Web News

www.upwebnews.com

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

June 18, 2026

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

Posted on 17.06.2026 Mathura Vrandavan News
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर किया शुभारंभ, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र, टूलकिट और चेक
मथुरा। केंद्र सरकार के जनसेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए सरकार ने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया है।
प्रदर्शनी में बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, महिला कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुलिस विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूह, एक जनपद-एक उत्पाद तथा एक जिला-एक व्यंजन सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।
मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और एक जिला-एक व्यंजन के अंतर्गत प्रस्तुत व्यंजनों का स्वाद भी लिया। साथ ही जैविक खेती एवं ऑर्गेनिक उत्पादों की जानकारी लेकर किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र, टूलकिट एवं चेक वितरित किए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सपेरा वर्ग की महिलाओं को आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और टूलकिट प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को भी योजना संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
एलईडी प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की दो एलईडी प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे और लोगों को जागरूक बनाएंगे।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

June 16, 2026

नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना से पशुपालकों को मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान

Posted on 16.06.2026 Time 10.33 PM Mathura Vrandavan
मथुरा। प्रदेश सरकार द्वारा गोवंशीय पशुओं में नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से “नन्द बाबा दुग्ध मिशन” के अंतर्गत “नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना” संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य उच्च उत्पादन क्षमता वाले गोवंश का संवर्धन, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी का स्थानीय निवासी होना, आधार एवं पहचान पत्र होना तथा गोपालन अथवा महिषपालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। इकाई स्थापना के लिए लगभग आधा एकड़ भूमि तथा चारा उत्पादन हेतु लगभग 1.5 एकड़ भूमि स्वयं की, पैतृक साझेदारी अथवा न्यूनतम सात वर्ष के अनुबंध पर होना अनिवार्य है।
योजना के तहत स्वदेशी नस्लों साहीवाल, थारपारकर, गिर अथवा गंगातीरी नस्ल के 25 गोवंशों की इकाई स्थापित की जाएगी। योजना की कुल लागत साहीवाल, थारपारकर एवं गिर नस्ल के लिए 62.50 लाख रुपये तथा गंगातीरी नस्ल (20+05 इकाई) के लिए 61 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।
गोवंश का क्रय प्रदेश के बाहर चयनित नस्लों के ब्रीडिंग ट्रैक्ट से कराया जाएगा, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। इच्छुक पशुपालक नन्द बाबा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.nandbaba.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
पशुपालन विभाग ने पात्र पशुपालकों से योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने और आधुनिक दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की है।

June 14, 2026

दाह संस्कार से लौटते समय यमुना में डूबा युवक, दूसरे दिन भी नहीं मिला शव

Posted on 14.06.2026 Time 09.39 PM Mathura Vrandavan
मथुरा, 14 जून 2026, गोकुल बैराज पर दाह संस्कार से लौटने के दौरान एक युवक यमुना नदी में डूब गया। घटना के बाद से प्रशासन और राहत दल युवक की तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अडूकी निवासी उमेश कुमार (38 वर्ष) पुत्र  हरिओम अपनी चचेरी बहन के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए गोकुल बैराज गया था। बताया गया है कि दाह संस्कार के बाद वह यमुना किनारे हाथ धो रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर रात तक और अगले दिन भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खोज अभियान तेज करने और जल्द से जल्द युवक का शव बरामद करने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों एवं संबंधित टीमों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।

June 13, 2026

समस्या भी हमारी, समाधान भी हमारा, विकास का संकल्प पूरे गांव का

ग्राम पंचायत पटलौनी में रात्रि जनसंवाद एवं ग्राम चौपाल का आयोजन
मथुरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को विकास खण्ड बलदेव के ग्राम पंचायत पटलौनी में रात्रि जनसंवाद एवं ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा गांव की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बलदेव विधानसभा विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत पटलौनी के प्रधान लाखन सिंह ने सभी अतिथियों का पटुका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
मुख्य अतिथि पंकज प्रकाश ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के विकास में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ लेने की अपील की। महावन तहसीलदार ने भी सरकारी योजनाओं एवं राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गुंजन, आशा कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विजेंद्र सिंह सिसोदिया तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक किया।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने बलदेव से फतेहपुर सड़क मार्ग चौड़ीकरण,शिक्षा, ग्राम में सफाई कर्मियों की लापवाही,पेयजल, स्वच्छता, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि गांव के समग्र विकास के लिए प्रशासन और ग्रामीणों का संयुक्त प्रयास आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन “समस्या भी हमारी, समाधान भी हमारा, विकास का संकल्प पूरे गांव का” के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्रामीणों ने अपने गांव को स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस दौरान ग्राम सचिव, कौशल किशोर, प्रवीण यादव, चिंटू चौधरी, एडीओ पंचायत मुकेश कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

June 7, 2026

श्रीमद्भागवत कथा में पाप-पुण्य और भक्ति का महत्व बताया

बलदेव। श्री दाऊजी कोल्ड स्टोरेज पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन  भागवत प्रवक्ता कपिलदेवाचार्य  ने श्रद्धालुओं को पाप-पुण्य और भक्ति का महत्व बताया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मनुष्य द्वारा किए गए पाप और पुण्य का फल उसे इसी जीवन में प्राप्त होता है। व्यक्ति अपने कर्मों के माध्यम से ही सुख और दुख का अनुभव करता है। उन्होंने कहा कि संसार में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य जीवन की तीन महत्वपूर्ण त्रिवेणी हैं, जिनसे सीख लेकर मनुष्य को आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने राजा परीक्षित का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जिस प्रकार उन्हें सात दिन में मृत्यु लोक जाने का श्राप मिला था, उसी प्रकार मनुष्य के कर्मों का हिसाब भी परमात्मा द्वारा इसी युग में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की भक्ति ही मनुष्य को पापों से मुक्ति दिलाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
इस अवसर पर परीक्षित यतेंद्र पांडेय, रंजना शर्मा, श्री राधा कृष्ण सेवा मंडल के अध्यक्ष राकेश गोयल, अनीता गोयल,तुषार गोयल,नारायण गोयल, सुजीत वर्मा, जगदीश पाठक,शिव कुमार,दीपक सोनी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »