Web News

www.upwebnews.com

वृंदावन में उद्घाटन समारोह के दौरान नवनिर्मित होटल में लगी आग

February 11, 2026

वृंदावन में उद्घाटन समारोह के दौरान नवनिर्मित होटल में लगी आग

Fire in Mathura Vrandavan Hotel

वृंदावन के होटल में आग

बच्ची और एक महिला झुलसी
फायर ब्रिगेड की कड़ी मेहनत से पाया आग पर काबू
Posted on 11.02.2026 Time 09.04 PM Wednesday 
 मथुरा, 11 फरवरी । वृन्दावन में बुधवार को एक बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। यहाँ रुक्मिणी विहार स्थित नवनिर्मित होटल सिद्धि विनायक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब होटल के उद्घाटन समारोह के दौरान ही भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक महिला और एक बच्ची  झुलस गई,
वृन्दावन कोतवाली के अंतर्गत केशव धाम चौकी क्षेत्र में स्थित इस होटल का आज ही भव्य उद्घाटन होना था। समारोह की तैयारियाँ चल रही थीं, तभी अचानक आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआती जाँच में जिला प्रशासन ने आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई है।आग की चपेट में आने से एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।जानकारी के अनुसार इस होटल का निर्माण राया के निवासी विनीत अग्रवाल और अलीगढ़ के हरी अग्रवाल ने पार्टनरशिप में कराया है। फिलहाल दमकल विभाग और पुलिस नुकसान के आकलन और अन्य तकनीकी खामियों की जाँच में जुटे हैं।

Gorakhpur डीजे को लेकर विवाद में युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

UP Web News

यूपी वेब न्यूज

तीन नामजद समेत पांच पर मुकदमा, दो हिरासत में; फरार आरोपियों की तलाश तेज
Posted on 11.02.2026 Wednesday, Time 08.50 PM Wednesday, Gorakhpur News, Santosh Kumar Singh 
गोरखपुर, 11 फरवरी। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हरिजनपुर में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल मुनीब चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम के साथ तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था कायम रखने की कोशिश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी की रात गांव में बालचंद के घर शादी समारोह चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने और आवाज को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान मुनीब चौहान को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए इलाज शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद मुनीब की जान नहीं बचाई जा सकी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मृतक की बहन सरोज देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि डीजे को लेकर पहले भी गांव में कई बार विवाद हो चुका है, लेकिन इस बार मामला जानलेवा साबित हुआ। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और लोग स्तब्ध हैं कि मामूली कहासुनी ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया।
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी गोरखपुर दिनेश कुमार ने बताया कि प्रकरण में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न उत्पन्न हो। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग की अपील की है।
फिलहाल पूरे गांव की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं, वहीं परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

रामपुर जिला पंचायत परिसर में दिनदहाड़े गोलीबारी, अधिवक्ता की मौत, एक कर्मचारी घायल

Posted on 11.02.2016 Wednesday, Time 08.29 PM Rampur News

रामपुर,11 फरवरी 2026। जिले के जिला पंचायत परिसर में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक अधिवक्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अधिवक्ता फारुख के रूप में हुई है और घायल कर्मचारी असगर बताया जा रहा है।
मृतक के भाई के अनुसार, फारुख की पत्नी जिला पंचायत में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। गोली चलाने वाला आरोपी भी उसी परिसर में कार्य करता है। घटना के दौरान आरोपी ने पहले फारुख को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
घायल अवस्था में आरोपी को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के निर्देश दिए। जिला पंचायत परिसर में हुई इस वारदात के बाद अपर पुलिस अधीक्षक, सीईओ और एडिशनल एसपी भी जांच में जुट गए हैं। वहीं जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की।
पुलिस के अनुसार, गोली चलाने के आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, हालांकि वह खुद भी घायल है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यूपी बजट 2026-27: उच्च शिक्षा को मजबूती, नए विश्वविद्यालयों और छात्र कल्याण पर जोर

Posted on 11.02.2926 Wednesday, Time 08.21 PM Uttar Pradesh Budget 

लखनऊ। यूपी विधानसभा सत्र के तीसरे दिन राज्य के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया। लगभग 9.13 लाख करोड़ रुपये के इस बजट को “विकसित उत्तर प्रदेश 2047” के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम बताया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि यह बजट प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में गति देगा।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगी सरकार ने बड़े निवेश का फैसला किया है। बजट 2026-27 में उच्च शिक्षा के लिए 6,591 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7 प्रतिशत अधिक है। इसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना हेतु 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए 40 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव मिल सकेगा।
इसके अलावा विभिन्न मंडलों में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की जाएगी। मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय (मिर्जापुर), गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (मुरादाबाद) और मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय (बलरामपुर) के लिए 50-50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। छात्र मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति के तहत नई योजना के लिए 14.50 करोड़ रुपये भी प्रस्तावित किए गए हैं।

9 वर्ष में बजट का आकार तीन गुना से ज्यादा बढ़ा, कोई नया टैक्स नहीं लगा : योगी

  • यूपी में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश
  • गत वर्ष से 12 प्रतिशत अधिक बढ़ोतरी हुई
CM Yogi Adityanath Press Conference Lucknow

बजट प्रस्तुत करने के बाद मीडिया से बात करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Posted on 11.02.2026 Wednesday, Time:08.17 PM, UP Assembly, Budget

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट विधान सभा में प्रस्तुत किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में 9,12,696.35 करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 की तुलना में करीब 12 प्रतिशत से अधिक है। इस बजट में पिछली बार के मुकाबले लगभग 80 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।
बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से बातचीत में इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पिछले नौ वर्षों में “पैरालिसिस क्राइसिस” से निकलकर अपनी वास्तविक क्षमता की ओर तेजी से बढ़ा है। आज यूपी देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह बजट राज्य को भारत की नंबर वन अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
मुख्यमंत्री योगी ने इस बजट को “उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण का बजट” बताते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में राज्य का बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा है, जबकि इस दौरान कोई नया टैक्स नहीं लगाया गया। उन्होंने इसे विकास, विश्वास और समावेशी प्रगति का प्रतीक बताया।
सीएम योगी ने बताया कि बजट की प्रमुख थीम “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा और खुशहाल किसान” है। यह बजट राज्य में कानून-व्यवस्था, रोजगार, कृषि, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण को और मजबूती देने पर केंद्रित है।
सरकार का दावा है कि यह बजट उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और प्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »