Web News

www.upwebnews.com

पत्रकारिता के अलग-अलग आयामों में समन्वय आवश्यक : मुख्यमंत्री

April 6, 2026

पत्रकारिता के अलग-अलग आयामों में समन्वय आवश्यक : मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
06/04/2026

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह

पत्रकारिता को स्वयं को बेलगाम नहीं होने देना है : मुख्यमंत्री

गोरखपुर, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पत्रकारिता के अलग-अलग आयामों प्रिंट मीडिया, विजुअल मीडिया, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बीच परस्पर समन्वय होना आवश्यक है। यदि किसी एक ही तथ्य को मीडिया के अलग-अलग आयाम भिन्न-भिन्न तरीके और दृष्टिकोण से प्रस्तुत करेंगे तो आमजनमानस के सामने कन्फ्यूजन की स्थिति होगी। ऐसी स्थिति मीडिया के प्रति जनविश्वास को भी प्रभावित करेगी। इसलिए यह आवश्यक है कि मीडिया के सभी अंग समान मानक, मूल्यों और आदर्शों के अनुरूप आगे बढ़ें।

सीएम योगी सोमवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पत्रकारिता में विभिन्न प्रकार की चुनौतियां हैं। पत्रकारिता में प्रिंट मीडिया, विजुअल मीडिया, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के स्वरूप हैं। आज परिवारों में प्रत्येक सदस्य का रूझान मीडिया के अलग अलग रूपों में रहता है। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता के सभी रूपों को समग्रता के साथ जोड़ने की आवश्यकता है। प्रिंट मीडिया, विजुअल मीडिया के अपने कुछ मानक हैं, अपनी आचार संहिता है। पर, सोशल मीडिया को अभी इससे जोड़ना है।

सीएम योगी ने कहा कि पत्रकारिता को स्वयं को बेलगाम नहीं होने देना है बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों व आर्दशों के साथ आगे बढ़ाना है। भारत में 200 वर्ष के पत्रकारिता का मूलभाव राष्ट्र सेवा, समाज सेवा व एक भारत श्रेष्ठ भारत का भाव रहा है। हमें इसी भाव के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज मीडिया में एक ऐसा भी वर्ग है जो समाज को गुमराह करके अशांति फैलाने का कार्य करता है। हमें मीडिया के ऐसे रूप से बचने आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सोशल मीडिया तथा प्रिंट मीडिया में एक ही खबर में भिन्नता होती है तो वह जनमानस को विचलित करती है। यह दुविधा की स्थिति खतरनाक होती है। हमें ऐसी स्थिति नहीं हो, ऐसा प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार मूल्यों व आर्दशों पर आधारित पत्रकारिता के साथ सदैव खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र संवाद से चलता है। संवाद में आलोचना हो सकती है किन्तु इस आलोचना को व्यक्तिगत रंजिश नहीं मनाना चाहिए। जब हम एक सूत्र की मनोस्थिति से कार्य करते हैं तो सदैव सार्थक परिणाम सामने आते हैं। सीएम योगी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना होता है। पत्रकारिता जिस दृष्टि से समाज के मुद्दो को प्रस्तुत करता है, समाज उसी दृष्टि से उसे समझता है। पत्रकारिता को जन विश्वास प्रतीक के रूप में बने रहने के लिए सही और गलत के प्रति एक भाव में रहना चाहिए। पत्रकारिता में किसी भी मुद्दे पर दो भाव नहीं होने चाहिए, क्योंकि यह भाव जन विश्वास पर कुठाराघात करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकारिता ने भारतीय लोकतंत्र को मजबूती दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वर्ष हिन्दी पत्रकारिता के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि 200 वर्ष पहले हिन्दी पत्रकारिता की शुरूआत 30 मई 1826 को कोलकता से हुई थी। 30 मई 1826 को जुगुल किशोर शुक्ल ने हिन्दी के पहले समाचार पत्र उदंत मार्तण्ड का शुभारम्भ किया था। जब उन्होंने पत्र निकाला तब देश गुलाम था। उन्होंने देश की आजादी के स्वर को तेज करने के लिए पत्रकारिता को माध्यम बनाया था। 200 वर्ष से बिना रूके, बिना थके, बिना डिगे पत्रकारिता की शानदार यात्रा आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता जब एक सामान्य व्यक्ति के स्वर के साथ अपना स्वर मिलाती है, और सही तथ्यों को जनता के सम्मुख रखती है, तब एक मजबूत जन विश्वास का निर्माण होता है। जो पत्रकारिता जनविश्वास का प्रतीक बनती है उसे दुनिया की कोई शक्ति विचलित नहीं कर सकती। पत्रकारिता ने कठिन मार्गों का अनुसरण करते हुए सदैव अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया है। सीएम योगी ने स्वतंत्रता आंदोलन और देश सेवा के लिए महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, गणेश शंकर विद्यार्थी, अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा भी पत्रकारिता को माध्यम बनाने का जिक्र किया। साथ ही बताया कि बाल गंगाधर तिलक ने 1916 में लखनऊ से ‘स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है’ के नारे को पत्रकारिता के माध्यम से जनमानस में संचार किया था। वर्ष 2017 में इस नारे के 100 वर्ष पूरे होने के पश्चात प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता का आधार हमारे उपनिषदों से प्रेरित रहा है। यह प्रेरणा उपनिषदों की सत्यमेव जयते सूक्ति से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि समाज में विघटनकारी शक्तियों की चुनौती पत्रकारिता के सामने हमेशा रही है। यह शक्तियां पत्रकारिता की स्वतंत्रता को बाधित करती रही हैं। इन बाधाओं से विचलित हुए बिना हमें इसको बढ़ाये रखना है क्योंकि हमारी पत्रकारिता उपनिषदों के मूल्यों पर आधारित है, जहां सत्य की विजय निश्चित है का भाव समाहित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तीन करोड़़ की आबादी शिक्षा, व्यापार व रोजगार हेतु गोरखपुर महानगर पर निर्भर है। पूर्वी यूपी, पश्चिमी बिहार, और नेपाल की एक बड़ी आबादी गोरखपुर पर निर्भर रहती है। कहा कि गोरखपुर में पत्रकारिता की दिशा, लोगो के मन में राष्ट्रभक्ति के भाव को बढ़ाने वाली होनी चाहिए। आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को पाने तथा विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य को पत्रकारिता को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। यदि हम ऐसा कर पाएंगे तो यह बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की स्थापना 1998 में हुई। इसमें शामिल सदस्यों को तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का सानिध्य प्राप्त था। विगत वर्ष भी गोरखपुर प्रेस क्लब के सदस्यों को शपथ समारोह में शामिल होने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ था। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की स्थापना में, अध्यक्ष के रूप में एसपी त्रिपाठी तथा सचिव के रूप में अरविन्द शुक्ला ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया था। सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब को एक भव्य भवन सरकार द्वारा दिया गया। जहां पत्रकारिता के कार्य को सुगमता से सम्पन्न किया जा रहा है।
समारोह में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष धनेश कुमार, महामंत्री पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री महेंद्र गौड़, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार मिश्रा, रजनीश त्रिपाठी और अजीत सिंह को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में स्वागत संबोधन प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने जबकि संचालन गजेंद्र त्रिपाठी और प्रेम पराया ने किया।
इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक मदन मोहन सिंह, अमर उजाला के स्थानीय संपादक विनीत सक्सेना, राष्ट्रीय सहारा के पीयूष बंका, आज के अखिलेश चंद, स्वतंत्र चेतना के आनंद जी वैश्य सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता रही।

नौ वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षक की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

मौत से पीएसी परिसर में मची खलबली
बहन की शादी कर ड्यूटी पर लौटा

पीएसी परिसर में सिपाही ने किया सुसाइड
: कमरे में फंदे से लटका मिलात शव, बहन की शादी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे

Post on 6.4.26
Monday,Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
मुरादाबाद में पीएसी परिसर में जवान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।पीएसी में प्रशिक्षक जवान का शव अपने कमरे में फंदे से लटका मिला।‌ इससे परिसर में सनसनी फ़ैलगई।आननफानन में शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामला आत्महत्या से जुड़ा मानकर पारिवारिक कलह बताया गया है।
मुरादाबाद की नौवीं वाहिनी पीएसी में जवान विकास गौतम प्रशिक्षक का शव अपने कमरे में फंदे से लटका मिला। प्रारम्भिक जांच में मामले को आत्महत्या से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जाता है कि पीएसी में सिपाही के पद पर तैनात विकास गौतम (34)प्रशिक्षु सिपाहियों को प्रशिक्षण दे रहे थे। सोमवार की सुबह विकास ने परेड ग्राउंड में प्रशिक्षु सिपाहियों की गिनती कराई। इसके बाद वह अपने साथियों से कपड़े बदलने को कहकर अपने आवास चले गए। बाद में उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ समय बाद उनके साथ रहने वाले जवान विपिन कुमार कमरे पर पहुंचे। दिन की छुट्टी के बाद पीएसी लौटे विपिन ने दरवाजा खुलवाना चाहा। दरवाजा नहीं खुला तो अन्य साथियों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया तो जवान फंदे पर लटका देखा। नजारा देखकर सभी हैरत में पड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया।

3 अप्रैल को छुट्टी से लौटा था जवान–
पीएसी जवान विकास गौतम अपनी सगी दो बहनों की शादी के मौके पर गए।एक अप्रैल के विवाह के बाद विकास 3 अप्रैल को वापस लौटे। हालांकि पुलिस को अभी सुसाइड नोट नहीं मिला। माना जा रहा कि मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा हो सकता है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस में सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की रहीं हैं।‌साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मेरठ का है सिपाही::
मेरठ का है सिपाही विकास गौतम मेरठ के किठौर का रहने वाला था। वर्ष 2019 से मुरादाबाद में तैनात थे।इस समय वह महिला आरक्षित वर्ग को प्रशिक्षित कर रहे थे
थे। पुलिस ने शव को पोस्ट -मार्टम के लिए भिजवा दिया।

दक्षिण भारत के हजारों लोगों ने ली मूल गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण की शपथ

चिन्ना जीयर स्वामी बोले, प्राकट्य स्थल पर मंदिर बनना ही चाहिए
हमारे पास ठोस साक्ष्य, सभी के सहयोग से जीतेंगे मुकदमा: महेंद्र प्रताप
दक्षिण भारत में विस्तार लेने लगा श्री कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का आंदोलन
वृंदावन (मथुरा): वृंदावन धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान रविवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण को लेकर माहौल भावनात्मक हो गया। कथा स्थल पर दक्षिण भारत से आए हजारों श्रद्धालुओं ने मूल गर्भगृह स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर निर्माण कराने की शपथ ली।
हैदराबाद स्थित स्टैच्यू ऑफ इक्वेल्टी  आश्रम के आध्यात्मिक गुरु श्रीमन्नारायण रामानुज चिन्ना जीयर स्वामी के सान्निध्य में एक होटल में आयोजित कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने दक्षिण भारत से आए भक्तों को मथुरा स्थित शाही ईदगाह मस्जिद के विवादित स्थल को मुक्त कर वहां मंदिर निर्माण में सहयोग की शपथ दिलाई। इससे पहले उन्होंने श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर को तोड़ने के इतिहास पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनके पास इस मामले में ठोस साक्ष्य हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि न्यायालय में विजय मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिंदुओं का जागा हुआ संकल्प ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि को कब्जा मुक्त कराएगा।
कार्यक्रम के दौरान दक्षिण भारत से आए श्रद्धालुओं ने महेंद्र प्रताप सिंह को अपने यहां आमंत्रित भी किया। भक्तों ने कहा कि वह दक्षिण भारत में भी श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के आंदोलन को बढ़ाने का कार्य तेजी करेंगे। साथ श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर को बार बार तोड़े जाने की जानकारी अपने क्षेत्र के लोगों के साथ में साझा करेंगे। टी. रमेश गुप्ता, मोहन शर्मा, विठ्ठल और पुन्ना गोपाल राव ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब दक्षिण भारत के लोग श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर निर्माण की उम्मीद लगाए हुए हैं। कहा कि जल्द हैदराबाद में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिसमें मुख्य अतिथि भी हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट होंगे।
इस अवसर पर स्वामी जी महाराज ने कहा कि यह विषय हिंदुओं की आस्था और अस्मिता से जुड़ा है। जिस स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ, वहां मंदिर बनना चाहिए। उन्होंने इस आंदोलन में महेंद्र प्रताप सिंह के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों का स्वागत किया गया। इस मौके पर गोपी स्वामी, मोहन शर्मा, टी. रमेश गुप्ता, एम. एसएसआर वर्मा, बी. रघुनंदन राव, विठ्ठल, पुनर्गोपाल राव, सत्यनारायण राव, मनोज, मनोहर व श्रीमती देवी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

वर्कशॉप पर एयर कंप्रेशर मशीन का टैंक फटा, मिस्त्री की मौत

फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र अन्तर्गत एक ट्रैक्टर वर्कशॉप पर एयर कंप्रेशर मशीन (हवा भरने वाला टैंक) अचानक फट गया। जिसकी चपेट में आने से मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है और घटना की जांच में जुटी है।
थाना टूंडला क्षेत्र के अंतर्गत अनामिका टॉकीज के पास एक ट्रैक्टर वर्कशॉप है। यहां टूंडला निवासी गाड़ियों की रिपेयरिंग का काम करता था। रविवार को वह एक गाड़ी की मरम्मत में जुटा था, तभी पास में रखे एयर प्रेशर टैंक में हवा भरी जा रही थी। अचानक प्रेशर टैंक का एक हिस्सा किसी शक्तिशाली बम की तरह फटा। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि रोहित इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। धमाके के बाद वहां चारों तरफ धुंआ और मलबे का गुबार छा गया था। जब लोग पास पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनकी चीखें निकल गईं। रोहित का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुका था।
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ अरुण कुमार चौरसिया और थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। हादसे की खबर जैसे ही रोहित के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया।
प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि एयर टैंक में क्षमता से अधिक हवा का दबाव (ओवर प्रेशर) होने के कारण यह विस्फोट हुआ। टैंक पुराना था या उसमें सेफ्टी वाल्व काम नहीं कर रहा था, इसकी जांच की जा रही है।
सीओ अरुण कुमार चौरसिया का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेश की धरती पर गुंडों, माफिया को पनपने नहीं देंगे : मुख्यमंत्री

Neta Ji Subhash Chandra Bose

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
05/04/2026

*प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अराजकता और लूटखसोट के दिन लग गए : मुख्यमंत्री*

*बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स के साथ घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का सीएम योगी ने किया लोकार्पण*

*पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने*

*हर नागरिक के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही सरकार : सीएम योगी*

गोरखपुर, 5 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा है कि वे उत्तर प्रदेश की धरती पर गुंडों और माफिया को पनपने नहीं देंगे। गुंडों और माफिया की जहां जगह होगी, वहां उन्हें पहुंचा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अराजकता और लूटखसोट के दिन लग गए हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में व्यापारियों व महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी है। सरकार हर व्यक्ति के जीवन सुगमता और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

सीएम योगी रविवार शाम घंटाघर स्थित अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण और विरासत गलियारा पांडेयहाता कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। नवनिर्मित पार्किंग कॉम्प्लेक्स की छत पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद आज भी प्रदेश, इसका तंत्र और पुलिस वही है लेकिन आज इसकी पहचान बदल गई है। 2017 के पहले हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार थी, नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। जबकि आज प्रदेश के नौजवान को अन्य जगहों पर सम्मान मिलता है। आज का उत्तर प्रदेश अब उपद्रव नहीं उत्सव प्रदेश बन चुका है। अब यहां अराजकता नहीं है बल्कि यह माफियामुक्त हो चुका है। सुरक्षित माहौल में व्यापारी और बेटियों ने स्वावलंबन की नई ऊंचाई की यात्रा शुरू की है।

*नीयत साफ हो तो नजारा बदलते देर नहीं लगती*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कि जब सरकार की नीयत साफ होती है तो नजारा बदलते देर नहीं लगती। विरासत गलियारा और मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स इसका उदाहरण है। सरकार की नियत साफ है तो विरासत गलियारा के पहले फेज का काम लगभग पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले इसी गोरखपुर की पहचान माफिया, मच्छर और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी के चलते थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार ने गोरखपुर सहित प्रदेश को माफियामुक्त, उपद्रवमुक्त, दंगामुक्त, मच्छरमुक्त और इंसेफिलाइटिसमुक्त बना दिया है। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि संकीर्णता में उठाए गए कदम से माफिया और मच्छर को पनपने का मौका मिलता है। इसलिए लोमड़ी की तरह ताक लगाए बैठे ऐसे लोगों को अवसर नहीं देना है जो शोषण का कारण बनते थे। माफिया और अराजकता को प्रश्रय देते थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया और गुंडों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति बनी रहेगी। पुलिस को स्पष्ट हृदय दी गई है कि जहां भी गुंडों का फन उठे, उसे कुचल दीजिए।

*खाएंगे हिंदुस्तान का लेकिन गाएंगे नहीं*
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का विरोध करने वाले लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये ऐसे लोग हैं जो खाएंगे हिंदुस्तान का लेकिन हिंदुस्तान का गाएंगे नहीं। उन्होंने कहा कि नया भारत इसे कतई स्वीकार नहीं करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना भेदभाव सबको शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है तो, राष्ट्र के प्रतीकों, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान राष्ट्रीय ध्वज और बाबा साहब अंबेडकर के बनाए संविधान को सम्मान देना होगा।

*स्मार्ट सिटी के विजन के अनुरूप बढ़ रहा गोरखपुर*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा, कारोबारी और जीवन सुगमता के क्षेत्र में आए उल्लेखनीय बदलाव की विस्तार से चर्चा की और कहा कि आज का गोरखपुर स्मार्ट विजन के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। उन्होंने घंटाघर क्षेत्र में विरासत गलियारा के निर्माण और मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स को जाम की समस्या का समाधान करने वाला बताया। साथ ही कहा कि जब आवागमन सुगम होगा तो व्यापार में भी समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विरासत गलियारा बनकर तैयार होगा तो यहां की सड़क सबसे खूबसूरत होगी और यहां फिल्मों की शूटिंग भी होगी। जब विरासत गलियारा बन जाएगा तब यहां भव्य रोड शो की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में भी विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को जगह दी गई है। जो शेष रह जाएंगे उनका पांडेयहाता के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थित पुनर्वास कराया जाएगा।

*नौ साल में नहीं लगाया कोई नया टैक्स*
आमजन और व्यापारियों के हित पर सरकार के रूख का ध्यान आकर्षित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि नौ साल में उनकी सरकार ने कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया। इसके बावजूद प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना बढ़ाया गया है। उन्होंने नगर निगम को हिदायत दी कि कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यापारियों से अधिक किराया न लिया जाए। उतना ही किराया तय किया जाए, जितना व्यापारी आसानी से दे सकें। उन्होंने कहा कि जीआईएस सर्वे को लेकर भी उन्होंने अधिक टैक्स न लेने और अधिक लिए गए रुपये के समायोजन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टैक्स में राहत देने की व्यवस्था पर उनका जोर है। टैक्स की व्यवस्था ऐसी ही होनी चाहिए जैसे बादल बारिश के रूप में वापस कर देते हैं। उन्होंने कहा कि जब टैक्स का पैसा विकास और वेलफेयर की योजनाओं में खर्च होगा तो समृद्धि आएगी।

*चिलुआताल में बनेगा फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट*
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट की स्थापना की मंजूरी दी है। यहां 20 मेगावाट बिजली पैदा होगी जिसका इस्तेमाल सोलर लाइट में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गोरखपुर सोलर सिटी के रूप में भी विकसित होगा। उन्होंने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना भी जल्द पूर्ण होकर विकास का मॉडल बनेगा। मुख्यमंत्री में चार विश्वविद्यालय, नाइलिट, कई पॉलिटेक्निक, आईटीआई का उल्लेख करते हुए बताया कि एमपीआईटी में पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनकर तैयार है। 15 अप्रैल को इसके शुभारंभ अवसर पर टाटा संस के चेयरमैन एन चन्द्रशेखरन भी गोरखपुर आएंगे।

*आजादी की लड़ाई का साक्षी है घंटाघर*
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि यह घंटाघर क्षेत्र आजादी की लड़ाई का साक्षी है। यह बता सकता है कि आजादी की क्या कीमत होती है। इसने पीढ़ियों को बदलते देखा है। यह प्रेरणा और गर्व का केंद्र है। इसके पुनरोद्धार और संरक्षण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है।

*सीएम योगी के नेतृत्व में नजर आ रही विकास की अद्वितीय तस्वीर : रविकिशन*
इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश में विकास की अद्वितीय तस्वीर नजर आ रही है। वह एक निस्वार्थ संत हैं और विकास तथा जनकल्याण ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम योगी के विजन से गोरखपुर विकास की नई आभा से निखर उठा है। कार्यक्रम को विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, पूर्व महापौर सीताराम जायसवाल, अंजू चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, सर्राफा मंडल के गणेश वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

*वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सीएम ने रखी नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांडेयहाता (विरासत गलियारा) में नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। उन्होंने विधि विधान से भूमि पूजन किया और इसके बाद निर्माण के लिए पहली ईंट रखी। सीएम ने कॉम्प्लेक्स के ड्राइंग मैप का भी अवलोकन किया और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिलान्यास स्थल से लेकर लोकार्पण स्थल तक लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।

*सीएम के जन सरोकारी विजन का साकार रूप होगा पांडेयहाता का कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स*
विरासत गलियारा पांडेयहाता में कॉमर्शियल का निर्माण 34.43 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। यह भी सीएम योगी के दूरदर्शी और जन सरोकारी विजन का ही रूप होगा। इस कॉम्प्लेक्स के बनाने के निर्देश उन्होंने विरासत गलियारा सड़क चौड़ीकरण परियोजना में प्रभावित दुकानदारों के कारोबारी समायोजन के लिए दिए हैं। इस कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के प्रथम भाग में 65 दुकानें बनेंगी जबकि बेसमेंट में 28 कारों की पार्किंग हो सकेंगी। जबकि द्वितीय भाग में बेसमेंट का निर्माण होगा जहां 54 कारों तथा 68 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।

*घंटाघर के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण कर वंदे मातरम के सामूहिक गायन में शामिल हुए मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम ऐतिहासिक गौरवगाथा के जीवंत प्रतीक घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वह यहां आयोजित सामूहिक वंदे मातरम के गायन में भी सम्मिलित हुए।
घंटाघर के साथ स्वतंत्रता आंदोलन की यादें जुड़ी हैं। आज जिस स्थान पर घंटाघर है, वहां देश के प्रथम स्वातंत्र्य समर के दौरान एक विशाल पाकड़ का वृक्ष हुआ करता था। इसी वृक्ष पर आजादी की पहली लड़ाई में कई स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी दी गई थी। 19 दिसंबर 1927 को काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक पंडित रामप्रसाद बिस्मिल को जब गोरखपुर कारागार में फांसी दी गई थी तब उनकी शवयात्रा घंटाघर में आकर रुकी थी। तब बिस्मिल जी की माता ने यहां एक प्रेरक उद्बोधन दिया था। मीनार की तरह ऊंची इमारत के रूप में घंटाघर के निर्माण का वर्ष 1930 में रायगंज के सेठ राम खेलावन और सेठ ठाकुर प्रसाद ने कराया था। इमारत पर घंटे वाली एक घड़ी लगाई गई जिसकी वजह से यह घंटाघर के नाम से प्रसिद्ध हो गई। इमारत के निचले हिस्से पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान की याद दिलाती चित्रकारी उकेरी गई है। विरासत के संरक्षण के लिए नगर निगम ने एक करोड़ रुपये खर्च कर इसका सौंदर्यीकरण कराया है ताकि आने वाली पीढियां भी इस गौरवगाथा से परिचित हो सकें।

*शीतला माता मंदिर में सीएम योगी ने की पूजा*
घंटाघर के अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में भूतल पर अवस्थित किए गए शीतला माता मंदिर में विधि विधान से दर्शन, पूजन किया। कॉम्प्लेक्स निर्माण के दौरान इस मंदिर को और भी सुव्यवस्थित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मंदिर में शीतला माता का दर्शन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की।

*बंधु सिंह और पंडित बिस्मिल की मूर्ति का किया अनावरण*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्किंग कॉम्प्लेक्स में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानी बंधु सिंह और काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर सेनानी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की मूर्ति का अनावरण भी किया। उन्होंने दोनों विभूतियों की मूर्ति पर पुष्पांजलि कर राष्ट्रहित में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने अपने संबोधन में भी दोनों अमर सेनानियों के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

*सीएम ने किया पार्किंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण, नव आवंटियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भ्रमण कर वहां पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। कॉम्प्लेक्स की दीवारों पर विरासत को सहेजने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंगों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। लोकार्पण समारोह के दौरान मंच से मुख्यमंत्री कॉम्प्लेक्स में बनी दुकानों के लिए नव आवंटियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

*मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में 250 वाहनों की पार्किंग, 43 दुकानें भी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर बने जिस मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया, उसमें 250 वाहनों की पार्किंग की क्षमता है। साथ ही इसमें 43 दुकानें भी बनाई गई हैं। कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर 27.26 करोड़ रुपये की लागत आई है। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में 26 व द्वितीय तल पर 24 कारों और छत पर 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। जबकि भूतल पर 21 तथा प्रथम तल पर 22 दुकानों और पुरुष/महिला शौचालय का निर्माण हुआ है।

« Newer PostsOlder Posts »