Web News

www.upwebnews.com

पिता की प्रताड़ना पर वजीरपुरा में छात्र ने दी थी जान! मां अपने पति पर लगाए गम्भीर आरोप

June 7, 2026

पिता की प्रताड़ना पर वजीरपुरा में छात्र ने दी थी जान! मां अपने पति पर लगाए गम्भीर आरोप

आगरा। थाना हरिपर्वत क्षेत्र के वजीरपुरा में पिता के सामने खुद को गोली मार कर आत्महत्या करने वाले छात्र की मां ने अपने पति पर आरोप लगाए हैं। माँ ने पिता की प्रताड़ना से तंग होकर बेटे के आत्महत्या करने की बात कही है। आरोप है कि बेटे पर धर्म परिवर्तन करने का दवाब भी बनाया गया था। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शिकायत की जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वजीरपुरा की अनारवाली मस्जिद के पास बुधवार की रात को 22 साल का हर्षित अरोड़ा अपने पिता शाहिद के घर गया था। वहां पर किसी बात पर विवाद हो जाने के बाद उसने अपनी कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली थी। पिता शाहिद ने गंभीर अवस्था में हर्षित को इलाज के लिए हास्पीटल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान छह जून को हर्षित की मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद मां ऋचा अरोड़ा ने हरिपर्वत थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

मृतक की मां का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2005 में शाहिद कुरैशी से लव मैरिज की थी। वर्ष 2017 तक दोनों साथ रहे। उनके दो बेटे थे। इसके बाद वह पति से अलग हो गईं। अलग होने के बाद भी शाहिद उनको परेशान कर रहा था। पिता की प्रताड़ना के चलते ही हर्षित परेशान रहता था। उसकी पिता से कहासुनी भी हुआ करती थी। विगत चार जून को भी हर्षित अपने पिता के पास गया था।

ऋचा को रात में शाहिद की दूसरी पत्नी के बेटे सैफ ने फोन कर बताया कि हर्षित ने अपने आप को गोली मार ली है। उसे इलाज के लिए पुष्पांजलि हॉस्पीटल लेकर आए हैं। गंभीर अवस्था होने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बेटे ने दमतोड़ दिया।
ऋचा का आरोप है कि बेटे को किसी और ने गोली मारी हो और इसे सुसाइड बताया जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। इंस्पेक्टर हरीपर्वत नीरज शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर हर पहलू पर जांच की जा रही है।

श्रीमद्भागवत कथा में पाप-पुण्य और भक्ति का महत्व बताया

बलदेव। श्री दाऊजी कोल्ड स्टोरेज पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन  भागवत प्रवक्ता कपिलदेवाचार्य  ने श्रद्धालुओं को पाप-पुण्य और भक्ति का महत्व बताया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मनुष्य द्वारा किए गए पाप और पुण्य का फल उसे इसी जीवन में प्राप्त होता है। व्यक्ति अपने कर्मों के माध्यम से ही सुख और दुख का अनुभव करता है। उन्होंने कहा कि संसार में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य जीवन की तीन महत्वपूर्ण त्रिवेणी हैं, जिनसे सीख लेकर मनुष्य को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने राजा परीक्षित का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्हें सात दिन में मृत्यु लोक जाने का श्राप मिला था, उसी प्रकार मनुष्य के कर्मों का हिसाब भी परमात्मा द्वारा इसी युग में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की भक्ति ही मनुष्य को पापों से मुक्ति दिलाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
इस अवसर पर परीक्षित यतेंद्र पांडेय, रंजना शर्मा, श्री राधा कृष्ण सेवा मंडल के अध्यक्ष राकेश गोयल, अनीता गोयल,तुषार गोयल,नारायण गोयल, सुजीत वर्मा, जगदीश पाठक,शिव कुमार,दीपक सोनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

गोवर्धन परिक्रमा के दौरान कुंड में डूबने से युवक की मौत, प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा

मथुरा। अधिकमास के दौरान ब्रज भूमि एवं गिरिराज महाराज की 21 किलोमीटर परिक्रमा में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कुंडों में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उनके चारों ओर बैरिकेडिंग कराई गई है तथा स्नान के लिए फव्वारों की व्यवस्था की गई है।
इसके बावजूद शनिवार सुबह आगरा के शाहगंज निवासी एक युवक ने अति उत्साह में बैरिकेडिंग पार कर एक कुंड में छलांग लगा दी। बताया गया कि कुंड की अधिक गहराई और फिसलन के कारण युवक बाहर नहीं निकल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बाद में फ्लड टीम और गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव कुंड से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। अब बैरिकेडिंग पर अतिरिक्त जाली लगवाई जा रही है तथा लाउडस्पीकरों के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को गहरे कुंडों में प्रवेश न करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी जा रही है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चन्द्र रावत ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, तीन उपनिरीक्षक निलंबित, एक लाइन हाजिर

अतुल कुमार जिंदल
मथुरा। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और पुलिस विभाग की छवि को स्वच्छ एवं जवाबदेह रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए तीन उपनिरीक्षकों को निलंबित तथा एक उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना राया में तैनात उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह के विरुद्ध उत्कोच (रिश्वत) लेने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने प्रारंभिक जांच में उन्हें दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।
इसी प्रकार थाना रिफाइनरी में तैनात उपनिरीक्षक लोकेन्द्र सिंह को दो समुदायों के बीच हुए विवाद के मामले को गंभीरता से न लेने के आरोप में प्रारंभिक रूप से दोषी पाते हुए निलंबित किया गया है।
वहीं थाना गोवर्धन में नियुक्त उपनिरीक्षक रजत दुबे को विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है।
इसके अतिरिक्त थाना वृन्दावन क्षेत्र की रंगजी चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह को जनपद में चिन्हित माफिया की प्रभावी निगरानी न करने के आरोप में प्रारंभिक रूप से दोषी मानते हुए लाइन हाजिर किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, लापरवाही एवं भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

भैसी एवं गोमती नदी किनारे हुआ हरिशंकरी वृक्षारोपण

पर्यावरण एवं जल संरक्षण का दिलाया संकल्प*
( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर 6 जून ‌। गोमती तट के कायाकल्प एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने विकास खंड बंडा स्थित सुनासीर नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर एवं गोमती नदी क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार एवं प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार ने गोमती नदी तट एवं ग्राम रसूलापुर में हरिशंकरी (पीपल,बरगद, पाकड ) वृक्षों का रोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान बृज प्रांत अध्यक्ष डॉ. विजय पाठक ने लोक भारती द्वारा संचालित सामाजिक प्रयासों जैसे जल संरक्षण, तालाब संरक्षण एवं वृक्षारोपण अभियान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ग्रामवासियों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा ने गोमती एवं भैसी नदी के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिला प्रशासन एवं लोक भारती द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित जनसहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
ब्लॉक प्रमुख बंडा ओम प्रकाश ने जल के महत्व को रेखांकित करते हुए जल संरक्षण पर विशेष बल दिया तथा लोगों से पर्यावरण के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की “एक जनपद-एक नदी” पुनरोद्धार योजना को ऐतिहासिक पहल बताते हुए जनपद में पुनर्जीवित हुई भैसी नदी के लिए लोक भारती टीम, जिला प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने बताया वर्षा जल को संजोने हेतु नदी में प्रत्येक 01 किमी की दूरी पर भू जल संरक्षण हेतु व्यवस्था की गयी है। उन्होंने आगामी जुलाई माह में भैसी नदी की दूसरी धारा पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान में जनसहयोग की अपील भी की।
अपर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए शेष विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर महंत सुनासिर नाथ, खंड विकास अधिकारी बंडा एवं पुवायां, जिला उद्यान अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी लोक भारती के कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन देवेंद्र प्रताप सिंह, राजीव सिंह, डॉ. संजय अवस्थी, आलोक मिश्रा सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगर पालिका बंडा, वन विभाग, लोक भारती, जिला गंगा समिति, सुनासिर नाथ मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।
—-
[06/06, 5:23 pm] Jila Suchana Adhikari Shahjahanpur: प्रेस विज्ञप्ति

डीएम की अध्यक्षता में तहसील पुवायां में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न
शाहजहांपुर 06 जून। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील पुवायां में आयोजित किया गया जिसमें लोगों की शिकायत एवं समस्याओं को सुना तथा प्राप्त सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कानूनगों आदर्श द्वारा भूमि पैमाइश में लापरवाही करने तथा अधिशासी अभियंता विद्युत पुनीत निगम अनुपस्थित होने पर जिलाधिकारी ने निलंबन के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, विद्युत एवं आपूर्ति विभाग की प्राप्त शिकायतों को आज ही व्यवस्थित कर रविवार को संतोषजनक निस्तारण कराते हुए शाम 6:00 बजे तक आवास पर आकर अवगत कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने तहसीलदार एवं नायाब तहसीलदार को सख्त निर्देश दिए कि जनता दर्शन, संपूर्ण समाधान दिवस या अन्य माध्यमों से जो भी शिकायते एवं समस्याएं प्राप्त हो उनका संबंध लेखपाल एवं कानून द्वारा गुणवत्तापरक निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 106, विद्युत 19, पुलिस 14, विकास 22 एवं अन्य विभाग की 14 कुल 175 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायत निस्तारण में मौके पर जाना ज़रूरी है और शिकायतकर्ता के साथ फोटो अवश्य लिया जाए।
उन्होंने कहा कि समयबद्धता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, सभी शिकायतों को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण निस्तारित किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, डीएफओ सचिन कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह एवं उप जिलाधिकारी पुवायां सदानंद सरोज साहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »