तत्काल मरम्मत और जांच के दिए आदेश

गोरखपुर। बेमौसम हुई तेज बारिश के बाद शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। गोलघर–कलेक्ट्रेट चौराहे पर नगर निगम द्वारा पीडब्ल्यूडी के माध्यम से बनवाया जा रहा नाला बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के दौरान ही निर्माण कार्यों की वास्तविक गुणवत्ता सामने आती है, ऐसे में जहां भी खामियां दिखाई दे रही हैं, उन्हें तुरंत ठीक किया जाए। साथ ही पूरे क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के भी आदेश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त ने लापरवाही और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि जिम्मेदारों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की सख्ती के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मचा हुआ है और मरम्मत कार्य तेजी से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

April 25, 2026

मथुरा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 17 केंद्रों पर 25–27 अप्रैल को होगी परीक्षा

मथुरा, 24 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी, जिसमें कुल 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर समय से व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रत्येक दिन दोनों पालियों में नियमित अंतराल पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो तथा परीक्षा शुरू होने और समाप्ति के समय व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे।

April 21, 2026

गुलावठी में 24 से रुकने लगेगी संगम एक्सप्रेस

-मेरठ से सूबेदारगंज ट्रेन का
गुलावठी बना नया ठहराव
Post on 21.4.26
Tuesday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
रेलमंडल में यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।शुक्रवार से संगम एक्सप्रेस का गुलावठी स्टेशन पर ठहराव होने लगेगा। प्रशासन ठहराव के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारी में जुटा है। 24 अप्रैल शाम को ट्रेन ठहराव के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधि हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद ट्रेन का दो मिनट का नियमित ठहराव शुरू हो जाएगा।

सूबेदारगंज-मेरठ के बीच चलने वाली संगम एक्सप्रेस (14163 -64) ट्रेन का गुलावठी में ठहराव होने लगेगा। मुख्यालयने यात्रियों सुविधा के लिए नए ठहराव को हरी झंडी दी है। 24 अप्रैल से ट्रेन का उद्घाटन के बाद ठहराव होने लगेगा। हापुड़-बुलंदशहर के बीच पड़ने वाले गुलावठी स्टेशन पर ट्रेन-ठहराव के लिए उद्घाटन की तैयारी हो रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार ठहराव का शुभारंभ कार्यक्रम 24 अप्रैल की शाम को होगा। गुलावठी में ट्रेन (14164) के पहले ठहराव को जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन का रात 8.05 से 8.07 बजे निर्धारित समय होगा। जबकि सूबेदारगंज से 4.51 से 4.53 होगा।

स्टेशन पर होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम में बुलंदशहर के सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, गौतमबुद्ध नगर के डाँ महेश चंद्र शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान डीआरएम विनीता श्रीवास्तव, एडीआरएम, सीनियर डीसीएम समेत तमाम अधिकारी व स्टाफ रहेगा।

April 20, 2026

पत्रकार  वेदप्रकाश हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, कुल 11 आरोपी जेल

हाथरस।पत्रकार  वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड में कोतवाली नगर पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को आगरा निवासी नीतू शर्मा ने थाना सहपऊ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की 6 अप्रैल की रात मकान कब्जाने की नीयत से हत्या कर दी गई। विवेचना के दौरान घटना स्थल कोतवाली नगर क्षेत्र में पाए जाने पर मामला वहां स्थानांतरित किया गया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 20 अप्रैल को कोतवाली नगर पुलिस ने कन्हैया पुत्र मुरारी लाल निवासी दिल्ली वाला चौक, हाथरस को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक इससे पहले इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ताजा गिरफ्तारी के बाद कुल 11 आरोपी हिरासत में हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह राघव और उनकी टीम शामिल रही।

« Newer PostsOlder Posts »