Web News

www.upwebnews.com

श्री श्याम लाडला परिवार संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने पर भव्य श्याम फाग महोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

March 8, 2026

श्री श्याम लाडला परिवार संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने पर भव्य श्याम फाग महोत्सव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मथुरा। शहर में श्री श्याम लाडला परिवार संस्था के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को भव्य श्याम फाग महोत्सव एवं श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस संकीर्तन में श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और पूरा वातावरण श्याम भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन अग्रवाटिका, मसानी बाईपास लिंक रोड स्थित परिसर में किया गया। सुबह 10 बजे बाबा श्याम का अभिषेक पूजन किया गया, जबकि रात 8 बजे से भव्य श्याम संकीर्तन शुरू हुआ, जो रात्रि लगभग 2 बजे तक चलता रहा। महोत्सव में बाबा श्याम का आकर्षक एवं अलौकिक दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
संस्था के महंत पंडित भवानी गिरी ने बताया कि कार्यक्रम में फाग और भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे श्रद्धालु श्याम भक्ति में डूब गए।
भजन संध्या में दिल्ली से आईं प्रसिद्ध भजन प्रवाहक भावना स्वरांजली ने अपने मधुर भजनों से समा बांध दिया। वहीं नेहा शर्मा, सिद्धांत राज तथा अंकित लवानिया सहित अन्य भजन गायकों ने भी सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे श्याम प्रेमियों ने बाबा श्याम के कीर्तन का आनंद लिया। देर रात तक भक्त भजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में महंत भवानी गिरी के साथ प्रियंक मल्होत्रा, अंकुर गोयल, शिवम गर्ग, अंशुल गोयल, लवकेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, शुभम पिपलिया, मनोज अग्रवाल (धूपबत्ती वाले) तथा उमेश भदौरिया सहित अनेक श्याम भक्त उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित,
मथुरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक बलदेव , मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला सेवायोजन अधिकारी सुगंधा जैन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी उपस्थित लोगों ने देखा।
इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने बाल विकास विभाग की सराहना करते हुए कहा कि विभाग की महिलाएं गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिला रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने कहा कि आज महिलाएं घर और बाहर दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में इसी तरह आगे बढ़ती रहें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती बुद्धि मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अन्य महिलाओं के सशक्तिकरण में सबसे अहम भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित या शोषित महिला की मदद के लिए महिलाओं को सबसे पहले आगे आना चाहिए तथा परिवार की बालिकाओं को जीवन में संतुलन और गरिमा बनाए रखने के लिए शिक्षित करना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी मथुरा ग्रामीण श्रीमती शशि मिश्रा, सुपरवाइजर श्रीमती मनीषा कौशल तथा फरह परियोजना की सुपरवाइजर पूनम कुंतल को पोषण पुनर्वास केंद्र में सर्वाधिक बच्चों को भर्ती कराने के लिए सम्मानित किया गया।
इसके अलावा विभाग में बेहतर कार्य करने वाली चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं—प्रमिला (आंगनबाड़ी केंद्र सुभाष नगर, शहर परियोजना), मीना शर्मा (आंगनबाड़ी केंद्र पलसों, परियोजना गोवर्धन), मुंदरा देवी (आंगनबाड़ी केंद्र नगला काशी, ग्रामीण परियोजना) तथा जयश्री (आंगनबाड़ी केंद्र बरसाना, परियोजना नंदगांव) को भी सम्मानित किया गया। इन सभी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने केंद्रों के लाभार्थियों को राशन का वितरण शत-प्रतिशत एफआरएस (चेहरा प्रमाणीकरण तकनीक) के माध्यम से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग में नवचयनित दो सुपरवाइजर— विमल राज एवं  प्रवेश फौजदार को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी कार्यकर्ताओं और महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा सेवायोजन एवं प्रोबेशन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

जच्चा-बच्चा की मौत पर ब्रज नर्सिंग होम में हंगामा, परिजनों ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

मथुरा। शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र की चौकी बाग बहादुर इलाके में स्थित ब्रज नर्सिंग होम में शुक्रवार को जच्चा-बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
परिजनों के अनुसार गोवर्धन क्षेत्र के गांव पाडल निवासी दीपा (32) पत्नी खेमचंद को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रसव पीड़ा होने पर ब्रज नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिवार का आरोप है कि सुबह से शाम तक डॉक्टरों द्वारा डिलीवरी को सामान्य बताया जाता रहा, लेकिन शाम करीब 6:30 बजे अचानक जच्चा और बच्चे दोनों की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजन भड़क गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
बताया गया है कि दीपा की यह तीसरी डिलीवरी थी। इससे पहले उसके दो बच्चे सामान्य प्रसव से हुए थे। जच्चा-बच्चा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतका का पति खेमचंद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। मां की मौत के बाद दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
इस मामले में अस्पताल के डॉक्टर अवधेश अग्रवाल का कहना है कि परिजन महिला को पहले गोवर्धन के एक निजी अस्पताल लेकर गए थे, जहां बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी। बाद में महिला को गंभीर हालत में ब्रज नर्सिंग होम लाया गया था। अस्पताल में सुबह से उसका उपचार किया जा रहा था और परिजनों को स्थिति की जानकारी दी जाती रही, लेकिन दुर्भाग्यवश महिला को भी नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता रैली का हुआ आयोजन


