Web News

www.upwebnews.com

दुर्गा माता मंदिर कुर्रिया में डीएम-एसपी ने किया दर्शन, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

March 30, 2026

दुर्गा माता मंदिर कुर्रिया में डीएम-एसपी ने किया दर्शन, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर। मार्च,2206।प्राचीन दुर्गा माता मंदिर, कुर्रिया कलां में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा एवं सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार ने विधिवत पूजा अर्चना कर मत्था टेका। कुर्रिया-कलां के प्रसिद्ध दुर्गा देवी मंदिर के कपाट 27 मार्च से 3 दिनों के लिए खोले गए थे कपाट खुलते ही हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु माँ के दर्शन के लिए पहुंचे।

देवी मां के दर्शन उपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आवश्यक व्यवस्थाओं सहित प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति तथा पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत और प्रभावी बनी रहे। विशेष रूप से भीड़ के समय सुचारू आवागमन एवं निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
______

गोरखपुर कलेक्ट्रेट के कर्मचारी विकास कुमार राव बने असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
30/03/2026

*संघर्ष से सफलता तक

गोरखपुर। देर रात्रि घोषित पीसीएस-2024 के परिणाम ने गोरखपुर कलेक्ट्रेट को गर्व से भर दिया। मुख्य राजस्व अधिकारी कार्यालय में अल्महद के पद पर कार्यरत रहे विकास कुमार राव ने 168वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर (सेल टैक्स) पद पर चयनित होकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे कलेक्ट्रेट परिवार का मान बढ़ाया है। परिणाम आते ही कलेक्ट्रेट कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया।
27 वर्षीय विकास कुमार राव मूलतः बस्ती जनपद के रुधौली कस्बे के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय राजेश राव कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। जनवरी 2016 में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी अचानक विकास के कंधों पर आ गई। उसी वर्ष सितंबर में उन्होंने मृतक आश्रित के रूप में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नौकरी ज्वाइन की।
नौकरी के साथ-साथ विकास ने अपने काम से अलग पहचान बनाई। उनकी कार्यक्षमता और लगन को देखते हुए उनसे अक्सर लिपिकीय कार्य लिए जाते थे। मेहनत के बल पर उन्होंने विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण की और वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर मुख्य राजस्व अधिकारी कार्यालय में अल्महद के पद पर तैनात हुए।
हालांकि, उनका लक्ष्य इससे कहीं बड़ा था। नौकरी के साथ पढ़ाई में आ रही बाधाओं को देखते हुए विकास ने जुलाई 2024 में साहसिक निर्णय लेते हुए नौकरी से त्यागपत्र दे दिया और दिल्ली जाकर पीसीएस की तैयारी शुरू कर दी। जब उन्होंने तत्कालीन जिलाधिकारी कृष्ण करुणेश को अपना इस्तीफा सौंपा, तो डीएम ने उन्हें तैयारी जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। बावजूद इसके, किसी प्रकार की औपचारिक आपत्ति से बचने के लिए विकास ने त्यागपत्र देना ही उचित समझा।
उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम रविवार को सामने आया, जब उन्होंने पीसीएस-2024 में 168वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर सेल टैक्स का पद प्राप्त किया। विकास न सिर्फ पढ़ाई में उत्कृष्ट रहे, बल्कि खेलों में भी उन्होंने देश का नाम रोशन किया है। वर्ष 2019 में तायक्वांडो में मलेशिया जाकर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।
गोरखपुर में इंदिरा नगर में रहकर नौकरी करने वाले विकास दो भाइयों में बड़े हैं। उनकी सफलता पर कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी बेहद प्रसन्न हैं। सभी का कहना है कि विकास की यह उपलब्धि पूरे कलेक्ट्रेट के लिए गर्व की बात है और यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और मेहनत से बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
विकास कुमार राव ने अपनी सफलता का श्रेय कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और सहकर्मियों को देते हुए कहा कि उन्हें हमेशा पढ़ाई के लिए सहयोग और प्रोत्साहन मिला। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।
विकास की यह प्रेरणादायक कहानी उन हजारों युवाओं के लिए मिसाल है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते।

स्टंट करने के आरोप में 05 हिरासत में, 05 बाईको सीज

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
30/03/2026

गोरखपुर: थाना गुलरिहा क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए मोटरसाइकिल स्टंट के वीडियो पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को हिरासत में लिया और उनके 5 बाईकों को सीज कर दिया है।
गोरखपुर पुलिस हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले खतरनाक बाइक स्टंट वीडियो पर लगातार सख्ती कर रही है। SSP डॉ कौस्तुभ ने ऐसे मामलों में त्वरित पहचान, हिरासत और वाहन जब्ती के साथ निरोधात्मक/दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सड़क पर स्टंटबाजी न सिर्फ खुद की जान को खतरे में डालती है बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।
पुलिस का यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
आरोपियों की सूची इस प्रकार है:

शिवा मिश्रा पुत्र शिवेंद्र नाथ मिश्रा, पता: रखोखर, पोस्ट: रखोखर, थाना: कैंपियरगंज, गोरखपुर

अंकित कुमार वर्मा पुत्र राजेंद्र वर्मा, पता: जंगल डूंगरी नंबर 2, बरई टोला, थाना: गुलरिहा, गोरखपुर

