Web News

www.upwebnews.com

देश में राष्ट्र प्रथम का भाव एवं पंच परिवर्तन का स्वभाव बने : सरदार स्वर्ण सिंह

March 17, 2026

देश में राष्ट्र प्रथम का भाव एवं पंच परिवर्तन का स्वभाव बने : सरदार स्वर्ण सिंह

लखनऊ : अवध प्रान्त के प्रांत संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह एवं सह प्रांत कार्यवाह संजय सिंह ने समालखा हरियाणा में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के संदर्भ में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मीडिया सेंटर विश्व संवाद केन्द्र जियामऊ लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में बैठक में संगठन कार्य के विस्तार, राष्ट्र हित में समाज की सज्जनशक्ति की सक्रिय भागीदारी एवं सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रांत संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह जी ने बताया कि बैठक में संत शिरोमणि सद्‌गुरु श्री रविदास जी के 650 वें प्राकट्य वर्ष के अवसर पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी द्वारा एक वक्तव्य जारी किया गया है, इसमें कहा गया है कि वर्तमान में जब विभिन्न विभाजनकारी शक्तियां समाज को वर्ग और जाति के आधार पर विभाजित करने का निरंतर प्रयास कर रही हैं तब संत रविदास जी के जीवन संदेश के मर्म को समझते हुए समाज की एकात्मकता के लिए कार्य करने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि समाज में महापुरुषों के श्रेष्ठ कार्यों को जाति और पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर स्वीकार करना चाहिए। देश में राष्ट्र प्रथम का भाव एवं पंच परिवर्तन का स्वभाव बने, इसी भाव भावना से संघ के स्वयंसेवकों ने सिख परम्परा के नवम गुरु श्री तेग बहादुर जी के बलिदान के 350वें वर्ष के अवसर पर देशभर में 2000 से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। अवध प्रांत में भी 24 स्थानों पर 24 कार्यक्रम सम्पन्न हुए, जिसमें 10000 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।

सह प्रान्त कार्यवाह संजय सिंह जी ने बताया कि विगत विजयादशमी से देश भर में अधिक संख्या में सम्पन्न उत्सवों के साथ ही शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम प्रारंभ हुए। इन विविध कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की व्यापक योजना एवं परिश्रम के अनुसार सर्वत्र सफलता मिली। समाज बंधुओं ने उन्हें सहर्ष तथा हृदयपूर्वक स्वागत करते हुए सहयोग एवं समर्थन दिया। संघ के निमंत्रण पर समाज के विभिन्न वर्गों-श्रेणियों के बंधु भगिनी उत्साह से सहभागी होकर कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से सम्पन्न करने में अपार योगदान दिए। मंडल बस्ती स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के कारण संगठन की दृष्टि से समाज की छोटी इकाई तक पहुँचने में बड़ी सफलता मिली है। गृह सम्पर्क के कारण संघ को, संघ के विचारों को घर घर तक पहुँचाना सम्भव हो रहा है। सद्भाव बैठकों और नागरिक गोष्ठी से समाज में सकारात्मक चिंतन एवं कर्तव्य बोध का निर्माण हो रहा है। समाज संघ की 100 वर्ष की यात्रा को समझते हुए राष्ट्र जीवन में संघ से अधिकाधिक अपेक्षा भी कर रहा है। पंच परिवर्तन के विषयों का सर्वत्र स्वागत है। संघ के बारे में जानने की तथा सामाजिक कार्यों के बारे में उत्सुकता बढ़ रही है।

अवध प्रांत में संगठनात्मक कार्य का निरंतर विस्तार हो रहा है। प्रान्त के कुल 2888 मंडल, बस्ती में से 2860 में शाखा है, 2728 मंडल, बस्ती में हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। कुल 18993 गाँवों में से 15864 गाँवों में घर घर सम्पर्क किया गया । सामाजिक सद्भाव की 294 बैठकें एवं 124 केन्द्रों पर प्रमुख जन गोष्ठियों का आयोजन किया गया। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम आगामी विजयदशमी तक सम्पन्न होंगे, आगे युवा पीढ़ी में राष्ट्रबोध, संगठन स्वभाव एवं समाज परिवर्तन के प्रयत्न की वृद्धि को ध्यान में रखकर युवकों में कार्य बढ़ाने की योजना है, कार्य विस्तार की दृष्टि से अधिकतम स्थानों पर अधिकतम कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाते हुए अधिकतम शाखाएं खड़ी करने की योजना है। संघ का काम निरंतर चलने वाला काम है, शताब्दी वर्ष वास्तव में संघ की 100 वर्ष की यात्रा का अनुवर्तन ही है। शताब्दी वर्ष में समाज की बहुत बड़ी सज्जन शक्ति, सुप्त शक्ति एवं उत्सुक शक्ति का अनुवर्तन करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम का भाव’ एवं ‘पंच परिवर्तन का स्वभाव’ उत्तरोत्तर बढ़ता रहे इस हेतु आवाहन किया गया।

अन्त में आए हुए सभी पत्रकार बन्धुओं का आभार व्यक्त किया गया और होली की शुभकामनाएँ प्रेषित की गई। होली मिलन के इस कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रचार प्रमुख सुभाष जी भी उपस्थित रहे।

डीएम ने गैस एजेन्सी स्वामियों के साथ की बैठक,

कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द की चेतावनी
फिरोजाबाद 17 March 26, जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को कलैक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनपद के सभी गैस एजेन्सी स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण आपात बैठक की। उन्होंने कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द करने की भी चेतावनी दी है।
बैठक में जिलाधिकारी रमेश रंजन ने घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कडे़ दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस एजेन्सियों के बाहर आम नागरिकों की लम्बी लाइनें किसी भी आधार पर नही लगनी चाहिए, उपभोक्ताओं को सुचारू और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराना एजेन्सी मालिकों की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पी.एन.जी. (पाइप नेचुरल गैस) के कनेक्शन है, उनकी सघन जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए की वह अवैध रूप से एल.पी.जी. के सिलेण्डर का उपयोग तो नही कर रहे है, यदि ऐसा पाया जाता है, तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वितरण रजिस्टर से प्रतिदिन रैण्डम आधार पर 50 उपभोक्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता की जाए, फीडबैक के जरीए यह पुष्टि की जाएगी की गैस सही व्यक्ति तक पहुंच रहीं है या नही, वितरण में कोई अनियमितता तो नही है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी की, जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नही है, यदि किसी भी गैस एजेन्सी मालिक की, संलिप्तता कालाबाजारी में पाई गयी, तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रदद् कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराऐं और गैस एजेन्सियों का आकास्मिक निरीक्षण करें।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विशु राजा भी उपस्थित रहें।

एटा में भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से अधेड़ की मौत, चार घायल

एटा 17 मार्च उप्रससे। जिले के मलावन थाना क्षेत्र के हरचंदपुर के पास भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। और चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एटा वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

मृतक राकेश पुत्र गयाप्रसाद 55 नगला बाबन थाना एका फिरोजाबाद का निवासी है। घायलों में नगला भी, फिरोजाबाद निवासी 52 वर्षीय देवदत्त पुत्र सियाराम, 30 वर्षीय राजा पुत्र अंगद, 50 वर्षीय नंदकिशोर पुत्र गया प्रसाद और 60 वर्षीय रामबकील पुत्र कन्हीलाल शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया है।

मृतक के भतीजे संदीप ने बताया कि राकेश छछैना की ओर से ट्रैक्टर पर सवार होकर एटा आ रहे थे, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में उनके ताऊ राकेश की मौत हो गई और गांव के चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

मलावन थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। चार अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
17/03/2026

डीएम, सीडीओ समेत कई अधिकारी रहे मौजूद, योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

गोरखपुर। मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति और लंबित कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, डीएफओ विकास यादव, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, पीडब्ल्यूडी नोडल अधिकारी ए.के. सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर मंडलायुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की दिनदहाड़े हत्या, इलाके में सनसनी

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
17/03/2026

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। पहले उनके सिर में गोली मारी गई, इसके बाद सीने में चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर कुछ देर तक मौके पर ही बैठे रहे और उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद फरार हो गए। यह भी जानकारी सामने आई है कि बदमाश अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल ही वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »