Web News

www.upwebnews.com

राज्य महिला आयोग की सदस्या सुजीता कुमारी ने की जनसुनवाई, दिए निर्देश

August 26, 2026

राज्य महिला आयोग की सदस्या सुजीता कुमारी ने की जनसुनवाई, दिए निर्देश

 

पीड़ित महिलाओं की सुनी पीड़ा, दी राहत की राह

जनसुनवाई में 38 नए मामलों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी, 25 अगस्त 2026 । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने विकास भवन स्थित सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं से जुड़े प्रकरणों के प्रति गहरी संवेदनशीलता दिखाई। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, पारिवारिक कलह तथा अन्य प्रकार के महिला उत्पीड़न से जुड़े 38 नए मामलों की विस्तार से सुनवाई की गई। साथ ही पूर्व से आयोग के समक्ष विचाराधीन लंबित 77 प्रकरणों के पक्षकारों व जांच करने वाले उपनिरीक्षकों को जनसुनवाई में बुलाकर पर प्रगति की समीक्षा कर के जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं !

जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाओं ने आयोग सदस्य के समक्ष अपनी व्यथा खुलकर रखी। उन्होंने पुलिस, पारिवारिक और सामाजिक उत्पीड़न संबंधी मामलों को विस्तार से बताया। श्रीमती सुजीता कुमारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान चिकित्सा विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग , शिक्षा विभाग से संबंधित अधिकारी , महिला थानाध्यक्ष , परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी निरीक्षक , मनिषा मिश्रा पैनल अधिवक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखीमपुर, जनपद के थानों से उपनिरीक्षक, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी रश्मि चतुर्वेदी, और अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

एटा में प्लॉट विवाद में फायरिंग, वन रक्षक और आर्मी जवान समेत 5 पर रिपोर्ट दर्ज

एटा 25 अगस्त उप्रससे। जनपद में सकीट थाना क्षेत्र के गांव डूंगरपुर में प्लॉट के विवाद को लेकर लाइसेंसी रायफल से फायरिंग की। आज मंगलवार को सोशल मीडिया पर घटना वायरल हुई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में बदायूं में तैनात एक वन रक्षक और एक आर्मी जवान भी शामिल हैं।

डूंगरपुर गांव निवासी विकास चौहान पुत्र पुष्पेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव के गौरव चौहान पुत्र ओमप्रकाश से एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि गांव के ही प्रभु शेखर पुत्र मनोज चौहान, सुदेश पुत्र रामप्रताप, प्रशांत पुत्र सुदेश, गुड्डो पत्नी सुदेश और कमलेश पत्नी मनोज ने दबंगई के बल पर प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया।

बताया गया कि शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया था। हालांकि, शुक्रवार को एक पक्ष ने प्लॉट पर कब्जे का काम शुरू कर दिया, जिसके बाद विवाद दोबारा बढ़ गया। विवाद बढ़ने के दौरान प्रभु शेखर पर अपनी लाइसेंसी रायफल से फायरिंग करने का आरोप है। फायरिंग के बाद दूसरे पक्ष ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। फायरिंग का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति लाइसेंसी रायफल से खुलेआम फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब वायरल वीडियो और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
विकास चौहान की लिखित शिकायत के आधार पर सकीट पुलिस ने प्रशांत चौहान, प्रभु शेखर, गुड्डो, वनरक्षक शशांक और आर्मी जवान शेखर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में आरोपियों पर फोन के जरिए धमकी देने और ‘लाशें बिछाने’ की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सकीट थाना प्रभारी मधु दुबे ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर में छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा,केश सज्जा,मेहंदी और राखी प्रतियोगिता आयोजित

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी। मिश्राना स्थित सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर (विद्या भारती) में मंगलवार को कक्षा चतुर्थ और पंचम की छात्राओं के लिए भव्य केश सज्जा, राखी बनाओ और मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य निर्णायक मंडल श्रीमती सीमा साहनी,श्रीमती रजनी कपूर, श्रीमती नूपुर महेन्द्रा, श्रीमती मीता गर्ग, श्रीमती राखी मिश्रा, श्रीमती रेखा भल्ला और प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह द्वारा मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन और वंदना के साथ हुई। पूरी प्रतियोगिता का सफल संचालन संयोजक श्रीमती पूजा यादव और उप प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र कुमार बाजपेई की देखरेख में संपन्न हुआ।प्रतियोगिताओं के
केश सज्जा प्रतियोगिता:प्रथम अनाया,राधिका यादव, दिव्यांशी बाजपेई, शिवन्या मिश्रा,द्वितीय: आकृति शर्मा, इंदु सिंह, आराध्या मौर्या, उन्नति गुप्ता,तृतीय: शैल्वी सिंह, आस्था वर्मा, तृषा शर्मा, कृतिका दीक्षित,मेहंदी प्रतियोगिता:प्रथम: वैष्णवी अवस्थी, रूही शुक्ला, आस्था वर्मा, मेघा सिंह,द्वितीय: अंजलि यादव, संस्कृति शुक्ला, अनिका मिश्रा, अवनी अवस्थी,तृतीय: श्रद्धा रस्तोगी और ट्विंकल वर्मा (जोड़ी) राखी बनाओ प्रतियोगिता:प्रथम: अनिका शुक्ला और काव्या वर्मा (जोड़ी) द्वितीय: स्नेहा वर्मा और आशी शर्मा,तृतीय: काव्या गुप्ता और कृष्णा राज (जोड़ी) विजेता छात्राएं हुईं पुरस्कृत,कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रबंध समिति द्वारा सभी प्रतिभागी और विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल ने छात्राओं के शानदार कौशल और कला की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनका हौसला बढ़ाया।

बलिया में गैस एजेंसी के कैशियर को मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट ले गये बाइक सवार बदमाश

बलिया : चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के महरेव गांव स्थित गैस एजेंसी के कैशियर पर हमला कर नकाबपोश बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी (दक्षिणी) संजय वर्मा, सीओ अक्षय कुमार और स्वाट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। सोमवार की रात एजेंसी बंद कर कैशियर उपेंद्र कुमार बाइक से अपने घर हैबतपुर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोककर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनके पास मौजूद रुपयों से भरा बैग छीन लिया।

पीड़ित कैशियर से सूचना मिलते ही चितबड़ागांव थाना पुलिस के साथ पुलिस अफसर पहुंच गये। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित कैशियर से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। देर रात कैशियर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एएसपी संजय वर्मा ने कहा कि भारत गैस एजेंसी चितबड़ागांव के कैशियर उपेन्द्र कुमार पुत्र दुखन राम (निवासी हैबतपुर, थाना कोतवाली, बलिया) सोमवार की रात एजेंसी से अपने घर रहे थे, तभी रास्ते में पानी प्लांट के पास अज्ञात बदमाशों द्वारा उनकी बाइक रोककर उनकी डिग्गी से एक लाख 22 हजार रूपए छीनकर ले जाने की घटना कारित की गई है। वादी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर घटना के अनावरण के लिए टीमों का गठन किया गया है।

नया डाटा मैनेजमेंट पोर्टल अब दूर करेगा आयुष्मान कार्ड की खामियां- सीएमओ

आयुष्मान कार्ड की त्रुटियां सुधारना हुआ आसान: नया डेटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू, सीएचसी व जिला अस्पताल में होगा संशोधन

उ प्र समाचार सेवा
​लखीमपुर खीरी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। यदि आपके आयुष्मान कार्ड में पिता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, पता या मोबाइल नंबर जैसी कोई तकनीकी विसंगति दर्ज हो गई है, तो उसे अब आसानी से सुधारा जा सकेगा। सरकार ने ऐसे मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नया डेटा मैनेजमेंट पोर्टल शुरू किया है, जिससे कार्डधारक के स्वयं के नाम को छोड़कर बाकी सभी त्रुटियों को दुरुस्त कराया जा सकता है।

​मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए पोर्टल पर दर्ज डेटा और आधार व राशन कार्ड के विवरण में 80 फीसदी तक समानता होना जरूरी होता है। कई बार नाम की स्पेलिंग, पिता के नाम या उम्र में मामूली अंतर होने के कारण सिस्टम कार्ड जेनरेट नहीं कर पाता था और पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित रह जाते थे। इस नए पोर्टल की मदद से अब इन विसंगतियों को ठीक किया जाएगा, जिससे छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के कार्ड भी तुरंत बन सकेंगे।
​संशोधन की सुविधा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय पर यह सुविधा मिल सकेगी।

*​आधार व राशन कार्ड लेकर पहुंचें केंद्र*

सीएमओ ने बताया कि लाभार्थी अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जा सकते हैं। वहां तैनात ऑपरेटर पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड कर संशोधन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

*​इन विवरणों में करा सकते हैं बदलाव*

​जन्मतिथि एवं आयु
​जेंडर (महिला/पुरुष)
​पिता अथवा पति का नाम
​मोबाइल नंबर एवं आवासीय पता

« Newer PostsOlder Posts »