Web News

www.upwebnews.com

महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज की जूना अखाड़े में वापिसी, निष्कासन रद्द

February 8, 2026

महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज की जूना अखाड़े में वापिसी, निष्कासन रद्द

Letter Juna akhada

जूना अखाड़ा ने महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि का निष्कासन रद्द किया

Posted on 08.02.2026, Time 07.39 PM,, Haridwar, Juna akhada 
( गोपाल रावत)
हरिद्वार, 08 फरवरी। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर श्री महंत यतींद्रानंद गिरि महाराज का निष्कासन समाप्त कर दिया गया है। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री महंत मोहन भारती महाराज ने बताया कि विगत दिनों कतिपय अखाड़ा विरोधी गतिविधियों तथा बयान बाजी के चलते महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज को अखाड़े से निष्कासित कर दिया गया था ।इस प्रकरण की जांच हेतु अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्री महंत हरी गिरी महाराज के निर्देश पर वरिष्ठ सभापति श्री महंत प्रेमगिरी महाराज की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया जिसमें वरिष्ठ सभापति श्री महंत उमाशंकर भारती, महामंत्री श्री महंत महेश पुरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री महंत नारायण गिरी तथा श्री महंत निरंजन भारती को शामिल किया गया ।
जांच समिति ने इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करने पर पाया कि उनके विरुद्ध लगाए गए कतिपय आरोप भ्रामक तथा तथ्यहीन है। जांच समिति की संस्तुति के आधार पर अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्री महंत हरी गिरी महाराज के निर्देश पर महा मंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज का निष्कासन समाप्त कर उन्हें सम्मान पूर्वक अखाड़े में शामिल कर लिया गया है ।
श्रीमंत मोहन भारती महाराज ने बताया कि महामंडलेश्वर यतींद्रानंद गिरि महाराज के प्रति खेद व्यक्त करते हुए अखाड़े में उनकी प्रतिष्ठा व सम्मान के अनुरूप वापिसी की गई है।

लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महामंच ने की मणिकर्णिका घाट का स्वरूप नहीं बदलने की मांग

हरिद्वार, 8 फरवरी। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महामंच ने मणिकर्णिका घाट का मूल स्वरूप नहीं बदलने की मांग की है। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर महामंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेलूराम प्रधान ने प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वाराणसी में स्थित मणिकर्णिका घाट का पुनः निर्माण कराया जा रहा है। पुनः निर्माण के दौरान देवी अहिल्याबाई होल्कर की व उनके द्वारा निर्मित मूर्तियों और मंदिरों को तोड़ दिया गया। पुनः निर्माण की प्रक्रिया में मणिकर्णिका घाट के मूल स्वरूप को भी बिगाड़ा जा रहा है। जिससे पूरे समाज की आस्था को गहरा आघात पहुंचा है। तेलूराम प्रधान ने कहा कि सोशल मीडिया में वायरल हो रहे एक वीडियो में देवी अहिल्याबाई होल्कर की टूटी हुई मूर्तियों को दिखाया गया है। वीडियो को यूपी सरकार द्वारा एआई निर्मित बताया गया है। वीडियो एआई निर्मित है तो वीडियो बनाने वालों पर कार्रवाई की जाए और यदि वीडियो वास्तविक है तो मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए तथा अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा निर्मित एवं जीर्णोद्धार किए गए मंदिरों, घाटों, प्याऊ, धर्मशाला, विद्यालय, गौशाला आदि का मूल स्वरूप और नाम ना हटाया जाए और ना बिगाड़ा ना जाए। तेलूराम प्रधान ने कहा कि इस संबंध में मंच की और से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी प्रेषित किया जाएगा। प्रैसवार्ता के दौरान कृष्णपाल धनगर, अमित धनगर, सतीशचंद्र, नकली सिंह, विकास धनगर,़ उमेश पाल, राधेश्याम पाल, प्रदीप पाल, शिवचरण पाल, पंकज पाल, भूषण पाल, संजय पाल, सत्यपाल, नरेशपाल, गुलाब सिंह, तेजपाल, देवेंद्र धनगर, स्वामी सुशांत पुरी, राजेश कुमार पाल, सुनील, ओमपाल, नेपाल, जितेंद्र पाल, मोहित पाल, सतिंदर पाल, सुरेंद्र सिंह, रोहित पाल, अनिकेत पाल, कालूराम, सचिन पाल, सुलेख पाल सहित हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश से आए पदाधिकारियों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

बाल्टिक देशों में सनातन संस्कृति का हो रहा विस्तार

डॉ. चिन्मय पंड्या के संचालन में विलनियस के बैलेंस सेंटर में गायत्री यज्ञ का आयोजन

Haridwar Samachar

हरिद्वार समाचार सेवा

हरिद्वार 8 फरवरी। अपने विदेश प्रवास के दौरान अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या लिथुआनिया की राजधानी विलनियस पहुँचे। इस अवसर पर उन्होंने राजधानी स्थित प्रसिद्ध बैलेंस सेंटर में वैदिक विधि-विधान के साथ गायत्री यज्ञ सम्पन्न कराया। यज्ञ में स्थानीय लिथुआनियाई नागरिकों, भारतीय समुदाय तथा गायत्री परिवार से जुड़े अनेक लोगों की भावपूर्ण सहभागिता रही, जिससे वातावरण शांति, सकारात्मक ऊर्जा और पवित्र चेतना से ओतप्रोत हो गया।
गायत्री यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण एवं पवित्र अग्नि में आहुतियों के माध्यम से सर्वे भवन्तु सुखिन: तथा प्रकृति के साथ सामंजस्य तथा मानवीय चेतना के उत्थान की कामना की गई। उपस्थित जनसमूह ने इस आध्यात्मिक अनुष्ठान को केवल एक धार्मिक कर्मकांड के रूप में नहीं, बल्कि आंतरिक संतुलन और सामूहिक चेतना को जाग्रत करने वाली प्रक्रिया के रूप में अनुभव किया।
इस अवसर पर लिथुआनियाई नागरिकों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति युवा आइकॉन डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि प्राचीन भारतीय वैदिक साधनाएँ आज भी आधुनिक वैश्विक समाज में संतुलन, शांति, नैतिक मूल्यों और एकता की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पूर्व और पश्चिम के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक सेतु को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम सिद्ध हो रहे हैं।
यह आयोजन बाल्टिक क्षेत्र में वैदिक परंपराओं के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि का सजीव प्रमाण बना। विशेष रूप से लिथुआनियाई प्रतिभागियों ने यज्ञ के प्रतीकात्मक अर्थ, पंचतत्त्वों के साथ मानव के संबंध तथा प्रकृति-सम्मान की भारतीय दृष्टि के प्रति गहरी जिज्ञासा और सराहना व्यक्त की। यह कार्यक्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज, हरिद्वार तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय के वैश्विक दृष्टिकोण को भी रेखांकित करता है, जिसके अंतर्गत एशिया का प्रथम एवं विश्व का सबसे बड़ा बाल्टिक सेंटर हरिद्वार स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह केंद्र भारत और बाल्टिक देशों के मध्य अकादमिक सहयोग, सांस्कृतिक संवाद और आध्यात्मिक आदान-प्रदान का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। इस अवसर पर लिथुआनियाई नागरिकों ने सनातन संस्कृति के प्रति अपनी रुझान को व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा भी प्रकट की।

February 6, 2026

पाकिस्तान की शिया मस्जिद में विस्फोट, 31 की मृत्यु

विस्फोट में 169 लोग घायल हुए हैं, राष्ट्रपति जरदारी ने की निंदा

UP Web News

यूपी वेब न्यूज

Posted on 06.02.2026, Friday, Time 08.41 PM, Pakistan, Islamabad, Shiya 

इस्लामाबाद, 06 फरवरी 2016, शिया मस्जिद (इमामबाड़ा) में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमले में 31 लोगों की मौत हो गई और 169 घायल हुए हैं। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इसे इंसानियत के खिलाफ हमला बताया और शोक व्यक्त किया। तीन महीने पहले भी आत्मघाती धमाके में 12 लोग मारे गए थे। पाकिस्तान आतंकवाद के लिए दुनिया के दूसरे सबसे प्रभावित देश के रूप में गिना जा रहा है, जहां अफगान समर्थित TTP और बलूच आर्मी की तरफ से हमले बढ़े हैं।पाकिस्तान में आतंकवाद, तहरीक-ए-तालिबान की तरफ से बढ़े हमले, पाकिस्तान में शिया समुदाय निशाने पर लगातार, भारत में शिया समुदाय के नेता और मजलिस ए उलेमा के प्रमुख मौलाना कल्बे जब्बाद ने आत्मघाती हमले के प्रति कहा है कि तीन महीनों में आतंकवाद की घटी दूसरी बड़ी हिंसक वारदात घटित हुई है।शिया मस्जिद में आज नमाजियों पर हुए आत्मघाती हमले की निंदा करते हुए शिया उलेमा जब्बाद ने कहा है कि शिया समुदाय के लोग मुस्लिम देशों में सुरक्षित नहीं हैं, यूएन शिया समुदाय की सुरक्षा को लेकर ध्यान दे।

परिवहन विभाग ने प्रेस क्लब में किया संगोष्ठी का आयोजन

Haridwar Samachar

हरिद्वार समाचार सेवा, Haridwar News

एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा व एआरटीओ प्रशासन नेहा झा ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए पालन करने की अपील की
गंभीर समस्या बन चुकी हैं सड़क दुघर्टनाएं-धर्मेंद्र चौधरी
हरिद्वार, 6 फरवरी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत परिवहन विभाग हरिद्वार द्वारा प्रेस क्लब में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारी, प्रेस क्लब पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए दुघर्टनाओं से बचाव के लिए वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने और दोपहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट अवश्य लगाने की अपील की और सभागार में मौजूद सभी पत्रकारों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलायी। इस दौरान परिवहन विभाग की और से सभी पत्रकारों को हेलमेट भी वितरित किए गए। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा एवं कार्यक्रम संयोजक आशीष मिश्रा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। गोष्ठी का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा ने किया।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर समस्या बन चुकी हैं, जिन पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से श्यामपुर हाइवे का जिक्र करते हुए कहा कि इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी वाहन चालक निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और नशे में वाहन चलाने से बचें, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग लगातार जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर रहा है। कहा कि पूरे देश में प्रतिमाह डेढ़ लाख और वर्षभर में पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिसमें एक लाख लोगों की मौत होती है। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी को जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करना होगा। सड़क दुर्घटनाएं होगी, लेकिन मृत्यु दर में कमी आएगी। एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि सभी वाहनों पर आगे और पीछे दोनों ओर स्पष्ट एवं मानक के अनुसार नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर चलने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने की सख्त अपील की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने सभी सड़क दुघर्टना में घायल होने वालों की तत्काल मदद करने की अपील करते हुए कहा कि तुरंत मदद मिलने से कई बहुमूल्य जिंदगी बच सकती हैं। वरिष्ठ पत्रकार कौशल सिखौला, आशीष मिश्रा, आदेश त्यागी, रामचंद्र कन्नौजिया, दीपक मिश्रा, अविक्षित रमन, रजनीकांत शुक्ल, गोपाल रावत, संजय आर्य, राहुल वर्मा, प्रतिभा वर्मा, सुदेश आर्या ने एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा एवं एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा को स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर रूपेश वालिया, बालकृष्ण शास्त्री, हिमांशु द्विवेदी, तनवीर अली, गुलशन नैय्यर, कुमार दुष्यंत, जोगेंद्र मावी, सुभाष कपिल, विकास झा, श्रवण झा, मुकेश वर्मा, महताब आलम, प्रशांत शर्मा, संजय चौहान, काशीराम सैनी, महेश पारीख, शिवा अग्रवाल, विकास चौहान, नवीन चौहान, सूर्यकांत बेलवाल, सुरेंद्र बोकाड़िया, दयाशंकर वर्मा, अमित गुप्ता, रविंद्र सिंह, अरुण कश्यप, वैभव भाटिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »