Web News

www.upwebnews.com

बर्खास्त शिक्षिका की बड़ी जीत: हाईकोर्ट ने दिया सवेतन बहाली और बकाया भुगतान का आदेश

May 3, 2026

बर्खास्त शिक्षिका की बड़ी जीत: हाईकोर्ट ने दिया सवेतन बहाली और बकाया भुगतान का आदेश

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
03/05/2026

​गोरखपुर : गोरखपुर जनपद के भटहट ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय डुमरी में तैनात सहायक अध्यापिका प्रीति जायसवाल को इलाहाबाद उच्च न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। न्यायालय ने शिक्षिका की सेवा समाप्ति के आदेश को रद्द करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बहाल करने और पूरी अवधि का वेतन देने का निर्देश दिया है।

​जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने 28 जुलाई 2025 को अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर प्रीति जायसवाल की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। इस कार्रवाई को एकपक्षीय और गलत बताते हुए शिक्षिका ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।

​जस्टिस ने मामले की सुनवाई के बाद पाया कि सेवा समाप्ति की प्रक्रिया में विधिक नियमों का पालन नहीं किया गया था और पर्याप्त आधारों का अभाव था।
​दिनांक 20 अप्रैल 2026 के आदेश में कोर्ट ने बर्खास्तगी को निरस्त कर दिया। ​विभाग को निर्देश दिया गया है कि शिक्षिका को तत्काल कार्यभार ग्रहण कराया जाए। ​सेवा समाप्ति की अवधि (जुलाई 2025 से अब तक) का पूरा वेतन भुगतान किया जाए।

​प्रकरण में यह बात भी सामने आई है कि कुछ स्थानीय तत्वों और विभागीय कर्मियों ने कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से शिकायतें कर यह कार्रवाई कराई थी। कार्रवाई के समय जश्न मनाने वाला पक्ष अब बैकफुट पर है। कोर्ट के इस फैसले से विभागीय गलियारों में भी काफी हलचल है।

​पीड़ित शिक्षिका प्रीति जायसवाल ने हाईकोर्ट के आदेश की कॉपी बीएसए गोरखपुर को सौंप दी है और जल्द से जल्द स्कूल में जॉइनिंग की मांग की है। अब सभी की निगाहें विभाग पर टिकी हैं कि कोर्ट के इस आदेश का अनुपालन कितनी तेजी से सुनिश्चित किया जाता है।

महंगे होटलों में रुककर स्टेशन पर चोरी करने वाले 7 शातिर गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
03/05/2026

‘मुकेश’ और ‘बिच्छू’ गैंग का पर्दाफाश, चोरी करने का हाईटेक तरीका जानकर पुलिस भी हैरान

​गोरखपुर। शहर में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के बैग काटकर कीमती सामान उड़ाने वाले दो शातिर गिरोहो ‘मुकेश गैंग’ और ‘बिच्छू गैंग’ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ये गैंग व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए अपनी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इस मामले में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
​पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में चोरी करने के जो तरीके बताए, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। यह गिरोह किसी प्रोफेशनल कंपनी की तरह काम करता था।
​गैंग के सदस्य शहर के अलग-अलग होटलों में रुकते थे ताकि किसी को शक न हो।
गिरोह का सरगना हर सुबह 3:30 बजे सभी सदस्यों को व्हाट्सएप कॉल कर जगाता था। सुबह 4:30 बजे गैंग लीडर व्हाट्सएप वीडियो कॉल करता था और सदस्यों को बताता था कि किस रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर पहुंचना है। स्टेशन पर पहुंचते ही लीडर किसी खास यात्री (पैसेंजर) को चिन्हित करता था। सभी सदस्य मदद के बहाने यात्री को घेर लेते थे और मौका मिलते ही ब्लेड से बैग काटकर जेवरात और नकदी पार कर देते थे।
​गिरफ्तार आरोपीयो का विवरण
​पुलिस द्वारा पकड़े गए 7 आरोपियों में से अधिकांश पेशेवर अपराधी हैं जो फिरोजाबाद जिला: 6 आरोपी (विभिन्न थाना क्षेत्रों से)
​हाथरस जिला: 1 आरोपी
​यह गैंग बेहद शातिर तरीके से तकनीक का इस्तेमाल कर रहा था। इनके पास से चोरी के जेवरात और अन्य सामान बरामद हुए हैं। इनकी गिरफ्तारी से शहर के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी।

