
Posted on 16.05.2026 , Time 05.52 PM
लखनऊ, 16 मई 2026, यूपी पुलिस कर्मियों की सोशल मीडिया रील्स पर अफसरों ने सख्ती के दी है। डीजीपी मुख्यालय का इस संबंध में आदेश जारी हुआ है।
आदेश के अनुसार सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी। आपत्तिजनक पोस्ट और रील डालने वाले पुलिसकर्मियों को चिन्हित करने के निर्देश जारी किए गए है।
सोशल मीडिया पर अनुशासनहीनता से यूपी पुलिस की छवि प्रभावित हो रही है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर का पत्र जारी हुआ है। इसमें हर महीने सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन की रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए है।
पुलिसकर्मियों की वायरल रील्स पर यूपी पुलिस मुख्यालय सख्त हुआ है। URL समेत रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए है।
अमिताभ यश ने जारी किया आदेश, सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी।

UTTAR pRADESH
Posted on 16.05.2026 Time 05.40 PM
हापुड़, 16 मई 2026 (उप्र समाचार सेवा) , एंटी करप्शन टीम ने समाधान दिवस में छापा मारकर एक लेखपाल को 13 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र की तहसील में आज समाधान दिवस आयोजित था। इसमें एक फरियादी से लेखपाल द्वारा 13 हजार की रिश्वत मांगी गई थी। सूचना एंटी करप्शन को दी गई। तत्काल मौके पर पहुंची टीम ने लेखपाल लवलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे पुलिस अभिआक्ष में थाने भेजा गया। लेखपाल द्वारा जमीन की रिपोर्ट के बदले घुस ली गई थी।

Posted on 16/05/2026
Time 15:10 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
बगल में बनेगा 60 एकड़ का विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
गोरखपुर, 16 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा)
गोरखपुर के खेल इतिहास में आज का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
शिलान्यास के साथ ही मुख्यमंत्री ने खेल जगत को एक और बड़ा उपहार देते हुए एलान किया कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बगल में रिजर्व रखी गई 60 एकड़ भूमि पर एक विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।
जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ताल नदोर में 46 एकड़ में 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तो बनेगा ही, साथ ही इसके पास की 60 एकड़ जमीन पर इनडोर और आउटडोर गेम्स की सुविधाओं से लैस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी तैयार होगा।
इस कॉम्प्लेक्स में हर तरह के इनडोर गेम्स के साथ-साथ हॉकी और अन्य आउटडोर खेलों की भी विश्व स्तरीय सुविधा होगी। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में होटलों, रेस्तरां और बाजारों की नई श्रृंखला खड़ी होगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 वर्ष पहले तक यह क्षेत्र उपेक्षित और बंजर था, जहां जमीनों पर कब्जे होते थे। आज यह भूमि भू-माफियाओं से मुक्त है और डबल इंजन सरकार इस पर युवाओं के भविष्य को तराशने का काम कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी भूमि का उपयोग केवल लोककल्याण और विकास परियोजनाओं के लिए होना चाहिए। इसी विजन के तहत यहां पशु चिकित्सा महाविद्यालय भी स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले लोग कभी जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा, जब भी वे सत्ता में आए, उन्होंने केवल गुंडागर्दी, अराजकता फैलाई और सत्ता का दुरुपयोग अपने परिवार के लिए किया।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार अब तक 534 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के तहत सरकारी नौकरी दे चुकी है। सरकार ने 500 और खिलाड़ियों की नई भर्ती निकाली है। इसके तहत ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ और वर्ल्ड चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सीधे सरकारी पदों पर नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
सीएम ने बताया कि ललित उपाध्याय, दीप्ति शर्मा, पारुल चौधरी, अर्जुन देशवाल, प्रवीण कुमार और राजकुमार पाल को यूपी पुलिस में सीधे डिप्टी एसपी (DSP) का पद दिया गया है। वहीं, विजय कुमार यादव व दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार समेत कई अन्य खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में राजपत्रित अधिकारी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने वैश्विक संकट के बीच देश में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों और आपूर्ति को बेहतर ढंग से संभालने के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के कुशल प्रबंधन की सराहना की। इसके साथ ही स्टेडियम निर्माण के लिए सीएसआर (CSR) फंड से 100 करोड़ रुपये का योगदान देने के लिए उन्होंने पेट्रोलियम मंत्रालय, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का विशेष आभार व्यक्त किया।
सीएम ने बुनियादी ढांचे में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि अब गोरखपुर से वाराणसी की दूरी 4-5 घंटे से घटकर महज ढाई घंटे रह गई है, और लखनऊ का सफर 8 घंटे से घटकर साढ़े तीन घंटे का हो गया है। सरकार दूरी घटाकर विकास और रोजगार की रफ्तार बढ़ा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के ड्राइंग मैप और मॉडल का भी बारीकी से अवलोकन किया और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। अनुष्ठान के अंत में उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Posted on 16/05/2026
Time 15:51 P M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
छात्र सुसाइड मामले में ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे, प्रोफेसरों पर प्रताड़ना का आरोप
गोरखपुर: 16 मई 2026 ( उप्र समाचार सेवा)
गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के इंजीनियरिंग विभाग में शनिवार को बीटेक छात्रों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। तीन दिन पहले रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के ब्वॉयज हॉस्टल में एक बीटेक छात्र द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले को लेकर छात्र बेहद आक्रोशित हैं।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे भारी संख्या में छात्र हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर इंजीनियरिंग विभाग के बाहर जमा हो गए और “वी वांट जस्टिस” के नारे लगाने लगे।
आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि मृतक छात्र को विभाग की ओर से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सेमेस्टर परीक्षा के इंटरनल (आंतरिक मूल्यांकन) में उसे जानबूझकर शून्य (0) अंक दिए गए, जिसके कारण वह फेल हो गया और तनाव में आ गया। इसके अलावा, छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर प्लेसमेंट के नाम पर धोखाधड़ी करने और छात्रों को ‘फर्जी प्लेसमेंट’ देने का भी गंभीर आरोप लगाया है।
विश्वविद्यालय के कई प्रोफेसर पर छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जानबूझकर ‘बैक’ लगाने का आरोप लगाया है।
छात्रों का गुस्सा इस बात को लेकर और बढ़ गया कि सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन के बाद भी दोपहर करीब 3 बजे तक विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी या जिम्मेदार व्यक्ति छात्रों से बात करने या उनका ज्ञापन लेने मौके पर नहीं पहुंचा था। छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।