Web News

www.upwebnews.com

नाबालिग से दुष्कर्म में दोषी को 12 साल की सजा

April 8, 2026

नाबालिग से दुष्कर्म में दोषी को 12 साल की सजा

पाँक्सो कोर्ट-1 ने सुनाई सजा, दोषी पर 45 हजार रुपए जुर्माना
-संभल के हजरतनगर गढ़ी का निवासी, युवक ने किशोरी का कर किया था अपहरण

Post on 8.4.26
Wednesday,Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
विशेष न्यायाधीश पाँक्सो कोर्ट अविनाश चन्द्र मिश्रा ने अपहरण व दुष्कर्म में दोषी को 12 साल की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 45 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। संभल के हजरतनगर गढ़ी के गांव सोनकपुर (अब थाना) में आरोपी अनुपराज और एक अन्य गांव में किशोरी का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे नोएडा ले गया। और दुष्कर्म किया। इस बीच किशोरी वापस लौट आईं पर लोक लाज के चलते तब पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। पीड़िता के परिजन इस घटना के बाद किशोरी लेकर मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र में आकर रहने लगे। पर आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा। घटना वाले दिन युवक घर के पास शौचालय की ओर बैठ गया। इस बीच वहां पहुंची नाबालिग को पकड़ लिया और जबरदस्ती करने लगा। पीड़िता के शोर शराबा सुन लोग वहां पहुंच‌ गए। आरोपी को पकड़ कर थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जांच के बाद 23 जून,18 को आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।
विशेष लोक अभियोजक अभिषेक भटनागर और मनोज वर्मा का कहना है कि‌ मामले में सुनवाई पाँक्सो कोर्ट-1अविनाश चंद्र मिश्र की अदालत में हुईं। अदालत ने साक्ष्य के आधार पर अनुपराज को दोषी ठहराया। कोर्ट ने दोषी को 12 साल की सजा और सभी धाराओं में सजा व जुर्माना लगाया।

जीएसटी चोरी के आरोपी की कोर्ट में जमानत अर्जी खारिज

फर्जी फर्म के जरिए टैक्स हासिल करने

Post on 8.4.26
Wednesday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
करोड़ों की जीएसटी घोटाले में आरोपी पुनीत सिंह को जमानत नहीं मिल सकी। बुधवार को एडीजे व विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) जितेंद्र सिंह-द्वितीय की अदालत ने फर्जी फर्म के जरिए करोड़ों की जीएसटी चोरी व आईटीसी हासिल करने वाले आरोपी की जमानत प्रार्थना पत्र को खारिज कर दिया।
राज्य कर विभाग की ओर से अक्तूबर, 25 को रामपुर के इमदाद कुरैशी की अल जजा ट्रेडर्स के खिलाफ 1.20 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच कर रहीं एसआईटी की टीम ने 26 फरवरी,26 को आगरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र के मधुनगर निवासी पुनीत को गिरफ्तार कर लिया। जांच पड़ताल में पुनीत सिंह का नाम सामने आया था। एसआईटी टीम ने दावा किया कि आरोपी ने पूछताछ में जानकारी दी कि वर्ष 2019 में वह दिल्ली में कपड़े की दुकान पर काम करता। वहां उसकी मुलाकात सिद्दीकी नामक युवक से के हुई थी।उसी ने पुनीत की पत्नी के नाम से मेघना इंटर प्राइजेज फर्म बनाई। और जीएसटी नंबर हासिल कर लिया। इसकी एवज में उसे 20 हजार रुपये मिलते। बाद में पुनीत ने जीएसटी जाकर यूजर नेम व पासवर्ड भी हासिल कर लिया। अपने, पत्नी, बेटी और अन्य लोगों के नाम से फर्म बनाकर बिना माल की खरीद फरोख्त के बिल तैयार कर आईटीसी हासिल करने लगा।उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर बिना माल आपूर्ति के करोड़ों की खरीदफरोख्त दिखाकर कई करोड़ रुपये का आईटीसी क्लेम ले लिया।
अपर डीजीसी मुनीश भटनागर ने बताया कि कोर्ट में आरोपी पुनीत ने अपने वकील के जरिए कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की। जमानत अर्जी की सुनवाई एडीजे एवं विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) जितेंद्र सिंह की अदालत में हुईं। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते एडीजे कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दिया।