बंगाल में सनातनी सरकार के लिए गोरखपुर में ‘विजय हवन

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
03/05/2026

हिंदू सुरक्षा सेवा संघ ने माँ काली से की प्रार्थना
​गोरखपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले आज गोरखपुर में सनातनी सरकार की कामना के साथ धार्मिक अनुष्ठान किया गया। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ की महानगर इकाई ने गोलघर स्थित काली मंदिर में ‘सनातन विजय हवन’ का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां देकर बंगाल में ‘भगवा सरकार’ बनने की प्रार्थना की।
​ जितेंद्र वर्मा ‘पल्लू’
​कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्रदेश प्रभारी जिेंद्र वर्मा पल्लू (एडवोकेट) ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ दशक से बंगाल की धरती पर सनातनियों के खिलाफ अत्याचार और जुल्म का माहौल बनाया गया है। इस बार के चुनाव परिणाम ममता बनर्जी के ‘सनातन विरोधी’ शासन को माकूल जवाब देंगे। ​बंगाल की पहचान स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और माँ जगत जननी काली की पूजा से है। हम चाहते हैं कि वह गौरवमयी पहचान फिर से स्थापित हो।

​गुंडाराज के खात्मे की कामना
​हवन के माध्यम से संघ के कार्यकर्ताओं ने मां काली के समक्ष यह संकल्प दोहराया कि बंगाल की धरती से अराजक तत्वों और गुंडों का सफाया हो, ताकि वहां रहने वाले हिंदू सुरक्षित महसूस कर सकें। कार्यकर्ताओं का विश्वास है कि कल आने वाले चुनाव परिणाम राज्य में पूर्ण बहुमत की सनातनी सरकार का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

​इस विजय हवन कार्यक्रम में मुख्य रूप से ​आकाश यादव, आलोक गोस्वामी, श्री प्रकाश पांडे,​उमेष वर्मा, सुधीर यादव, सुनील गुप्ता,​अजय गुप्ता, विपुल कुमार और अन्य दर्जनों सदस्य उपस्थित रहे।

कार से उतर रहे युवक को मारी गोली, हालत नाजुक

एटा 03 मई उप्रससे। जनपद के जैथरा थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। परौली गांव के समीप कार से लघुशंका के लिए उतरे एक युवक को अज्ञात हमलावर ने पेट मे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले एटा मेडिकल कॉलेज भेजा। हालत नाजुक देख आगरा रेफर कर दिया है।

घटना उस समय हुई जब जैथरा निवासी निशांत गुप्ता अपने भाइयों के साथ कार से घर लौट रहा था। परौली गांव के पास वह लघुशंका के लिए कार से नीचे उतरा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने निशांत को गोली मार दी। पेट में गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। जिसकी सूचना पुलिस को दी, सूचना मिलते ही जैथरा थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। गंभीर हालत में निशांत को वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।

जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

सीओ राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। सभी संभावित एंगल पर जांच कर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

एटा में दीवार गिरने से मां-बेटी मलबे में दबीं

Posted on 03.05.2026 Time 08.58 PM Sunday, Etah News

एटा 03 मई 2026,  (उप्रससे)। जनपद के नगला गोकुल गांव में रविवार को अचानक एक प्लॉट की 16 फुट ऊंची दीवार और टीन शेड गिर गया। इस हादसे में भैंस खोलने गईं मां-बेटी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दो भैंसों को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य कर मां-बेटी को बाहर निकाला।

नगला गोकुल निवासी विनीता (36) और उनकी 14 वर्षीय बेटी वर्षा रविवार को घर के पास स्थित प्लॉट पर बंधी भैंसों को खोलने गई थीं। इसी दौरान दीवार और टीन शेड गिर गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ छड की मशक्कत के बाद मां-बेटी को मलबे से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने बताया कि विनीता के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, साथ ही उनके हाथ और सिर में भी चोटें आई हैं। बेटी वर्षा के सीधे पैर में फ्रैक्चर है। दोनों की हालत चिकित्सकों की निगरानी में स्थिर बनी हुई है। हादसे में घायल हुई दोनों भैंसों का भी परिजनों द्वारा उपचार कराया जा रहा है।

« Newer PostsOlder Posts »