Web News

www.upwebnews.com

संपत्ति विवाद में महिला धरने पर बैठी, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

July 28, 2026

संपत्ति विवाद में महिला धरने पर बैठी, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप

महराजगंज रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज के आजाद नगर निवासी ज्ञानवती ने अपने ही पुत्र अनिल कुमार पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से संपत्ति हड़पने और घरेलू सामान पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति स्वर्गीय हनुमान प्रसाद गुप्ता के निधन के बाद संपत्ति में उनका वैधानिक अधिकार होने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। ज्ञानवती का कहना है कि उनके पुत्र ने कथित रूप से परिवार रजिस्टर से उनका नाम हटवा दिया, जिससे उन्हें उनकी वैधानिक हिस्सेदारी से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने से आहत महिला शनिवार को एसडीएम कार्यालय पहुंची और धरने पर बैठ गई। धरने की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पीड़िता से वार्ता की। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद ज्ञानवती ने अपना धरना समाप्त कर दिया। वहीं प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि अब प्रशासन उन्हें न्याय दिलाएगा।

July 26, 2026

निजी हॉस्पिटल में छापेमारी, अल्ट्रासाउंड सेंटर सील

महराजगंज रायबरेली। अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने चंदापुर मार्ग स्थित एक निजी हॉस्पिटल में छापेमारी कर वहां संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। जांच के दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्र बिना अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट के संचालित पाया गया, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेंटर को सील कर दिया। जांच टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ अंबिका प्रसाद तथा सीएचसी अधीक्षक डॉ गणनायक पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी शामिल रहे। टीम के पहुंचते ही आसपास के कई निजी अस्पतालों में भी हलचल मच गई और कई संचालकों ने अपने प्रतिष्ठानों के बोर्ड तक हटाने शुरू कर दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई अधिकृत रेडियोलॉजिस्ट मौजूद नहीं मिला। अस्पताल परिसर में लगे बोर्ड पर अंकित चिकित्सक भी मौके पर नहीं मिले। प्रथम दृष्टया अल्ट्रासाउंड संचालन संबंधित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए केंद्र को सील कर दिया तथा आवश्यक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
हालांकि इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि हाल ही में लोक सेवा हॉस्पिटल, प्रतिज्ञा हॉस्पिटल, कल्याण सेवा हॉस्पिटल, किलकारी हॉस्पिटल, डीआर सर्जिकल हॉस्पिटल, अक्ष हॉस्पिटल को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कार्रवाई केवल एक अस्पताल तक सीमित रही। लोगों का कहना है कि यदि अन्य संस्थानों में भी अनियमितताएं हैं तो उन पर भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अभियान की निष्पक्षता बनी रहे।

एम्स रायबरेली द्वारा जिला कारागार में हेपेटाइटिस-बी जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन


रायबरेली, 26 जुलाई 2926, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायबरेली के सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग तथा माइक्रोबायोलॉजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कारागार, रायबरेली में हेपेटाइटिस-बी स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन के मार्गदर्शन एवं सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) भोला नाथ के नेतृत्व में इसका आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कारागार के अधीक्षक (Jail Superintendent) तथा जेलर सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी और एम्स की ओर से एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सौरभ पॉल तथा डॉ. शेफाली गुप्ता, रेजिडेंट चिकित्सक एवं इंटर्न्स उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. (डॉ.) भोला नाथ ने बंदियों को संबोधित करते हुए हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी के संक्रमण के विभिन्न माध्यमों, उनसे बचाव के उपायों, समय पर जांच एवं टीकाकरण के महत्व तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागरूकता, समय पर जांच तथा उचित रोकथाम के माध्यम से इन संक्रमणों को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।
इसके पश्चात सामुदायिक चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य विभाग के इंटर्न्स द्वारा हेपेटाइटिस-बी से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने तथा संक्रमण की रोकथाम के संदेश को जनसामान्य तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे बंदियों एवं उपस्थित अधिकारियों ने अत्यंत सराहा।
माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा लगभग 150 बंदियों के रक्त नमूने हेपेटाइटिस-बी की जांच हेतु एकत्र किए गए। इन नमूनों की जांच के आधार पर आवश्यकतानुसार आगे की चिकित्सीय सलाह एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। एम्स रायबरेली भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।image.png

शोषितों पीड़ितों की ढाल है संविधान-इ.वीरेन्द्र

*सपा ने मनाया संविधान मानस्तंभ स्थापना दिवस*
रायबरेली, 26 जुलाई 2926, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार पार्टी कार्यालय सुपर मार्केट में “संविधान मानस्तम्भ स्थापना दिवस” जिला अध्यक्ष इ.वीरेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष इ.वीरेंद्र यादव ने कहा कि आज ही के दिन 26 जुलाई को महात्मा ज्योतिबा फुले द्वारा संकल्पित ‘आरक्षण’ को कोल्हापुर के महाराज राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने अपने कोल्हापुर राज्य में लागू किया था।देश में 26 जुलाई के दिन ही ‘आरक्षण देने का शुभारंभ’ हुआ था।सामाजिक न्याय की भावना को आरक्षण के रूप में इसी दिन अमल में लाया गया था जो आगे चलकर बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के सद्प्रयासों से हमारे देश के संविधान में एक जनाधिकार के रूप में सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने का मूल आधार बना और देश के लोकतंत्र की स्थापना का मूल सिद्धांत भी बना इसके लिए हर वर्ष ‘26 जुलाई’ के दिन से अधिक ऐतिहासिक अवसर कुछ भी नहीं हो सकता है क्योंकि विचार को सही में लागू करना ही तो सबसे बड़ा और प्रभावशाली उदाहरण होता है महाराज राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने इस दिन लागू करके दिखलाया था। जिला अध्यक्ष ने कहा कि इसी परिप्रेक्ष्य में इस वर्ष भी 26 जुलाई को सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश एवं देश में समाजवादी पार्टी “संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस” का आयोजन कर रही है।संविधान ही शोषितों पीड़ितों की ढाल है।
विधायक बछरावा श्याम सुंदर भारती ने कहा कि संविधान मानस्तंभ स्थापना के पीछे की मूल भावना यही है कि ‘संविधान-मानस्तंभ’ वस्तुतः “पीडीए-प्रकाशस्तंभ”के रूप में हमारे “सामाजिक न्याय के राज” की स्थापना के संकल्प का मार्ग सदैव प्रकाशित और प्रशस्त करता रहे।
विधायक हरचंदपुर राहुल लोधी ने कहा कि जब संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा,संविधान ही ढाल है,संविधान ही कवच है।
विधायक प्रतिनिध दिव्यावर सिंह ने कहा कि संविधान ही गैर बराबरी दूर करके समता-समानता को सुनिश्चित करेगा और हमारे बंधु राष्ट्र को बनाने के ‘महा-संकल्प’ को भी साकार करेगा।
संविधान मानस्तम्भ स्थापना दिवस कार्यक्रम को मुख्य रूप से प्रदेश सचिव डा.शशिकांत शर्मा, ओम प्रकाश मिश्रा,चौ.सुरेश कुमार निर्मल,आकाश मौर्या,रामविलास यादव,अनीता राकेश,शिवदुलारी यादव,मुनेश्वर पासी,मो.अरशद खान,मो.मुशीर,सुरेश पासी,डा.अखिलेश पासी,श्रवण चौधरी,राजेश मौर्य,राजेंद्र यादव,ब्रजेन्द्र चौधरी,जगदेव यादव,जेपी यादव,राकेश कुमार,पुत्तन सिंह यादव,भानू प्रकाश पटेल,गंगासागर यादव आदि ने संबोधित किया।
इस अवसर पर सुरजीत सिंह,अखिलेश यादव,श्रवण आज़ाद,हाजी वसीम,डा.जावेद,फ़हीम अहमद,हसीन अहमद,अरुण प्रताप यादव,इज़हार ख़ान,नरेंद्र यादव,हसनैन अहमद,रवींद्र सिंह,देवतादीन पासी,अमर कश्यप,राजेंद्र बहादुर,सूर्यभान सिंह,रामअभिलाख पासी,देशराज यादव,रज्जन पटेल,भीम सिंह,राम किशोर पुजारी,अरविंद चौधरी,भूपेंद्र सिंह,लवकुश मौर्य,अजय मौर्य,महेश गुप्ता,मदन यादव,मो.कैफ़,रेहान अहमद,पारसनाथ यादव,नैय्यर इस्लाम,रामनरेश यादव,सावित्री वर्मा,सुशीला देवी,मनीषा देवी,रवि सिंह,बबलू बाजपेयी,आदित्य सिंह,अविनाश यादव,शिवभजन मौर्य,प्रदीप मौर्य,अजय प्रताप यादव,अशोक गुप्ता,महेंद्र यादव,अभिषेक यादव आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

January 16, 2026

रायबरेली में दिनदहाड़े महिला की हत्या

रायबरेली, 16 जनवरी 2026, कोतवाली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक ने घर में घुसकर शिक्षक की पत्नी की हत्या कर दी। मौके से भागते समय हत्याभियुक्त को पडोसियों ने पकड़ लिया। हत्यारोपी को पुलिस को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार अभिनव तिवारी की पत्नी चालीस वर्षीय स्वप्निल तिवारी घर में अकेली थीं। पति विद्यालय चले गए थे। इसी दौरान एक युवक अपने कुछ साथियों के साथ घर में घुस गया। उसने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के कई बार करने से महिला की मृत्यु हो गई। हत्या के बाद भागते समय युवक को पड़ोसियों ने पकड़ लिया। हत्यारोपी युवक मृतका का दूर का रिश्तेदार बताया जाता है। अनुमान है कि वह लूटपाट के इरादे से घुसा होगा। महिला के विरोध पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

« Newer Posts