Web News

www.upwebnews.com

सीता मइया के दिव्य चरित का ज्ञान करायेगी ‘वैदेही आर्ट गैलरी’: मुख्यमंत्री

February 4, 2026

सीता मइया के दिव्य चरित का ज्ञान करायेगी ‘वैदेही आर्ट गैलरी’: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री का निर्देश, अयोध्या में वरिष्ठ भवन परिसर में तैयार होगी ‘वैदेही आर्ट गैलरी

मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपरा और कला के विविध आयामों को गैलरी में प्रमुखता से दर्शाएं

लखनऊ, 04 फरवरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीअयोध्या धाम में माता सीता के जीवन-चरित पर केंद्रित ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ की स्थापना के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की बैठक में उन्होंने कहा कि सीता मइया भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नैतिक आदर्शों की अनुपम प्रेरणा हैं, और नई पीढ़ी को उनके उज्ज्वल चरित्र से गहराई से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
आर्ट गैलरी की परिकल्पना साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक गैलरी केवल एक कला-संग्रहालय न होकर, सीता माता के जीवन, त्याग, करुणा, मर्यादा, धैर्य और शक्ति का आधुनिक तकनीक के माध्यम से पुनर्पाठ प्रस्तुत करने वाली एक जीवंत सांस्कृतिक अनुभव-स्थली होनी चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिया कि इस गैलरी की कथा-वस्तु, डिजाइन, विज़ुअल भाषा, कला और तकनीक सहित सभी आयाम इस भावना को प्रकट करे कि हम एक दिव्य विरासत का पुनर्पाठ कर रहे हैं, जिसे नई पीढ़ी के सामने प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित किया जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैदेही आर्ट गैलरी की मूल भावना यही हो कि आगंतुक सीता माता के जीवन-संदेश को केवल देखें नहीं, बल्कि उसे अनुभव करें, समझें और आत्मसात करें।

अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित की जा सकती, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि इस गैलरी का विकास अयोध्या के वैश्विक सांस्कृतिक नगर के रूप में उभरने के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण चरण होगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपरा और कला के विविध आयामों को गैलरी में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।

लंबित आवास मामलों के निस्तारण हेतु ‘एकमुश्त समाधान योजना’ लागू करें: मुख्यमंत्री

  • सभी पात्र आवंटियों तक ओटीएस योजना की जानकारी पहुंचे, मुख्यमंत्री ने व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए
  • लंबित देयों का मानवीय व न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करें
  • डिफॉल्टर मामलों के निस्तारण में गति लाएं, प्रक्रिया को पूरी तरह यूजर-फ्रेंडली बनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की प्रवेश द्वार को लेकर समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आवास पर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए

लखनऊ, 04 फरवरी,  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की बैठक में लंबित आवासीय और व्यावसायिक आवंटनों के त्वरित निस्तारण के लिए एक नई ‘एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस-2026)’ लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित देयों और विवादित मामलों के कारण न केवल योजनाओं की प्रगति प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था लागू करना है, जिसमें समाधान तेज, पारदर्शी और सभी के लिए व्यावहारिक हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की किसी भी योजना में लंबित भुगतान या विवादित आवंटन राज्य की विकास गति को धीमा करते हैं। इसलिए आवास विभाग को ऐसी समाधान-प्रधान व्यवस्था लागू करनी चाहिए, जिससे विभाग को आवश्यक राजस्व प्राप्त हो और आवंटियों को भी राहत मिले। उन्होंने कहा कि यह योजना जन-केंद्रित होनी चाहिए, जिसमें हर वास्तविक आवंटी को स्पष्ट और सरल विकल्प उपलब्ध हों। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2020 में लागू की गई ओटीएस-2020 योजना से बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण हुआ था, लेकिन कोविड-19 के कारण कई आवंटी अंतिम भुगतान नहीं कर पाए। विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों में प्रदेश के विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में मौजूद ऐसे सभी डिफॉल्ट मामलों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओटीएस-2026 योजना को अधिक व्यावहारिक और लाभकारी स्वरूप दिया जाए। एकमुश्त भुगतान करने वाले आवंटियों को देयों पर उपयुक्त छूट दी जाए। साथ ही, किस्तों में भुगतान की सुविधा हो। उन्होंने कहा कि योजना के प्रावधानों को अंतिम रूप देते समय यह ध्यान रहे कि योजना के मूल में आम आदमी को राहत देने का ही भाव निहित हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि विभाग द्वारा प्रत्येक आवेदन का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में कर दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई योजना लागू होने से हजारों आवंटियों को राहत मिलेगी और विभाग को राजस्व भी प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार की विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे अवगत हो सकें। उन्होंने कहा, ‘एकमुश्त समाधान योजना’ के बारे में आम जनता के बीच सक्रिय रूप से जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि सभी पात्र लोग इसका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि योजना की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल होनी चाहिए।

February 3, 2026

राजधानी का छह फरवरी से नए स्टेशन पर ठहराव

मुरादाबाद। डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस अब धेमाजी स्टेशन पर रुकेंगी। छह फरवरी से नए स्टेशन पर ठहराव शुरु हो जाएगा।
रेल प्रशासन के अनुसार यात्री सुविधा के लिए डिब्रूगढ़ से नई
दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 20505-06 को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में नए स्टेशन पर ठहराव का निर्णय लिया है।

Moradabad दो भाईयों समेत चार को तीन तीन साल की सजा

Posted on 03.02.2026 Tuesday, Time 09.10 PM
मुरादाबाद, 3 फरवरी (उप्र समाचार सेवा)। जिले के मैनाठेर क्षेत्र में मारपीट में परिवार के चार लोगों को सजा मिली है। इनमें दो सगे भाई भी है। चारों दोषियों पर 13 -13 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
मंगलवार को विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी (पी ए) कोर्ट सुरेन्द्र कुमार ने निर्णय सुनाया। विशेष लोक अभियोजक आनंद पाल सिंह ने बताया कि मैनाठेर के गांव महमूदपुर माफी में महिला शारदा देवी और उसके बेटे महेश की गांव में एक परिवार के लोगों ने मारपीट की। 6 सितंबर 2015 को गांव में किसी बात को लेकर हिम्मन के पुत्र किशन से विवाद हुआ। मामूली कहासुनी ने बड़े विवाद का रूप ले लिया। किशन व अन्य लोगों ने महेश और बीच बचाव को आईं महिला शारदा को जमकर पीटा। घायल शारदा की पुत्री रुबी ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
केस की सुनवाई एससी-एसटी कोर्ट में हुई। अदालत में दोनों पक्षों को सुना गया। अदालत ने साक्ष्य के आधार पर आरोपियों को दोषी ठहराया। अदालत ने किशन व भाई हेतराम, हेतराम का पुत्र संजीव और एक अन्य मोतीराम को तीन तीन साल की सजा और 13-13 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थक सड़कों पर उतरे

BJP workers Dharna in support of Rajeshver Singh MLA

विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थन में धरना देते भाजपा कार्यकर्ता

Posted on: 03.02.2026, Time: 06.54 Tuesday, Source Uttar Pradesh Samachar Sewa, Lucknow 

लखनऊ, 03 फरवरी 2026, भारतीय जनता पार्टी के सरोजनीनगर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह के समर्थन में सैकड़ों कार्यकर्ता और जनता सड़क उतर आई। उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी की, कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ करवाई की मांग की। समर्थकों ने कानपुर मार्ग पर धरना, प्रदर्शन भी किया।

सरोजनीनगर क्षेत्र की जनता में विधायक राजेश्वर सिंह की मानहानि किए जाने को लेकर आक्रोश है। दरअसल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा विधायक पर अनर्गल टिप्पणियां की हैं। उनके ईडी में सेवाकाल को लेकर मनगढ़ंत आरोप लगाए हैं। इससे विधायक समर्थक भड़क गए हैं।

« Newer PostsOlder Posts »