Web News

www.upwebnews.com

17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा घेराव, हाथरस में तैयारियां तेज

February 16, 2026

17 फरवरी को लखनऊ में विधानसभा घेराव, हाथरस में तैयारियां तेज

हाथरस। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 17 फरवरी, मंगलवार को सुबह 11 बजे लखनऊ में विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर हाथरस सहित पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं के बीच तैयारियां तेज हो गई हैं।
कांग्रेस सिपाही चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने जारी बयान में कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आम जनता त्रस्त है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान लागत और कर्ज के बोझ से दबे हैं तथा महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की निर्णायक लड़ाई है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा घेराव के माध्यम से अहंकारी सत्ता को स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि जनता अन्याय सहन नहीं करेगी। आंदोलन के जरिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथ मजबूत किए जाएंगे। साथ ही अविनाश पांडे, तौकीर आलम तथा अजय राय के नेतृत्व में चल रहे अभियान को गति देने की बात कही गई।
कांग्रेसजनों से अधिक संख्या में लखनऊ पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।

आपसी झगड़े में भाभी की मौत, देवर घायल 

मथुरा । थाना नौहझील के अंतर्गत  गांव कटेलीया गांव में आरोपी देवर ने भाभी को धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया।किसी बात को लेकर देवर ओर भाभी के बीच झगड़ा हो गया जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसमें वहीं भाभी के द्वारा भी उसपर वार किया गया जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई और घटना के वाद परिवार के लोगों ने दोनों को अस्पताल भेज दिया जहां पर भाभी की इलाज के दौरान मौत हो गई वहीं देवर की हालत नाजुक बनी है मगर जिस तरह से एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि परिवार के द्वारा पुलिस को सूचित नहीं किया और घटना से जुड़े सभी सबूत मिटाने की कोशिश की गई उससे कही न कहीं मृतक महिला के ससुराल वाले भी संदेह के घेरे में है वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है ।

February 15, 2026

प्रतापगढ़ में चलती कार पर गिरा 1000 किलो का हाईमास्ट पोल, सपा नेता की मौत

प्रतापगढ़ 15 फरवरी , जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अंतू क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट लगाने के दौरान 1000 किलो वजनी पोल अचानक अनियंत्रित होकर चलती कार पर गिर पड़ा। हादसे में समाजवादी पार्टी (समाजवादी पार्टी) के नेता लाल बहादुर यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोल कार के ड्राइवर साइड आगे की ओर गिरा, जिससे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला हिस्सा करीब दो फीट तक ऊपर उठ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि लाल बहादुर यादव को चीखने तक का मौका नहीं मिला।
घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे की है। उस समय हाईमास्ट लाइट का पोल मजदूरों द्वारा खड़ा किया जा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पोल सीधे सड़क से गुजर रही कार पर गिर गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मृतक लाल बहादुर यादव (47) अंतू नगर पंचायत से वर्ष 2022 में चुनाव लड़ चुके थे। वह पेशे से PWD के ठेकेदार थे और उनके पास देशी शराब का ठेका भी था। घटना के समय वह अपनी क्रेटा कार से शहर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं।

भारतीय डाक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष उपेंद्र, राहुल सचिव

Posted on 15.02.2026 Time 09.47 PM Sunday, Rajesh Bhatia Moradabad

मुरादाबाद, 15 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
रविवार को भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप सी के अधिवेशन में संगठन का गठन किया गया। संघ के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह व मंडलीय सचिव राहुल कुमार को चुना गया। इसके साथ ही सोलह सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
मुरादाबाद में प्रधान डाकघर में भारतीय डाक कर्मचारी संघ का अधिवेशन हुआ। अधिवेशन में संघ के प्रांतीय सचिव राजीव सिंह, उप प्रांतीय सचिव अशोक यादव, सहायक प्रांतीय मंत्री संदीप कुमार रहे। इस दौरान विभागीय पर्यवेक्षक के तौर पर सहायक अधीक्षक उत्तरीय प्रवीन कुमार गुप्ता भी रहे।
इस दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, व मंडलीय सचिव राहुल कुमार को चुना गया। इसके अलावा उपाध्यक्ष संजीव कुमार व अशोक कुमार, सहायक सचिव – वैभव भारद्वाज, नवीन अग्रवाल, अंशुल सक्सेना व दिनेश कुमार, कोषाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, संगठन मंत्री-विनीत चौहान, संदीप सिंह व योगेंद्र सिंह व संगठन मंत्री विकेंद्र सिंह व अमर सिंह और लेखा परीक्षक सत्य प्रकाश बने।

गोरखपुर में युवक की हत्या


*गोरखपुर**घर से बुलाकर ले गए दोस्त, मैदान में गोली मारकर युवक की हत्या*

*आक्रोशित परिजनों का रोड जाम, बोले – जान के बदले जान चाहिए, हमें न्याय चाहिए*

संतोष कुमार सिंह

गोरखपुर 15 फरवरी। चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव में रविवार शाम दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अरुण निषाद (22) पुत्र भोला निषाद के रूप में हुई है। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गुस्साए लोगों ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सामने गोरखपुर–महराजगंज मार्ग जाम कर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि रविवार करीब चार बजे विशाल नाम का युवक अपने साथियों के साथ गाड़ी से अरुण के घर पहुंचा और उसे किसी काम के बहाने बाहर बुलाकर ले गया। परिजनों का आरोप है कि पहले से चली आ रही रंजिश को लेकर विशाल, देवेन्द्र और पांच-छह अन्य युवकों ने अरुण को मैदान की तरफ ले जाकर कहासुनी की और फिर उसे गोली मार दी। गोली लगते ही अरुण जमीन पर गिर पड़ा।
आसपास के लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अरुण दो भाइयों में बड़ा था और पेंट पालिश का काम कर परिवार का सहारा था।
मेडिकल कॉलेज में मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। लोगों ने गोरखपुर–महराजगंज रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक आवागमन ठप रहा। परिजनों का साफ कहना था – “हमें कुछ नहीं चाहिए, जान के बदले जान चाहिए, हमें सिर्फ न्याय चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खत्म कराया और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र, सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह समेत भारी पुलिस बल गांव और मेडिकल कॉलेज पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मृतक के पिता भोला निषाद की तहरीर पर दो नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »