Web News

www.upwebnews.com

सीएम योगी के निर्देश: पर्व और परीक्षाओं में कानून व्यवस्था बनी रहे

March 10, 2026

सीएम योगी के निर्देश: पर्व और परीक्षाओं में कानून व्यवस्था बनी रहे

लखनऊ : 10 मार्च, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (रेन्ज), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक सहित शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगामी 13 मार्च को अलविदा की नमाज, 14-15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा सब-इंस्पेक्टर एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा, 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि का शुभारम्भ तथा 20-21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की सम्भावना है। ऐसे में यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यन्त संवेदनशील है। सभी अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और यह सुनिश्चित करें कि यह सभी कार्यक्रम शान्ति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हों।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की नई परम्परा शुरू करने की अनुमति न दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी धार्मिक कार्यक्रम के कारण आमजन को असुविधा न हो। समाज-विरोधी अथवा राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के प्रति ज़ीरो टॉलरेन्स की नीति अपनाई जाए।
मुख्यमंत्री जी ने एस0आई0 भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि 14 और 15 मार्च को प्रदेश के 1,090 परीक्षा केन्द्रों पर चार पालियों में यह परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 15 लाख 75 हजार से अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के अन्य जनपदों से आने की सम्भावना को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्रबन्धन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति न बने। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट पूरी जिम्मेदारी के साथ तैनात रहें तथा इण्टेलिजेन्स तंत्र पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रहे। परीक्षा से पूर्व सभी जनपदों में व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराया जाए। सोशल मीडिया पर सतत् निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तत्काल खण्डन किया जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के बाहर पी0आर0वी0-112 की गाड़ी अनिवार्य रूप से तैनात रहे और जिला प्रशासन, भर्ती बोर्ड के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा को निष्पक्ष और शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराएं।
मुख्यमंत्री जी ने चैत्र नवरात्रि की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि देवीपाटन मन्दिर (बलरामपुर), शाकुम्भरी देवी मन्दिर (सहारनपुर), माँ विंध्यवासिनी धाम (मीरजापुर), ललिता देवी (सीतापुर) सहित प्रमुख शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की सम्भावना है। अयोध्या में आगामी 27 मार्च को श्रीरामनवमी के अवसर पर देशभर से श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबन्धन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि नवरात्रि के अवसर पर नगरों और गांवों में मन्दिरों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त स्वच्छताकर्मी तैनात किए जाएं। पुलिस स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी भीड़ प्रबन्धन और फुट पेट्रोलिंग की कार्ययोजना लागू करे।
मुख्यमंत्री जी ने मीरजापुर, बलरामपुर, सीतापुर, अयोध्या, मथुरा और सहारनपुर जनपदों के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान से तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने यह भी कहा कि 19 मार्च को ही माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी का अयोध्या और मथुरा आगमन प्रस्तावित है। इसके दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं।
मुख्यमंत्री जी ने हालिया वैश्विक परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्तमान में प्रदेश में कहीं भी पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति और वितरण सामान्य है। मुख्यमंत्री जी ने खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कहीं भी किसी प्रकार की घबराहट या कृत्रिम संकट की स्थिति न बनने पाए। खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारी फील्ड में उतर कर निरीक्षण करते रहें। मुख्यमंत्री जी ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

सादाबाद की महिला ने ससुरालियों पर लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप, मुकदमा दर्ज

हाथरस। जिले के सादाबाद क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शादी के कई वर्ष बाद भी ससुराल पक्ष के लोग उससे लगातार दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।
कस्बा सादाबाद के कश्यप नगर निवासी रेखा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी वासुदेव उर्फ अमन के साथ हुई थी। उसका पति नई दिल्ली के सी-313 गली फूलावाली, श्री गायत्री मेडिकल के पास रहता है। रेखा ने बताया कि उसके साथ उसकी 16 वर्षीय बेटी संध्या, 14 वर्षीय बेटा वरुण और 2 वर्षीय बेटा दिव्यांश भी रहते हैं।
पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुरालियों का व्यवहार शुरू से ही लालची प्रवृत्ति का रहा है। शादी के समय उसके पिता ने ससुराल पक्ष की मांग पर करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग करते रहे और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
रेखा ने बताया कि उसके पिता ने उसके जीवन-यापन के लिए एक प्लॉट खरीदने के लिए भी पैसे दिए थे, लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुरसान क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, 6 वर्षीय बच्ची की मौत, माता-पिता घायल

हाथरस। जनपद के मुरसान कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव हरिया की गढ़ी निवासी विपिन वैक्सीन सप्लाई का कार्य करते हैं। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी पूजा और बच्चों के साथ अपनी ससुराल कौशांबी गए हुए थे। 7 मार्च को परिवार हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा और वहां से ऑटो में बैठकर अपने गांव हरिया की गढ़ी लौट रहा था।
इसी दौरान मुरसान कस्बे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विपिन, उनकी पत्नी पूजा और 6 वर्षीय बेटी दामिनी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए हाथरस जिला अस्पताल पहुंचाया।
दामिनी की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा में निजी अस्पताल में इलाज के बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मासूम दामिनी ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया है।

वृंदावन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजकीय बाल गृह (बालिका) का किया निरीक्षण

बालिकाओं से की बातचीत
अन्नप्राशन संस्कार कराया, योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए, परिसर में किया वृक्षारोपण
मथुरा।
महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सोमवार को वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रवेश द्वार पर बाल गृह की सात बालिकाओं ने पुष्प भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने राजकीय बाल गृह की संक्षिप्त जानकारी देते हुए बताया कि महिला आश्रय सदन का भवन वित्तीय वर्ष 2008-09 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कार्यदायी संस्था वृंदावन डेवलपमेंट अथॉरिटी के माध्यम से बनवाया गया था। पहले इस भवन में वृद्ध एवं विधवा माताओं के लिए पांच आश्रय सदन संचालित होते थे, जिन्हें वर्ष 2024-25 में शासन द्वारा बंद कर माताओं को कृष्ण कुटीर वूमेन सेल्टर होम में स्थानांतरित कर दिया गया।
भवन के जीर्ण-शीर्ण होने के कारण महिला कल्याण विभाग द्वारा लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से इसका पुनरुद्धार कराया गया। वर्तमान में अक्टूबर 2025 से यहां 200 बालिकाओं की क्षमता वाला राजकीय बाल गृह संचालित है। परिसर में आगे चलकर सखी निवास (वर्किंग वूमेन हॉस्टल) और शक्ति सदन (18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए) संचालित करने का भी प्रस्ताव है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि बाल गृह में इस समय 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 98 बालिकाएं तथा संवासिनियों के सात बच्चे रह रहे हैं। निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने बालिकाओं के कमरे, प्रशिक्षण केंद्र, किचन, सभागार, स्टाफ कक्ष, कार्यालय, मेस, क्रेच और शौचालय आदि का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने शिक्षकों, स्टाफ, प्रशिक्षकों और संचालकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने दो बच्चों—फैजान और हर्षिता—का अन्नप्राशन संस्कार कराया तथा संवासिनियों के बच्चों को बेबी किट और कपड़े वितरित किए। साथ ही संवासिनियों को गिफ्ट हैम्पर और टी-शर्ट भी प्रदान की गईं।
राज्यपाल ने कौशल विकास के अंतर्गत दो महिला उद्यमियों अनीता सारस्वत और सीमा छापरिया को सम्मानित किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुमंगला योजना की तीन लाभार्थियों—सिमरन, मीनाक्षी और तनवी—तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की तीन लाभार्थियों—चेतना, कृष्णा और प्रियंका गोस्वामी—को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने परिसर में बरगद का पौधा लगाकर वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उन्हें भगवान बांके बिहारी की आकर्षक स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

गोवर्धन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर चोर गिरफ्तार

6 चोरी की बाइक व तमंचा बरामद
सकरवा बाईपास से दबोचे गए आरोपी, मास्टर चाबी से करते थे बाइक चोरी
मथुरा।
गोवर्धन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिल, एक मास्टर चाबी तथा एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च को रात करीब 1 बजे सकरवा बाईपास स्थित सकरवा चौराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान रवि पुत्र सीताराम निवासी हयातपुर थाना खोह जिला डींग (राजस्थान) तथा अरबाज पुत्र वसीर निवासी रूंन्ध थाना खोह जिला डींग (राजस्थान) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई छह मोटरसाइकिल, एक मास्टर चाबी, एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर व एचएफ डीलक्स सहित कई बाइक शामिल हैं। इनमें से एक बाइक हरियाणा के फरीदाबाद से चोरी की पाई गई, जबकि एक बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
इस संबंध में मथुरा के गोवर्धन थाना में मुकदमा संख्या 114/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 317(2), 317(5) तथा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में निरीक्षक मनोज कुमार उज्ज्वल, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक चौधरी सतेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल उपनीश बाबू, कांस्टेबल रिंकू चौधरी, प्रीत कुमार और राहुल बाल्यान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार आरोपी मास्टर चाबी की मदद से विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। उनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
« Newer Posts — Older Posts »