उप्रससे,अजय बरया

ललितपुर- अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद ललितपुर में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ललितपुर पुलिस द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया । रैली का शुभारम्भ श्रीमान् जिलाधिकारी सत्य प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक, मो0 मुश्ताक द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता तथा त्वरित सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

रैली में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, महिला पुलिसकर्मी, रिक्रुट आरक्षीगण शामिल रहे। रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

यह रैली रिजर्व पुलिस लाइन, ललितपुर से कलेक्ट्रेट चौराहा, तुवन चौराहा, सुमेरा तालाब, शनिचरा चौराहा, घण्टाघर, जेल चौराहा, सदनशाह से होते हुए नगर क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें प्रतिभागियों द्वारा महिला सुरक्षा एवं सम्मान से सम्बन्धित नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया ।

21 महिला प्रधानों को ‘नारीश्री सम्मान 2026’

*‘हर दिन महिला दिवस है 8 मार्च महिला सम्मान दिवस है’ – डॉक्टर बबिता सिंह चौहान अध्यक्ष उत्तर प्रदेश महिला आयोग*

निगोहां (लखनऊ )। सरल केयर फाउंडेशन के द्वारा एमडी ट्रेड लाइन के सहयोग से ‘8 मार्च अंतर्राष्टीय महिला’ दिवस की पूर्व संध्या पर ‘नारीश्री महिला ग्राम प्रधान सम्मान 2026’ उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉक्टर बबिता सिंह के द्वारा लखनऊ की मोहनलाल गंज तहसील की 21 महिला प्रधानों को निगोहां स्थित बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज में सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण में ग्राम प्रधानो की भूमिका’ विषय पर सेमिनार का आयोजन भी किया गया था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान व विशिष्ट अतिथि सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडे रहे।

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉक्टर बबिता सिंह चौहान ने बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज की चेयरपर्सन रीना सिंह और सरल केयर फाउंडेशन की अध्यक्ष रीता सिंह के साथ मिलकर सभी महिला ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति-पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. बबिता सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को अंतिम पंक्ति तक सम्मान दिलाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और गांव की सरकार में महिला प्रधानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जो काम समाज के लिए किया जाता है, वही हमेशा याद किया जाता है। भारत की संस्कृति की पहचान उसके संस्कारों से है और उन संस्कारों को जीवित रखने में महिलाओं की अहम भूमिका होती है। डॉक्टर बबीता सिंह चौहान ने कहा की ‘हर दिन महिलाओं का होता है 8 मार्च महिला सम्मान दिवस के लिए मनाया जाता है’

विशिष्ट अतिथि एसीपी विकास कुमार पांडे ने कहा कि महिलाएं आज नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उन्होंने महिला प्रधानों से गांवों में शिक्षा, सुरक्षा और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्था की अध्यक्ष रीता सिंह ने कहा कि महिला प्रधानों ने गांव के विकास और सामाजिक जागरूकता में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर एमडी ट्रेड लाइन के एमडी मुरलीधर आनंदीलाल शर्मा, बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज के अध्यक्ष आनंद शेखर सिंह, थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी, वाइस चेयरमैन रीना सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शैलेन्द्र सिंह, मोहनलालगंज पत्रकार एसोशिएशन महामंत्री अखिलेश द्विवेदी, संयुक मंत्री अनुपम मिश्रा, समाजसेवी आईपी सिंह, प्रदीप द्विवेदी, प्रधान अभय कांत दीक्षित, नीरज सिंह समेत काफी संख्या में महिला प्रधान व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

महिला ग्राम प्रधान सम्मान :
श्रीमती उर्मिला द्विवेदी, ग्राम अघैया, श्रीमती नीरज ग्राम लालपुर, श्रीमती राजकुमारी ग्राम दखिना, श्रीमती रीना सिंह ग्राम नंदौली, श्रीमती कुसुमलता सोनी ग्राम भगवानपुर, श्रीमती आनंद रानी ग्राम शेरपुर लवल, श्रीमती अनुपम ग्राम बैरीसालपुर, श्रीमती विद्या देवी ग्राम ब्रहमदासपुर, श्रीमती श्यामादेवी ग्राम उदयपुर, कमलेश कुमारी ग्राम टिकरा, श्रीमती निर्मला पाल ग्राम दयालपुर, श्रीमती नीता ग्राम हुलासखेडा, श्रीमती नेहा साहू ग्राम मंगटैइया, श्रीमती दीपिका यादव ग्राम डिघारी, श्रीमती सरिता ग्राम मेंहदौली, श्रीमती प्रियंका ग्राम भीलमपुर, श्रीमती माया ग्राम कुशमौरा, श्रीमती रेनू अवस्थी ग्राम जबरौली, श्रीमती इलमा बानो प्रधान मीरानपुर, श्रीमती गीता प्रधान भदेसुवा और श्रीमती राजवती ग्राम ग्राम परसपुर ठठ्ठा शामिल थी.

« Newer PostsOlder Posts »