आदर्श वर्मा पुत्र छोटेलाल वर्मा, पता: झुगिया बाजार, थाना: चिलुआताल, गोरखपुर

शक्ति वर्मा पुत्र छोटे लाल वर्मा, पता: झुंगिया बाजार, थाना: चिलुआताल, गोरखपुर

पीयूष सोनकर पुत्र श्रीपत सोनकर, पता: झूगिया बाजार, थाना: चिलुआताल, गोरखपुर

धर्मेंद्र चौधरी दूसरी बार चुने गए हरिद्वार प्रेस क्लब के अध्यक्ष, शांतिपूर्ण संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया

Posted on 30.03.2026 Time 06.40 PM Haridwar Press Club Election, Report by UP Samachar Sewa Correspondent Ramchandra Kannojia 

धर्मेंद्र चौधरी अध्यक्ष और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने जीत दर्ज की

हरिद्वार, संवाददाता। हरिद्वार प्रेस क्लब के वार्षिक चुनाव में धर्मेंद्र चौधरी को फिर से अध्यक्ष चुना गया और सूर्यकांत बेलवाल महामंत्री चुने गए। रविवार को प्रेस क्लब सभागार में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (इंडिया) की अगुआई वाले एलायंस की बड़ी जीत हुई। धर्मेंद्र चौधरी ने अपने प्रतिद्वंदी अश्वनी अरोड़ा को 50 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत दर्ज की जबकि महामंत्री पद पर सूर्यकांत बेलवाल ने हिमांशु द्विवेदी को 52 वोटों से शिकस्त दी। धर्मेंद्र चौधरी को कुल मिलाकर 84 वोट प्राप्त हुए जबकि सहयोगी यूनियन जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखंड के सूर्यकांत बेलवाल को चुनाव में 86 वोट मिले। इसके अलावा कार्यकारणी सदस्यों में संजीव शर्मा, डॉक्टर शिवा अग्रवाल, कुमार दुष्यंत, शैलेंद्र सिंह, कुमकुम शर्मा, सुदेश आर्या, बालकृष्ण शास्त्री, तनवीर अली, केके पालीवाल, अमित कुमार शर्मा, ललितेंद्र नाथ, जोगेंद्र सिंह मावी, रोहित सिखोला, विकास चौहान, देवेंद्र शर्मा, कुलभूषण शर्मा, नरेश दीवान शैली, आफताब खान, शिव प्रकाश शिव और महताब आलम ने जीत दर्ज की।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग, सहायक चुनाव अधिकारी डॉ मनोज सोही और सहायक चुनाव अधिकारी लव शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई। जीत दर्ज करने के बाद सभी साथी पत्रकारों ने अध्यक्ष और महामंत्री समेत जीत दर्ज करने वाले सभी कार्यकारिणी सदस्यों को शुभकामनाएं दी।
शुभकामनाएं देने वाले में डॉ शिव शंकर जायसवाल, आदर्श त्यागी, सुनील दत्त पांडे, रामचंद्र कन्नौजिया, बृजेंद्र हर्ष, गुलशन नैय्यर, दीपक नौटियाल, राजेश शर्मा, राहुल वर्मा, सुनील पाल, विक्रम सिद्धू, त्रिलोक चंद भट्ट, राजकुमार, पार्षद भूपेंद्र कुमार, व्यापारी नेता डॉ विशाल गर्ग, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, कांग्रेस नेता मनोज सैनी, कांग्रेस नेता सोम त्यागी, विकास चंद्रा, श्रवण झा, गुरप्रीत कालरा, प्रतिभा वर्मा, मुकेश वर्मा, सुभाष कपिल, राव रियासत पुंडीर, राधेश्याम विद्याकुल, नवीन चौहान, मनोज रावत, स्वरूप पुरी, एम एस नवाज, आशीष मिश्रा, पुलकित शुक्ला, सुमित यशकल्याण, राजकुमार पाल और सोनू शामिल रहे।

निराश्रित पशु सीएम योगी की प्राथमिकता, हर हाल में होगा संरक्षण: धर्मपाल सिंह

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
30/03/2026

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के दुग्ध विकास एवं पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को गोरखपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि निराश्रित पशुओं का संरक्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार पशुओं के संरक्षण, चारा-पानी और गर्मी से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब तक जिले स्तर पर बनाए जा रहे भूसा बैंक को आगे गौशाला स्थलों पर ही विकसित किया जाएगा, ताकि निराश्रित गौवंश को समय पर भूसा, चारा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि इससे पशु अधिक सुरक्षित और संरक्षित रहेंगे तथा किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए सरकार विशेष सतर्कता बरत रही है। गौशालाओं में भूसा, पानी, छाया और गर्मी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी पशु को कठिनाई का सामना न करना पड़े।

धर्मपाल सिंह ने आगे कहा कि प्रदेश में जो चारागाह की भूमि अवैध कब्जे में है, उसे कब्जा मुक्त कराया जाएगा। इन जमीनों पर हरा चारा बोने की योजना है, जिससे एक ओर निराश्रित पशुओं के लिए चारे की स्थायी व्यवस्था होगी, वहीं दूसरी ओर किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि इस व्यवस्था से किसानों की आय बढ़े और पशुपालन को और मजबूत आधार मिले।

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा अपनी जान को खतरा बताए जाने और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए जाने के सवाल पर मंत्री धर्मपाल सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “ममता बनर्जी के हाथ से अब बंगाल निकलता दिखाई दे रहा है, इसलिए वह इस तरह की ऊल-जुलूल और उटपटांग बातें कर रही हैं।”

मंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने के आसार हैं। हालांकि, गोरखपुर दौरे के दौरान उनका मुख्य फोकस निराश्रित पशुओं के संरक्षण, गौशालाओं की व्यवस्था और चारागाह भूमि के बेहतर उपयोग पर ही रहा।

« Newer PostsOlder Posts »