Web News

www.upwebnews.com

बलदेव में हुआ भागवत कथा शुभारंभ, कलशयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

March 11, 2026

बलदेव में हुआ भागवत कथा शुभारंभ, कलशयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

मथुरा, बलदेव में श्री मद्भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। भागवत जी का पूजन बालयोगी जी महाराज ने किया।रीढ़ा स्थित विनय अग्रवाल के बाड़े से कलश यात्रा शुभारंभ हुई जो कि खंदौली रोड,कैलाश मार्ग,शिवरतन बाजार,परिक्रमा मार्ग,मोती बाजार, रीढ़ा मार्गों से गुजरी।151 कलशों के साथ निकली यात्रा का जगह जगह नगरवासियों ने  भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर भागवत प्रवक्ता आचार्य मनीष गर्गाचार्य,परीक्षित श्याम सुन्दर अग्रवाल,चेयरमैन डॉ मुरारी लाल अग्रवाल,थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह,विनय अग्रवाल,सुजीत वर्मा,देव अग्रवाल,रवेंद्र सिंह, डॉ. जगदीश पाठक,लेखराज सिंह,अजीत पहलवान, बंटी पहलवान,पवन गोयल,बसंत लाल, राजा,सतेंद्र पहलवान,मुकुट चौधरी,बलदेव अग्रवाल, करन अग्रवाल, दाऊ गोयल,गोस्वामी शिवम पांडेय,संजीव अग्रवाल,धर्मेंद्र उपाध्याय, गीता रावत,सुधा वर्मा,सुमन,बेबी गोयल,प्रीति सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बलरामपुर में सीएम ने परखी योजनाओं की गति, दिए निर्देश

बलरामपुर, 11 मार्च 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि प्रारम्भ होने जा रही है। देवीपाटन शक्तिपीठ में चैत्र नवरात्रि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आमगन होता है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और भीड़ प्रबन्धन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नवरात्र में मंदिरों के समीप स्वच्छता के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नवरात्रि पर मन्दिरों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएं। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त स्वच्छताकर्मी तैनात किए जाएं। मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान ने मेले की तैयारियों से अवगत कराया।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों के आसपास एण्टी रोमियो स्क्वॉड तैनात रहे। शोहदों, चेन स्नेचरों आदि के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे लोगों की फोटो सार्वजनिक स्थलों और सोशल मीडिया पर लगायी जाए। ग्राम चौकीदारों को सक्रिय किया जाए। जिला मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक नियमित हो। सभी अपराधियों को कानून के तहत सजा दिलायी जाए, जिससे उनमें कानून का भय हो।

मई तक वि वि का कार्य पूर्ण हो

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण में तेजी लाकर इसे मई 2026 तक पूर्ण किया जाए। यूनिवर्सिटी को रिसर्च सेण्टर के तौर पर भी विकसित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में सभी औपचारिकता पूर्ण करते हुए नए सत्र से पढ़ाई के लिए तैयार किया जाएं। शीघ्र ही वहां मेडिकल की पढ़ाई शुरू करायी जाएगी।

थारू जनजाति तक विकास का लाभ पहुंचाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में थारू जनजाति एवं अन्य परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से संतृप्त किया जाए। थारू जनजाति क्षेत्र में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाया जाए। सी0एम0 युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्रशिक्षण कराया जाए। राजस्व वादों, पैमाइश एवं विरासत के निस्तारण में तेजी लायी जाए।
बाढ़ से बचाव के लिए अभी से तैयारी शुरू की जाए। नदियों, पहाड़ी नालों के ड्रेनेज-चैनलाइज का कार्य समय से पूर्ण किया जाए। महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए चलायी जा रही विशेष योजनाओं (प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आदि) का लाभ हर पात्र को मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापारी बन्धुओं की नियमित बैठकें हों और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए।

गोवंश संरक्षण स्थल को सुदृढ़ किया जाय
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश संरक्षण स्थल को और सुदृढ़ किया जाए। सभी स्थल पर सी0सी0टी0वी0 कैमरे लगे हों और गोवंश की नियमित गणना हो। विधानसभा तुलसीपुर और गैसड़ी में सी0एम0 कम्पोजिट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों, आमजन, विभिन्न संस्थाओं से प्रशासन का बेहतर संवाद हो। सभी अधिकारी प्रतिदिन जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्या एवं शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी अप्रैल माह से परिषदीय विद्यालयों का नया सत्र प्रारम्भ हो रहा है। सभी बच्चों को ड्रेस, बैग, किताबें, जूते-मोजे आदि उपलब्ध करा दिए जाएं। ‘स्कूल चलो अभियान’ की तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। आंगनबाड़ी केंद्रों में अच्छी व्यवस्था हो। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर हो। मरीजों को जनपद में ही बेहतर इलाज मिले, उन्हें अन्य जनपदों में न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री जी को जनपद में महिलाओं एवं बच्चों के पोषण सुधार के लिए प्रोजेक्ट संवर्धन, असंक्रमणीय भूमि को संक्रमणीय भूमिधर घोषित किए जाने के अभियान, अवैध अतिक्रमण, थारू जनजाति क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर विद्युतीकरण एवं सम्पर्क मार्ग बनाए जाने, आगामी सीजन हेतु सहकारी समितियां पर ऑनलाइन माध्यम से उर्वरक वितरण, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के उन्नयन, जारवा ईको टूरिज्म के विकास आदि के बारे में अवगत कराया गया।
मुख्यमंत्री जी द्वारा बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, सी0एम0 युवा स्वरोजगार योजना, नये औद्योगिक क्षेत्र के विकास, जल जीवन मिशन, निर्माणाधीन परियोजनाओं, रिंग रोड का निर्माण, 100 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट, नगर पालिका में एस0टी0पी0 का निर्माण, सभी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के लिए पेयजल पुनर्गठन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीमावर्ती क्षेत्र में थारू जनजाति एवं अन्य परिवारों को योजनाओं से संतृप्त किए जाने, एन0आर0एल0एम0, ऑपरेशन कायाकल्प, गो संरक्षण,  टीकाकरण,  ईयर टैगिंग, पौधरोपण, आई0जी0आर0एस0 समेत समस्त बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रांगण में मौलश्री का पौधा लगाया। उन्होंने विश्वविद्यालय के मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को हर हाल में मई, 2026 तक निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में इसमें विलम्ब नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री जी को माँ पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के कुलपति ने कार्य की प्रगति के सम्बन्ध में अवगत कराया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। मुख्यमंत्री जी ने अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा महाविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया ।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पिता द्वारा  बेटे की फावड़े से हत्या 

हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजिदपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान पिता ने अपने ही बेटे पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।बताया गया है कि गांव निवासी 22 वर्षीय सतवीर सिंह का बुधवार दोपहर अपने पिता कोमल सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि उस समय पिता शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उसने सतवीर के सिर और छाती पर फावड़े से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।परिजन घायल सतवीर को इलाज के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में सतवीर ने दम तोड़ दिया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक सतवीर सिंह एक इंटरलॉकिंग प्लांट में काम करता था और अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

गैस संकट: रनिंग रूम में मनमर्जी का खाना नहीं बनवा सकेंगे गार्ड-ड्राइवर

रेलवे।

-मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रनिंग रूम में भी एलपीजी गैस का संकट
-खुद राशन बनवाने की सुविधा पर प्रशासन की रोक

Post on 11.3.26
Wednesday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद,(उप्र समाचार सेवा)।
देश मे एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति में आई कमी का असर दिखने लगा है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बाद रसोई गैस आपूर्ति को नियंत्रित करने की कोशिशें हो रही है।
गैस सिलेंडरकी आपूर्ति बाधित होने का संकट अब रेलवे में भी गहराया है।
बुधवार को मुरादाबाद में स्थित रनिंग रूम में स्वयं राशन बनवाने पर रोक लगा दी गई है। रनिंग रूम में अब लोको पायलट व ट्रेन मैनेजर (गार्ड) पहले की तरह अपनी इच्छा का खाना नहीं बनवा सकेंगे। रेल कर्मियों को अब रनिंग रुम के मीनू के अनुसार बनने वाले खाने पर निर्भर रहना पड़ेगा।
पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में गैस संकट की खबरें है। युद्ध का असर रोजमर्रा के जीवन पर भी पड़ा है। कई जगहों पर होटल, रेस्त्रां आदि बंद हुए। रसोई गैस आपूर्ति में बाधित होने का असर रेलवे स्टेशनों पर पड़ा है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर टीटीई रेस्ट हाउस की कैंटीन बंद हो गई। इससे रेल कर्मियों के सामने चाय, खाने के लिए परेशानी हुईं। गैस आपूर्ति बाधित होने का असर मुरादाबाद स्टेशन पर रनिंग रूम की व्यवस्था पर भी पड़ा है। रनिंग रूम में लोको पायलट, सहायक और ट्रेन मैनेजर के लिए खान पान की व्यवस्था है। मुरादाबाद रनिंग रूम में करीब चार सौ ड्राइवर व गार्ड का आना-जाना है। गैस आपूर्ति के संकट के चलते रनिंग रूम में स्वयं राशन बनवाने की सुविधा को भी रोक दिया गया है। इसका असर उन रेल कर्मियों पर पड़ेगा जो अपनी राशन सामग्री से अपनी जरुरत का खाना बनवाते। पर गैस आपूर्ति के संकट को देखते हुए अगले आदेश तक राशन बनवाने पर पाबंदी लगाई गई है।
इसे लेकर मंडल रेल प्रशासन का कहना है कि रनिंग रूम में खानपान का संकट नहीं है। रेल कर्मियों के स्वयं का राशन बनवा कर खाना बनाने पर रोक लगाई गई है।

*2023 बैच के आईपीएस अरुण कुमार एस ने सीओ कैंट का पदभार संभाला

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
11/03/2026

गोरखपुर। 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुणकुमार एस ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) कैंट का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया था, जबकि बुधवार को अपने कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार संभालते हुए कर्मचारियों के साथ बैठक की तथा कैंट क्षेत्र की कानून व्यवस्था की जानकारी ली।
आईपीएस अरुणकुमार एस की प्रारंभिक पुलिस प्रशिक्षण कानपुर में हुई थी। इसके बाद अगस्त 2025 में प्रशिक्षण के दौरान ही उन्हें गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में फील्ड ट्रेनिंग के लिए भेजा गया, जहां उन्होंने पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं को नजदीक से समझा और स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था के संचालन का अनुभव प्राप्त किया।
फील्ड ट्रेनिंग के बाद उन्हें आगे के प्रशिक्षण के लिए मुरादाबाद स्थित पुलिस प्रशिक्षण मुख्यालय भेजा गया, जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त किया।
दिसंबर 2025 में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अरुणकुमार एस पुनः गोरखपुर आए और उन्हें क्षेत्राधिकारी (सीओ) गीडा के पद पर तैनाती दी गई। गीडा क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास भी किया गया।
अब उन्हें शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील माने जाने वाले कैंट क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को उन्होंने अपने कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाला और पुलिस कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों और संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

« Newer Posts — Older Posts »