Web News

www.upwebnews.com

वाराणसी महिला सम्मेलन के लिए भाजपा की बैठक

April 24, 2026

वाराणसी महिला सम्मेलन के लिए भाजपा की बैठक

वाराणसी 24 अप्रैल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी आगमन पर आयोजित होने वाले विशाल महिला सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में सर्किट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा, जिला व महानगर पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं, जिन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संबोधित किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि “ प्रत्येक दायित्व महत्वपूर्ण है, जिसे जो जिम्मेदारी मिली है उसे पूरी निष्ठा से निभाना है ।” उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री बनने के साथ ही विकसित भारत का संकल्प लिया, इस संकल्प को साकार करने के लिए देश की आधी आबादी की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को दोहराते हुए कहा—“जब नारी सशक्त होती है, तो समाज सशक्त होता है और जब समाज सशक्त होता है, तो राष्ट्र मजबूत होता है।” उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता रही है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से बिल लाया गया, लेकिन विपक्ष के कारण यह पारित नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर महिलाओं में आक्रोश है। साथ ही उन्होंने तीन तलाक बिल और पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए महिलाओं, पिछड़ों और अनुसूचित जाति वर्ग की आर्थिक उन्नति, सामाजिक व राजनैतिक भागीदारी तथा उनके अधिकारों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अब तक की तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि सम्मेलन की सफलता के लिए बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जाए। प्रत्येक महिला मतदाता तक पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्वागत का अवसर नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ संवाद और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी है। उन्होंने कहा की इस कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं की है। इस सम्मेलन से यह संदेश भी जाएगा कि महिलायें हर जिम्मेदारी का निर्वहन करने में सक्षम है।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत एवं विषय प्रस्तावना भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने किया। महिला मोर्चा की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया, जबकि जिला व महानगर पदाधिकारियों की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया।

April 23, 2026

राघव राम वर्मा कॉलेज का रिजल्ट शत प्रतिशत

वाराणसी, राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का और इंटर का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में कालेज की छात्रा तृषा मौर्य ने 86 .83 प्रतिशत पाकर पहले स्थान पर रही। नेहा कुमारी ने 85.83 अंक पाकर दूसरा और वर्षा कुमारी ने 84.83 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
इंटर में नीलू यादव ने 68 प्रतिशत पाकर पहला, भूमि मिश्र ने 67 दूसरा और अदिति सोनकर ने 64 प्रतिशत पाकर तीसरा स्थान हासिल किया है।
परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्य सुमन सिंह और उप प्रधानाचार्य नीतू सिंह ने माला पहनाकर उनका सम्मान किया और मिठाई खिलाई।

March 20, 2026

बनारस के यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े गोली मारकर छात्र की हत्या

कॉलेज के क्लास में तबातोड़ फायरिंग से सनसनी…

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में शुक्रवार की दोपहर उदय प्रताप कॉलेज में बी.ए के छात्र सूर्य प्रताप सिंह को क्लास के अंदर घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने छात्र पर करीब 4 राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गया। लहुलुहान अवस्था में घायल हुए छात्र को मौके पर पहुंची पुलिस ट्रामा सेंटर के गई, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज में प्रदर्शन शुरू कर दिया, तो वही मौके पर कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

February 4, 2026

Varanasi मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश बनारसी यादव ढेर

UP Web News

यूपी वेब न्यूज

वाराणसी, 04 फरवरी। सारनाथ इलाके में 21 अगस्त 2025 को कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी बदमाश बनारसी यादव को यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई मंगलवार देर रात वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में हुई।
यूपी एसटीएफ के एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, सूचना मिली थी कि बनारसी यादव चौबेपुर क्षेत्र में मौजूद है। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरता देख बनारसी यादव ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में एसटीएफ को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें बनारसी यादव गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बनारसी यादव महेंद्र गौतम हत्याकांड समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। एसटीएफ ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

January 25, 2026

वाराणसी: सपा प्रतिनिधि को रोकने पर सांसद धरने पर

वाराणसी, 25 जनवरी 2026, समाजवादी पार्टी के जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि मंडल को मणिकाणिका घाट जाने से रोके जाने पर सांसद सांसद वीरेंद्र सिंह अपने आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। जानकारी के अनुसार सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मणिकर्णिका घाट के निरीक्षण के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

प्रतिनिधिमंडल में कुल 11 सदस्य शामिल थे, जिन्हें प्रशासन से अनुमति भी मिली थी। टीम में बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय, चंदौली से सांसद वीरेंद्र सिंह, मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज, एमएलसी आशुतोष सिंहा, पाल समाज के अध्यक्ष महेंद्र पाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

पुलिस ने कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर रोक दिया। इससे नाराज सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर धरने पर बैठ गए।

« Newer PostsOlder Posts »