जम्मू ने अंबाला और कपूरथला ने फिरोजपुर को हराया

-रेलवे स्टेडियम में शुरू हुआ अंतर मंडलीय सुरक्षा क्रिकेट टूर्नामेंट, 11 अप्रैल तक चलेंगे मैच

Post on 8.4.26
Wednesday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
मुरादाबाद में रेलवे स्टेडियम में अंतर मंडलीय रेलवे सुरक्षा बल क्रिकेट टूर्नामेंट का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त मो असलम ने मैच का उद्घाटन किया। पहले दिन हुए मैच में जम्मू ने अंबाला और रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला ने फिरोजपुर की टीम को हरा दिया। टूर्नामेंट 11 अप्रैल तक चलेगा।
टूर्नामेंट में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें मुरादाबाद, दिल्ली, अम्बाला, जम्मू, फिरोजपुर व रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला है।
पहला मैच जम्मू और अम्बाला के बीच खेला गया। अंबाला ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।जम्मू ने पहले खेलते हुए निर्धारित बीस ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। इसके जवाब में अंबाला अपने आठ विकेट के नुकसान पर केवल 155 रन ही बना सकी। जम्मू मंडल ने मैच 17 रन से जीता। मैन ऑफ दि मैच अजीत जांगिड़ रहे। बल्लेबाजी करते हुए 34 रन बनाये और तीन विकेट लिए।
जबकि दूसरा मैच फिरोजपुर व रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला के बीच हुआ | इस मैच का उदघाटन सीनियर डीओएम
चेतन तनेजा ने किया। मैच में कपूरथला ने टॉस जीतकर पहले
बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। जबकि
फिरोजपुर की टीम छह विकेट के नुक्सान पर 163 रन ही बना सकीं। मैच का नतीजा सुपर ओवर में हुआ। फिरोजपुर ने पहले बल्लेबाजी कर दो विकेट के नुकसान पर तीन रन बनाए। जवाब में रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला ने एक विकेट पर चार रन बनाकर मैच जीत लिया | मैन ऑफ दि मैच धनराज मीना रहे।
—

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई का निधन, मुरादाबाद से था गहरा जुड़ाव

*मुरादाबाद से भी था मोहसिना किदवई का गहरा जुड़ाव*
-चुनाव के दौरान कई बार मुरादाबाद में जनसभा में लिया हिस्सा, प्रचार किया

-कांग्रेस नेता के असद मौलाई के पिता पूर्व विधायक स्व राहत मौलाई को श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी हुईं शामिल

Post on 8.4.26
Wednesday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
कांग्रेस की दिग्गज व पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन से कांग्रेसियों में शोक की लहर दौड़ गई। मेरठ समेत कई क्षेत्रों से सांसद रहीं मोहसिना किदवई का मुरादाबाद से भी जुड़ाव रहा। चुनाव प्रचार हो या अन्य कार्यक्रम, सभी में मोहसिना ने हिस्सा लिया। मुरादाबाद से पूर्व विधायक और स्वतंत्रता सेनानी राहत मौलाई को श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वह शामिल हुईं। बुधवार को निधन की खबर से कांग्रेस व संगठनों में श्रद्धांजली अर्पित की।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में अर्से तक प्रमुख चेहरा रहीं बाराबंकी की निवासी मोहसिना किदवई का मुरादाबाद की राजनीति में भले ही सीधा संबंध न हो पर यहां कई बार सियासी व पारिवारिक कार्यक्रमों में जुड़ने से उनका यहां गहरा जुड़ाव रहा। चुनाव प्रचार अभियान में उन्होंने
मुरादाबाद के अलावा कांठ क्षेत्रों में कई बार चुनावी सभाएं कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। चुनाव दौरान कई बार मुरादाबाद में दौरे किए। सन् 1980 में कांग्रेस सांसद रहे हाफिज मोहम्मद सिद्दीक के चुनाव में भी मोहसिना मुरादाबाद आई और चुनावी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां सिद्दीक के अलावा पूर्व विधायक रहे स्व राहत मौलाई परिवार से भी उनका गहरा लगाव रहा। मुरादाबाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष रहे असद मौलाई पुराने दिनों को याद करते हैं। उनका कहना है कि मोहसिना किदवई कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी रहीं। मोहसिना किदवई ने तब पहला लोकसभा आजमगढ़ में उपचुनाव जीता। तब जनता पार्टी की सरकार का गठन हुआ। 1977 में राम नरेश यादव ने सीट से इस्तीफा दिया था। 1978 में खाली सीट पर कांग्रेस से सीट जीतकर पार्टी की साख बचाईं। इसके बाद मेरठ से 1980 व 84 में सांसद बनी। कांग्रेस नेता का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष बनने के दौरान कांग्रेसियों से उनका सीधा जुड़ाव रहा। पिता राहत मौलाई के जन्मदिन पर नगर निगम के सभागार में हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। उनके कार्यक्रम में शिरकत और चुनावी प्रचार की यादें आज भी जेहन में है।

डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड को मिली गति

*

*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को सौंपा भूमि आवंटन पत्र*

*₹562.5 करोड़ के निवेश से बीईएल स्थापित करेगी अत्याधुनिक रक्षा विनिर्माण इकाई, 300 से अधिक नौकरियों की संभावना*

*समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के लिए विख्यात चित्रकूट अब रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में भी बनाएगा सशक्त पहचान*

*लखनऊ, 08 अप्रैल।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में 75 हेक्टेयर भूमि का आवंटन पत्र भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मनोज जैन को सौंपा। यह पहल चित्रकूट डिफेंस नोड के व्यवस्थित एवं चरणबद्ध विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण संस्थागत कदम मानी जा रही है, जो प्रदेश में रक्षा विनिर्माण अवसंरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ बुंदेलखंड क्षेत्र में औद्योगिक आधार के विस्तार को नई गति प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह पहल उत्तर प्रदेश को रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में एक सशक्त और विश्वसनीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र के समग्र आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। मध्य भारत में रणनीतिक रूप से स्थित चित्रकूट नोड अपनी उत्कृष्ट लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी और भौगोलिक अनुकूलता के कारण रक्षा उत्पादन के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बन रहा है, जो आने वाले समय में निवेश, रोजगार सृजन और उच्च-प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक विकास का प्रमुख आधार सिद्ध होगा।

सीएम योगी ने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा लगभग ₹562.5 करोड़ का निवेश करते हुए अत्याधुनिक राडार एवं वायु रक्षा प्रणालियों के निर्माण हेतु एक उन्नत विनिर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। यह पहल न केवल रक्षा क्षेत्र में उच्च-प्रौद्योगिकी आधारित उत्पादन को सुदृढ़ करेगी, बल्कि प्रदेश में औद्योगिक दक्षता और तकनीकी क्षमताओं के विस्तार को भी नई दिशा देगी। इसके परिणामस्वरूप 300 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है, जबकि सहायक एवं संबद्ध क्षेत्रों में अप्रत्यक्ष रूप से व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन से स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में इस उच्च-प्रौद्योगिकी इकाई की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे रोजगार के लिए अन्य क्षेत्रों में पलायन करने की आवश्यकता में उल्लेखनीय कमी आएगी। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन के विकास, अनुसंधान और नवाचार को भी संस्थागत रूप से प्रोत्साहित करेगी, जिससे प्रदेश में आधुनिक औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण को बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को ठोस आधार प्रदान करते हुए रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन क्षमता को निर्णायक रूप से सुदृढ़ करेगी। इसके माध्यम से आयात पर निर्भरता में कमी आएगी और देश में एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं एकीकृत रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण संभव होगा। साथ ही, इस परियोजना से सहायक एवं एमएसएमई आधारित उद्योगों के विकास को गति मिलेगी तथा उन्नत तकनीकी सहयोग, नवाचार और ज्ञान हस्तांतरण के नए अवसर सृजित होंगे, जो प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि चित्रकूट, जो अब तक अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के लिए विख्यात रहा है, अब रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में भी एक नई और सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है। यहां प्रस्तावित यह उन्नत औद्योगिक इकाई न केवल क्षेत्रीय विकास को नई गति देगी, बल्कि प्रदेश के संतुलित, समावेशी और बहुआयामी विकास के संकल्प को ठोस रूप में साकार करने का कार्य करेगी, जिससे पारंपरिक विरासत और आधुनिक औद्योगिक प्रगति के बीच एक सशक्त समन्वय स्थापित होगा।

« Newer Posts — Older Posts »