Web News

www.upwebnews.com

एटा में बिना नोटिस आशियाना उजाड़े जाने पर किसानों का नगर पालिका परिसर में अनिश्चितकालीन धरना

January 2, 2026

एटा में बिना नोटिस आशियाना उजाड़े जाने पर किसानों का नगर पालिका परिसर में अनिश्चितकालीन धरना

एटा 02 जनवरी उप्रससे। जनपद के जलेसर कस्बे में किसानों ने नगर पालिका प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यह प्रदर्शन ऑल इंडिया किसान यूनियन के बैनर तले तहसील अध्यक्ष सोबरन सिंह के नेतृत्व में पिछले तीन दिनों से जारी है।

 

किसानों की प्रमुख मांग है कि गरीबों के आशियाने और सड़क किनारे लगे खोखों को बिना पूर्व सूचना या नोटिस के न हटाया जाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन बिना नोटिस दिए एकतरफा आदेश जारी कर रहा है, जिससे गरीब और छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि सड़क किनारे खोखे लगाकर जीवनयापन करने वाले 28 दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अवैध अतिक्रमण हटाना आवश्यक है, तो यह कार्रवाई महाराणा प्रताप चौक से लेकर तहसील तक समान रूप से की जाए, न कि किसी एक वर्ग या क्षेत्र के साथ भेदभाव किया जाए।

किसानों ने प्रशासन पर सौतेला व्यवहार अपनाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सभी कदम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, मानवीय और कानून सम्मत होने चाहिए।

इस धरने में नाथूराम, रामसेवक शर्मा, लेखराज, भगवान सिंह, राशिद, ओमकार सिंह, नहीम, सुनील, मुहम्मद कासिम, आफताब, प्रमोद सहित दर्जनों किसान और दुकानदार शामिल हैं।

 

 

एटा के गांव रामरायपुर में एक साल से सफाईकर्मी नहीं, ग्रामीणों ने स्वयं की सफाई

 

एटा 02 जनवरी उप्रससे। जनपद के जलेसर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेरनी के रामरायपुर गांव में स्वच्छता की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पिछले एक साल से गांव में कोई सफाईकर्मी नहीं आया है, जिसके कारण नालियां चोक हो गई हैं और चारों ओर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सरकारी तंत्र की इस अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने स्वयं सफाई अभियान चलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी की नियुक्ति के बावजूद वह पिछले एक साल से अनुपस्थित है। इस स्थिति के कारण गांव की नालियां कचरे से भर गई हैं और सड़कों पर कीचड़ जमा हो गया है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ब्लॉक कार्यालय में बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों ने इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे उनमें गहरा रोष है।

शुक्रवार को रामरायपुर के ग्रामीण हाथों में झाड़ू और फावड़ा लेकर सड़कों पर उतरे। उन्होंने श्रमदान कर गांव की नालियों की सफाई की और मुख्य मार्गों से कचरा हटाया। इस दौरान ग्रामीणों ने अनुपस्थित सफाईकर्मी की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाए।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन (किसान) के प्रदेश महासचिव प्रत्येन्द्र शाह सिसोदिया भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी वेतन ले रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं हो रहा है। सिसोदिया ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गांव में सफाई व्यवस्था बहाल नहीं की गई और दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो यूनियन एक बड़ा आंदोलन शुरू करने पर विवश होगी। इस सफाई अभियान और प्रदर्शन में ईमान सिसोदिया, रमन सिसोदिया, लोकेंद्र शाह, विवेक चौहान, अमित चौहान, करन ठाकुर सहित दर्जनों ग्रामीण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

वर्जन

खंड विकास अधिकारी पीएस आनंद ने बताया कि सफाई को लेकर ग्रामीणों द्वारा समस्या से अवगत नहीं कराया गया है लेकिन गांव में टीम भेज कर सफाई करायी जाएगी।

 

शिवम फाउंडेशन द्वारा आयोजित राइटिंग कंटेस्ट में 300 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

प्रतापगढ़। शिवम फाउंडेशन द्वारा एक प्रेरक राइटिंग कंटेस्ट का आयोजन किया, जिसमें प्रतापगढ़ जनपद श्री कृष्ण बालिका माध्यमिक विद्यालय के लगभग 300 छात्रों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में दो महत्वपूर्ण विषयों पर लेखन किया गया: पहला, “विजन 2047 प्रतापगढ़,” जो कि हमारे शहर के भविष्य की योजना और विकास की दिशा को दर्शाता है, और दूसरा, “खेलों का महत्व,” जिसमें छात्रों ने खेलों के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और गहन समझ का प्रदर्शन किया। टॉप 10 छात्रों को उनके उत्कृष्ट लेखन के लिए प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया, जबकि सबसे बेहतरीन लेखन करने वालों को विशेष पुरस्कार भी दिए गए। इस आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ बच्चों के लेखन कौशल को निखारना था, बल्कि उन्हें समाज और खेलों के महत्व के बारे में जागरूक करना भी था।इस तरह के आयोजन बच्चों को उनके सपनों को साकार करने और रचनात्मक दृष्टिकोण को विकसित करने में मदद करते हैं। शिवम फाउंडेशन का लक्ष्य है कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहें, ताकि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।इस अवसर पर प्रमाण पत्र का वितरण भारतीय जनता पार्टी के सदर विधायक के प्रतिनिधि, अरुण मौर्य जी,प्रधानाध्यापक प्रमोद मिश्रा,संस्था के सचिव शिवम् जायसवाल, मनोज सरोज,प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर  श्रेया निर्मल, रेनू पाल,अंकुर श्रीवास्तव,प्रदीप यादव, राहुल मौर्य व समस्त विद्यार्थी मौजूद रहे

बरेली में मंत्री की बैठक में भाजपा विधायक का हर्ट अटैक से निधन

 बरेली, 02 जनवरी 2026 (उप्रससे)। सर्किट हाउस मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक के दौरान फरीदपुर से भाजपा विधायक को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सर्किट हाउस में आज पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह से एसआईआर से सम्बन्धित बैठक ले रहे थे। इसी दौरान भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल को दिल का दौरा पड़ा जिससे उनका निधन हो गया।

January 1, 2026

इतिहास में पहली बार 108 स्वर्ण कलशों से किया गया वासुपूज्य भगवान का महास्तिकाभिषेक

उप्रससे,अजय बरया

 

ललितपुर। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध  दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र पावागिरि सहित तालबेहट के दोनों जैन मंदिरों में श्री जी के कलशाभिषेक से नव वर्ष – 2026 का शुभारम्भ किया। तालबेहट के पारसनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ स्वामी एवं मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का मस्तिकाभिषेक किया। वहीं वासुपूज्य दिगम्बर जैन मंदिर में इतिहास में पहली बार 108 स्वर्ण कलशों से मूलनायक भगवान वासुपूज्य स्वामी का महास्तिकाभिषेक एवं मुनिसुव्रतनाथ स्वामी का कलशाभिषेक किया। जिसमें महेंद्र जैन, सुशील मोदी, हितेंद्र पवैया, कैलाशचंद्र ललित जैन, कपिल मोदी, राकेश सतभैया, विकास पवा, जितेंद्र बड़ौरा, स्वतंत्र जैन, मनीष कड़ेसरा सहित सकल दिगम्बर जैन समाज का सक्रिय सहयोग रहा। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सिद्ध क्षेत्र पावागिरि पहुँचकर वात्सल्य मूर्ति बुंदेली संत मुनि सुव्रत सागर महाराज के मंगलमय सानिध्य में अभिषेक शांतिधारा एवं पूजन – विधान का आयोजन किया। इस मौके पर मुनि श्री के मुखारविन्द से मंत्रोच्चार के मध्य पवा जी भक्त परिवार बाड़ी ने चमत्कारी बाबा मूलनायक पारसनाथ स्वामी की शांतिधारा का आयोजन किया। मूलनायक के साथ भगवान आदिनाथ स्वामी, चंद्र प्रभ स्वामी, शान्तिनाथ स्वामी एवं महावीर स्वामी के मस्तिकाभिषेक एवं शांतिधारा में श्रद्धालुओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। मुनि सुव्रत सागर महाराज ने धर्म सभा को सम्बोधित करते हुए कहा वर्ष-2025 में किये पुण्य कार्यों का आभार जताते हुए गलतियों से सीख लेकर वर्ष – 2026 का स्वागत करें। धार्मिक अनुष्ठानों की मानव जीवन में बड़ी महत्ता है। सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए श्रावकों को संयम को अंगीकार करना चाहिए। तप और त्याग के द्वारा ही मानव जीवन कल्याण संभव है। रात्रि में महाआरती एवं भक्तामर पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, कोषाध्यक्ष उत्तमचंद जैन, मंत्री जयकुमार जैन, उपाध्यक्ष विशाल जैन पवा, चौधरी सुमत प्रकाश, प्रकाश चंद परिधान, विजय कुमार, आनंद जैन, प्रदीप कुमार, सोनल जैन, अंकित जैन, विशाल चौधरी, राहुल जैन, अमित कुमार, अचिन जैन, गौरव विरधा सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संचालन ज्ञानचंद जैन बबीना एवं आभार व्यक्त विशाल जैन पवा ने किया।

 

मथुरा के 44 स्वयंसेवकों को आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु लखनऊ भेजा 

जिलाधिकारी ने बस को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ किया रवाना

मथुरा, 01 जनवरी 2026 ( उप्रससे)। ।गुरुवार को दिनांक 02 जनवरी 2026 से 13 जनवरी 2026 तक राज्य आपदा मोचन बल लखनऊ द्वारा आयोजित आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु जनपद के 44 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण हेतु भेजा गया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बस को लखनऊ के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 12 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के 24 एन0सी0सी0, 7 नागरिक सुरक्षा, 4 एन0एस0एस0 तथा 9 नेहरू युवा केंद्र, कुल 44 स्वयंसेवकों को आपदा मित्र के प्रशिक्षण हेतु लखनऊ भेजा जा रहा है। सभी को राज्य आपदा मोचन बल लखनऊ द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण के आयोजन / संचालन से सबंधित समस्त व्यवस्थाएँ यथा ठहरने, भोजन, प्रशिक्षण, संबंधित सामग्री, आवागमन हेतु व्यय इत्यादि राज्य आपदा मोचन बल लखनऊ द्वारा किया जायेगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक स्वयंसेवक/वालेन्टियर को शासन द्वारा निर्गत आदेशों के अनुसार एक इमरजेंसी रिस्पॉन्डर किट प्रदान करते हुए बीमा पॉलिसी भी निर्गत की जायेगी। जिलाधिकारी ने सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए लखनऊ हेतु रवाना किया।

« Newer PostsOlder Posts »